वरिष्ठ कथाकार।। ‘गली आबाद है’, ‘हांडी भरी यातना’ (कहानी संग्रह), ‘अंगूठे पर वसीयत’ (उपन्यास), ‘वीरान होता शहर’, ‘अनाम के प्रति एक शोक गीत’ (कविता संग्रह)।‘कथा समवेत’ पत्रिका का संपादन।

 

रघुआ की उमर पचास के ऊपर हो गई है पर अभी तक उसने रेलगाड़ी का सफर कौन कहे, दूर से भी उसे नहीं देखा है। मुख्य मार्ग से बीस-बाइस किलोमीटर दूर कच्ची पगडंडी एवं मेड़ों के सहारे जंगलों से गुजर कर ही उस गांव में पहुंचा जा सकता है। एक बड़ी-सी तालाबनुमा झील जिसमें जलकुंभी के पौधे तैरते रहते हैं और उनकी जड़ें पानी में इस कदर फैली-जकड़ी होती हैं कि अचानक गिरे जानवर-आदमी को उठकर बाहर निकल पाना बहुत मुश्किल ही होता है। इसी तालाब के चारों तरफ सघन बंसवरिया है और इस बांस की कोठ में कई-कई प्रजाति के पक्षियों की भरमार है। कुछ दूरी पर थोड़ा समतल, कुछ-कुछ ऊंचा मैदान है जहां दस-पांच पेड़ों की बेतरतीब बाग है और उसी में छोटे-छोटे कच्चे मिट्टी के, बांस के सहारे पड़े छप्परों के 15-20 मकान हुआ करते थे पर अब कई-कई परिवारों में बढ़ती आबादी के कारण 10-05 झोपड़ियों की संख्या और बढ़ गई है…।

यह बस्ती कांछी, पासी और मुसहर जातियों की है, इनमें से किसी को यह प्रामाणिक तौर पर पता नहीं है कि इनके परिवार (पूर्वज) का कौन-सा व्यक्ति कब आकर यहां बसा। इनकी आर्थिक व सामाजिक स्थिति बद से बदतर है। तालाब में मछली पकड़ना, लकड़ियां बीनना-काटना, अगल-बगल की जमीन पर कुछ खाने लायक चीजें उगा लेना, कुछ भेंड़, बकरी व मुर्गियां पालना और महीने में दो बार हाट-बाजार से इन्हें बेच कर कुछ अन्य खाने व जरूरी चीजों की व्यवस्था कर लेना… इनकी जीवन दिनचर्या में शामिल है। इनके बच्चे नंग-धड़ंग रहते और कबड्डी, सुर्र, कुश्ती, तैराकी, कूद-दौड़ में माहिर होते हैं…।

बिजली, सड़क, पानी की कौन कहे, इनके पास इस समाज में रहने जैसा कोई प्रमाण-पत्र भी नहीं था कुछ साल पहले…। अगर रघुआ के पिता या बाबा को इस डीह पर बसने वाला पहला व्यक्ति मान लिया जाए तो यह अनुमान लगाना मुश्किल नहीं होगा कि आजादी मिलने के लगभग पच्चीस-तीस साल पहले से आजादी मिलने के 65-70 साल बाद का समय यूं ही बीतता चला गया और ये लोग समाज के विधिक सदस्य के रूप में अपना कोई पहचान पत्र तक नहीं बनवा पाए… सिवाय इसके कि राम सजीवन पुरोहित की थीसिस में डीह छतरपुर नाम से दर्ज है इनका ठांव…। इनकी सामाजिक व आर्थिक जीवन की तंगहाली किसी नक्शे में बने बिंदु की तरह ठप्प व निर्जीव-सी पसरी है…। राम सजीवन पुरोहित जनपद के ग्रामीण अंचलों के समाजशास्त्रीय अध्ययन के दौरान ‘विभिन्न जातियों का देश के आर्थिक विकास में योगदान’ विषयक अध्ययन के क्रम में इस गांव तक किसी तरह पहुंचे थे जरूर, पर इस डर से जल्दी वापस हो गए थे कि यदि दिन ढल गया तो वे कहां जाएंगे… न कोई राह… न कोई ठिकाना… अधूरी यात्रा छोड़कर वे जल्दी-जल्दी साइकिल पर पैर मारते हुए किसी तरह मुख्य सड़क पर आ पहुंचे थे, तब जान में जान आई थी…।

