युवा कवयित्री। विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएं प्रकाशित।

 

प्रेम ईश्वर का दूसरा रूप है

प्रेम
एक धुंधला आईना
जिसमें ईश्वर झांकता है चुपचाप
यहां शब्द नहीं होते
सिर्फ धड़कनों का स्पंदन है
प्रेम एक ऐसी खिड़की
जहां से ईश्वर झांककर जोहता है-
तुम्हारी बाट
जब तुम
अपने स्वार्थ के घोंसले से बाहर निकलते हो
ईश्वर पास आकर बैठ जाता है
तुम्हारे कांपते हाथों को थामकर
वह कहता है-
‘मैं यहीं था, तुम्हारे प्रेम में’
प्रेम ईश्वर का दूसरा रूप है
जो दरवाजा खटखटाता नहीं
बस दीवारों के पार सुनाई देता है
सांसों के संगीत में।

विदा

विदा के समय
विदा करते हुए
कहां हो पाते हैं
ठीक-ठीक विदा!
नदी
पठार
पर्वत
शहर
मैं और तुम-
रह ही जाता है भीतर कुछ
बहता हुआ-सा
भावनाओं में जमी बर्फ-सा
स्मृतियों में तटस्थ
अपनी गति में गतिमान
आत्मा में हँसी की खनक के
खालिस निशान छोड़ता हुआ।

संपर्क: 1035 शिवाजीनगर, महामाया मंदिर के पास, पिलखुवा-245304, जिला : हापुड़, उत्तर प्रदेश मो. 8057159554