
कवि, गीतकार और सांस्कृतिक कर्मी।

औरत तब तक अस्वस्थ नहीं होती
औरत तब तक अस्वस्थ नहीं होती
जब तक सुबह की चाय,
बच्चों को स्कूल का टिफिन
दे सकती है
औरत तब तक अस्वस्थ नहीं होती
जब तक ले सकती है
धोबी से कपड़े
दूध वाले से दूध
और करवा सकती है-
कामवाली से काम
और वह तब भी अस्वस्थ नहीं हो सकती
जब समय से जगाए न जाने के कारण
छूट जाता है बच्चों का स्कूल!
चार-छह दिन
लक्षण बताते-बताते बीत जाते हैं
एक दिन नहीं मिलती सुबह की चाय
पति भारी मन से पूछता है-
क्या ठीक नहीं हुई तबियत?
दूसरे दिन लंच भी नहीं बनता
शाम को ऑफिस से लौटने पर
चाय-नाश्ता भी कहां मिलता है
बच्चे
भूख लगी है-
पापा को बताते हैं
तब कोई अस्वस्थ-सी औरत
बिस्तर पर लेटी होती है
उसके पास जाकर
एक पुरुष प्रश्न करता है-
डॉक्टर को क्यों नहीं दिखा लेती?
तन के साथ-साथ तब औरत की आत्मा भी
बुखार से तपने लगती है
पीहर से फोन आता है
पड़ोसन घंटी बजाकर औरत को पूछती है
पहली बार
‘औरत की तबीयत कुछ खराब’ होती है
सहकर्मी पति पड़ोसन
पीहर के लोग लोकल रिश्तेदार
आते हैं घर
औरत का हाल-चाल पूछने
वह औरत तब तक
पूरी तरह अस्वस्थ हो चुकी होती है
और एक पुरुष
और एक पति पूछता है तब फोन पर
किसी डॉक्टर का नाम
किसी क्लीनिक का पता
और फीस का विवरण
आज वह औरत
सचमुच अस्वस्थ हो चुकी है
जो आठ दिन पहले
नहीं भी हो सकती थी!
संपर्क :1/82 विक्रांत खंड, गोमतीनगर, लखनऊ-226010 मो.9935119848