थीसिस पूरी करने के अंतिम चरण में पहुंचते-पहुंचते राम सजीवन पुरोहित को न जाने क्यों अचानक इस गांव की याद आ गई थी। फिर एक दिन उन्होंने कंधे पर थैला टांग लिया, साइकिल उठाई, टेंपो पर लादा और मुख्य मार्ग पर जा उतरे…। इस गांव को जाने वाली पगडंडी की ओर पैडल मारते कुछ दूर आगे बढ़े किंतु रुकना पड़ा… पगडंडी पानी के बहाव में कट गई थी और अभी भी पानी गांठ भर तो रहा ही होगा…। वे सोच में डूब गए कि उधर से 4-6 नंग-धड़ंग लड़कों का जत्था आता दिखा। वे बच्चे एक छलांग में कूद कर इधर आ गए… पुरोहित ने सोचा क्यों न इन लड़कों की मदद ले ली जाए..।

‘बच्चो, तुम लोग डीह छतरपुर गांव के ही हो न?’

बच्चों ने सर हिला दिया…। राम सजीवन उनके भाव को समझ गए। फिर बच्चों से उस पार जाने की इच्छा जताई…। बच्चों ने तत्काल उनकी साइकिल तिनके की तरह कंधे पर उठा कर उस पार पहुंचा दिया… पर राम सजीवन की समस्या ज्यों की त्यों बनी रही… वे पार कैसे जाएं? जूते से लेकर कपड़े तक तो सब कुछ भीग जाएगा…। थोड़ी देर तक वे इसी सोच में डूबे रहे, फिर क्या था, अचानक उन बच्चों ने राम सजीवन पुरोहित को उठा लिया… किसी ने पैर थामा, किसी ने हाथ तो किसी ने धड़… और अगले क्षण वे कटान के उस पार खड़े थे। उनका शरीर, कपड़ा न कहीं भीगा, न कहीं कीचड़ लगा उन्हें। उनके चेहरे पर बच्चों के प्रति कृतज्ञता का भाव पैदा हो आया। जब सभी बच्चे खिलखिला कर हँस पड़े तो वे झेंप गए और अपने झोले से टॉफी-बिस्कुट आदि निकालकर उन सबकी तरफ देखा।

‘लो बच्चों इसे खा लो… मैं तो तुम्हारे गांव ही जा रहा था… वापसी में फिर तुम्हारी जरूरत पड़ेगी… तुम सब यहीं आ जाना…।’ कहते हुए राम सजीवन ने खाने की चीजों को उनकी तरफ बढ़ा दिया।

‘हूँ ऽ ऽ…’ कहकर सभी बच्चे एक साथ खिलखिला कर हँस पड़े…। मानों उन्हें अपनी ताकत का अहसास हुआ हो।

राम सजीवन पुरोहित ने अपनी साइकिल उठाई और चल पड़े…। धीरे-धीरे वे बंसवरिया के नजदीक पहुंचे तो उन्हें पत्तियों और बांसों के बीच तेज सरसराहट महसूस हुई…। एक क्षण के लिए उन्होंने साइकिल रोक दी, चारों तरफ नजर दौड़ाई। देखकर वे स्तब्ध रह गए… एक मोटा-सा अजगर बांस की कोठ में घुस रहा था… वे सहम गए…। डर से उनका शरीर कांपने लगा, हालांकि वे उससे काफी दूर थे पर सांप का डर तो इतना खौफनाक होता ही है कि काटे जहर से कम डर की वजह से ज्यादा लोग मर जाते हैं…।

दस-बीस मिनट में वह द़ृश्य उनकी आंखों से ओझल हो गया। वे वर्तमान में लौटे…। साइकिल उठाई और फिर पैडल पर पैर दाब दिया…। गांव के अंदर घुसे तो ग्यारह से ऊपर बज रहे थे। कुछ लोग अपनी मड़ही में लेटे-बैठे थे तो कुछ औरतें एक-दूसरे के सामने बैठी जुआं बीन रही थीं। उनके कपड़े अस्त-व्यस्त थे या यूं कहिए कपड़े अपनी मूल पहचान ही खो चुके थे और एक नया रूप-आकार ग्रहण कर चुके थे। एक कच्चे मकान के सामने उन्होंने साइकिल खड़ी की। इधर-उधर ताका… इस उम्मीद से कि कोई उनसे कुछ सवाल करेगा…। औरतों ने कोई ध्यान नहीं दिया। कुछ बच्चे जरूर उनके इर्द-गिर्द आ खड़े हुए…। राम सजीवन ने उनके दादा व पिता के बारे में पूछा तो सबने एक स्वर से सामने मड़ही में लेटे एक शख्स की ओर उंगली उठा दी…। राम सजीवन ने बच्चों से पूछा…

‘क्या वे सो रहे हैं…।’

‘हूँ ऽ ऽ’ में जवाब आया।

‘फिर तो उन्हें उठाओ जाकर…।’ राम सजीवन ने बच्चों से इशारा किया।

‘हूँ ऽ ऽ…’ बच्चों ने हामी भरी और दौड़कर उधर पहुंचें और झकझोर कर लेटे शख्स को उठा दिया।

झिंलगी चारपाई पर लेटे-लेटे उस शख्स ने राम सजीवन पर निगाह डाली। आंखें मींजीं फिर उठकर उन्हें अपने पास आने का इशारा किया… राम सजीवन उधर गए, उनकी इच्छा के अनुसार चारपाई पर संभालकर बैठ गए… एकदम किनारे सरक कर बैठे ताकि गिरे न… अन्यथा अंदर की ओर सरक कर गिर गए तो उठना भी मुश्किल हो जाएगा…। राम सजीवन ने उनकी तरफ इशारा किया और उनका नाम पूछ लिया।

‘क्या नाम है दादा जी आपका…?’

‘रघुआ…ऽ ऽ ऽ…’ कहता हुआ वह अंदर झोपड़े में गया और एक मुड़ी-तुड़ी छोटी-सी किताब लाकर उनके हाथ में थमा दिया। यह राशन कार्ड था जो पिछले दो साल पहले उसे मिला था…। यह इस गांव में पहुंचने वाली विकास की पहली किरण थी। पर उसके लिए यह महज एक कागज भर था… दो वर्षों में पानी-बरसात में लाख बचाव के बाद भी यह किताब भीगी थी और राम सजीवन को, बड़ी मशक्कत करने के बाद उसके अक्षर पढ़ने में आ रहे थे।

हुआ यह था कि पिछले पंचायत चुनाव के आने के पहले एकाध लोगों ने इधर निगाह डाली थी और चार-पांच घरों के मुखिया का राशनकार्ड बनवाया था, पर उनमें से दो-एक को ही मिल पाया था बाकी कहां गुम हो गया पता नहीं…।

राम सजीवन ने गौर से देखा…। उसमें तीन सदस्यों का नाम अंकित था। रघुआ, उसकी पत्नी भुखिया और बेटी शनीचरी…। पूछने पर पता चला यह उनका असली नाम नहीं है। वह तो गांव में ‘कक्कू’ के नाम से जाना जाता है, उसकी पत्नी ‘बड़की’ तथा लड़की ‘बच्ची’ के नाम से ही पुकारी जाती है। राम सजीवन पुरोहित ने जब कार्ड में अंकित नाम उनको बताया तो वह असमंजस में पड़ गया।

‘जौन बाबू जेकय मन कही सो कहि दीन… हमरा का काव पता बाटै…।’

उसकी इस शिकायत में कहीं भी न रोष का भाव था और न ही किसी तरह का अपराध बोध ही…।

‘और कितनों का कार्ड बन गया है अभी तक? क्या इससे कुछ राशन-पानी मिला है कभी?’ राम सजीवन की जिज्ञासा बढ़ रही थी।

उसने मूड़ी हिला कर ‘ना’ में जवाब दे दिया। पुरोहित के लिए इस गांव और इन वाशिंदों के बारे में कुछ भी जान पाना बड़ा मुश्किल लग रहा था। फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी… उन्हें लग रहा था कि गांव को अगर छोड़ दिया गया तो यह गैर-जिम्मेदार हरकत ही होगी। इन्हें आखिर रहने लायक, जीवन जीने लायक परिस्थितियां अभी तक क्यों नहीं मिल पाईं? इनका क्या दोष है इसमें…? फिर उन्होंने उन सबके रहने, खाने, काम करने आदि के बारे में कई एक जानकारियां हासिल कीं… बच्चों के साथ बैठकर उनका खेल देखा, उनके नाच-गाने देखे-सुने, औरतों की पीड़ामय जिंदगी में भी उनके चेहरों पर मुस्कराहट ही देखी…। वे सब ताकतवर थे, मेहनती लग रहे थे, बच्चे बहुत कुछ कर जाने के उत्साह से भरे थे, पर उनके पास कोई काम नहीं था। कोई राह नहीं थी। उनके श्रम का कोई इस्तेमाल नहीं था। देश के विकास में लग सकने वाला यह अकूत श्रम धीरे-धीरे निष्क्रिय हो रहा था। छीज रहा था। पर वे क्या कर सकते थे। वे दोपहर ढलते-ढलते चल पड़े और कटान पार कर वापस आ गए, पर घर तक का सफर उनके लिए काफी भारी बन गया था।

रात में उन्हें जल्दी नींद नहीं आई। वह गांव उनकी आंखों में बार-बार तैर जाता। रघुआ, भुखिया… शनीचरी… आखिर यह नाम किसने दिया? यही नाम क्यों मिला लोगों को? लेखपाल ने, पंचायत चुनाव लड़ने वालों ने या फिर कोटेदारों ने, जिसने इन कार्डों के आधार पर राशन आदि की ब्लैकमेलिंग की होगी? इस तरह के धंधे से वाकिफ हैं राम सजीवन पुरोहित। उनके चचेरे भाई की कोटे की दुकान है, जाने कितने फर्जी कार्डों पर गल्ले का ब्लैक होता है। चीनी, किरोसिन, अनाज आदि घर आने के बजाए सीधे बाजार के हवाले हो जाता है। सप्लाई दफ्तर में बाबू से लेकर अधिकारी तक की मिली भगत से कोटेदारों की चांदी रहती है, जिनको राशन, तेल मिलता भी है उसमें घटतौली होनी ही होती है। यानी गरीबों की जेब पर सरेआम डकैती होती है और कोई कुछ नहीं कर पाता है।

राम सजीवन पुरोहित ने करवट बदली। वे अपनी सोच को दूसरी तरफ ले जाना चाहते थे पर अचानक शनीचरी बीच में आ खड़ी हुई। उन्होंने तो उसे देखा तक नहीं। वह गांव में तो रहती भी नहीं। उस दिन उसके बाबू रघुआ ने बताया था कि बच्ची अपने मौसा के पास शहर में रहकर किन्हीं साहब के घर चौका-बरतन करती है।

‘कितनी बड़ी होगी?’ के उत्तर में रघुआ ने कुछ-कुछ अनुमान लगाते हुए दोनों हाथ की अंगुलियों की गिनती में तीन उंगुली और जोड़ दी थी। यानी 13-14 साल की होगी शायद। राम सजीवन ने अनुमान लगाया था। राम सजीवन की बेचैनी बढ़ गई। उनके दिमाग में शनीचरी की एक छवि आकार लेने लगी। उन्हें लगा इसका नाम शनीचरी क्यों…?

‘सन्नों क्यों नहीं?’ फिर रघुआ याद आया।  ‘रघुनंदन दास’ यही नाम ठीक रहेगा न? और भुखिया… यह भी कोई नाम हुआ? राम सजीवन की खीझ बढ़ गई। ‘इसका नाम मुनिया ठीक रहेगा।’

राम सजीवन पुरोहित ने अपनी थीसिस में इस गांव के मुखिया परिवार का संशोधित नाम लिख लिया। उनके दिमाग में आया कि अब इसी नाम से इनका राशन-कार्ड, पहचान-पत्र बनेगा तो अच्छा रहेगा। ‘पर क्या नाम बदल जाने से उनकी जीवन स्थितियां बदल जाएंगी?’ यह प्रश्न अब भी राम सजीवन के सामने सीना तान कर खड़ा है। इक्कीसवीं सदी में भी विकास की गंगा बहाने वाले नेताओं की ओर से दो-चार छींटें भी नहीं पड़ी हैं इस गांव के ऊपर। तब फिर इन लोगों का क्या योगदान हो सकता है समाज के आर्थिक-सामाजिक विकास में? आखिर इनके श्रम का उपयोग तो कभी हुआ ही नहीं। राम सजीवन पुरोहित के दिमाग में इस तरह के जाने कितने गांवों का नक्शा बनने-बिगड़ने लगा। आजादी के पहले की बात जाने दीजिए, आजादी के बाद तो कम से कम इन्हें जीवन जीने लायक बनाया ही जा सकता था, पर कहां कौन जिम्मेदार है इसका? नेता, अफसर, बिचौलिए, ठेकेदार… कौन हैं वे लोग जिन्होंने इनके हकों पर डाका डाला है? इन्हें कुछ ज्यादा चाहिए भी नहीं शायद! ये अपने श्रम से शाम की रोटी का जुगाड़ करना चाहते हैं पर वह भी नसीब नहीं। इनके बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी सहायता की बात जाने दीजिए बच्चों के, औरतों के पास तन ढकने लायक वस्त्र तक नहीं हैं। और एक दूसरी दुनिया विज्ञान और तकनीकी विकास की चमकदार चीजों से भरी पड़ी है। जिस रघुआ ने अपनी पचास से ऊपर की उमर में अभी तक रेलगाड़ी नहीं देखी है उसके लिए मोबाइल, स्मार्टफोन, इंटरनेट, लग्जरी सुविधाएं, अत्याधुनिक सुविधाओं से अटे-पड़े फाइव स्टार होटलों, बड़ी-बड़ी बिल्डिंगों, जहाज, मेट्रो तो स्वप्न में भी आने में हिचकते होंगे।

राम सजीवन की अकुलाहट बढ़ने लगती है। उनके लिए कुछ तो किया ही जाना चाहिए… क्या? कैसे? यह प्रश्न यक्ष प्रश्न की तरह विराट रूप में उनके सामने उपस्थित है।

सुबह होते ही सबसे पहले उन्होंने एक अप्लीकेशन तैयार की जिलाधिकारी के नाम, फिर उसकी प्रतिलिपि प्रमुख सचिव से लेकर जिले के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत अधिकारी तक के नाम प्रेषित कर दी। डी.एम. से मुलाकात कर उसकी अग्रिम प्रति उन्हें सौंप दी। डी.एम. साहब के आश्वासन के बाद भी उन्हें चैन नहीं आया। उन्हें लगा कि इस तरह की शिकायतें तो रोज हुआ ही करती हैं। डी.एम. अपने निचले अधिकारियों को आवश्यक जांच का जिम्मा सौंप कर चुप बैठ जाएंगे। तब वे सीधे वहां से निकलकर अखबार के दफ्तर पहुंच गए।

‘अखबार में खबर छप गई तो इसका प्रभाव होगा और शासन-प्रशासन की निगाह में बात आ जाएगी…’ उन्होंने सोचा।

अखबार के दफ्तर में सन्नाटा छाया था। दिन के 12 बज रहे थे और एक आदमी, जो तखत पर लेटा था, के अलावा वहां कोई नहीं था। उसी ने बताया कि चार बजे के पहले यहां कोई नहीं मिलेगा। हां, कोई खबर हो तो दे सकते हैं। यह ‘सच्चा आइना’ का दफ्तर था। राम सजीवन ने सोचा, क्यों न इसकी एक कॉपी इन्हें दे दी जाए, पर वे वहां से निकलकर ‘नया प्रभात’ कार्यालय पहुंचे, पर वहां भी उसी तरह का माहौल था। हां, एक सज्जन कंप्यूटर पर कुछ टाइप कर रहे थे। राम सजीवन ने उनकी तरफ देखा और पूछ बैठे-

‘ब्यूरो चीफ कहां मिलेंगे?’ प्रश्न सुनकर उन सज्जन ने टाइपिंग रोककर राम सजीवन को गौर से देखा।

‘हां, तो क्या काम है ब्यूरो चीफ से?’ उनका लहजा कुछ-कुछ व्यंग्यात्मक था।

‘बस उन्हीं से मिलना था।’ राम सजीवन ने बगल पड़ी कुर्सी पर बैठने की कोशिश करते हुए कहा।

‘तो भाई यहां बैठ कर क्या करोगे… वे तो चार बजे के पहले कहां आएंगे। चाहो तो तब तक बैठे रहो वरना आप को जो काम कराना हो बताओ?’

‘समस्याओं भरा एक आवेदन जो डी.एम. के नाम है, को आपके अखबार के माध्यम से जनता के बीच लाना चाहता हूँ ताकि यह समस्या सार्वजनिक हो जाए और अधिकारियों, नेताओं की नजर पड़े उसपर। एक बस्ती जो अंधेरे में डूबी हुई है, रोशनी की एक किरण वहां तक भी पहुंचे।’

‘और साथ-साथ आप भी चर्चा में आ जाएं! वैसे आपका नाम क्या है और करते क्या हैं भाई साब?’ कनखियों से देखते हुए उन सज्जन ने पूछ ही लिया।

‘राम सजीवन पुरोहित… यही नाम है मेरा। एम.ए. करने के बाद मैं ग्रामीण-जन समस्याओं पर शोध कर रहा हूँ। उसी सिलसिले में एक दिन इस गांव पहुंच गया जो इस देश-समाज से इतना कटा हुआ है कि आजादी के 70 वर्षों बाद भी वहां के लोग देश के नक्शे में कहीं दर्ज ही नहीं हो पाए। विकास की रोशनी की बात छोड़ ही दीजिए।’ थोड़ा-सा रुककर वे फिर बोले, ‘मैं चाहता हूँ कल का ‘नया प्रभात’ उसी गांव से निकले। कवर स्टोरी बना सकते हैं आप। वैसे तो अप्लीकेशन में कुछ ही बातों का जिक्र है, पर मैं सब कुछ बयां कर सकता हूँ आंखों देखा जैसा।’

कंप्यूटर पर बैठे ये सज्जन रमेश अंजान हैं। गांव-खेड़े से संवाददाता भी हैं और कंप्यूटर पर खबरें टाइप कर उसे आगे बढ़ाना इन्हीं की जिम्मेदारी में है। रमेश अंजान को लगा उन्हें बैठे-बैठाए एक अच्छी स्टोरी मसाला मिल गया है। अब वे पुरोहित में रुचि लेने लगे। उन्होंने अपनी पत्रकारिता का गुण गाना शुरू कर दिया। जबकि वे महज ब्लॉक लेबल के एक संवाददाता से आगे कुछ नहीं हैं पर पत्रकार होने का ऐसा भ्रम पाले हुए हैं कि राम सजीवन पुरोहित को आखिरकार यह कहना ही पड़ा कि ‘भाई अभी तक आप क्यों इस क्षेत्र से अनजान बने रहे। यथा नाम तथा गुण कहां थे अब तक?’

अंजान को पुरोहित का यह लहजा कुछ-कुछ नागवार गुजरा। पर वे कवर स्टोरी अपने नाम से बनाना चाहते थे और इसके लिए उन्हें थोड़ा नम होना ही पड़ा। राम सजीवन सतर्क हो गए। घंटे-डेढ़ घंटे बाद वापस आने की बात कहकर राम सजीवन पुरोहित बाहर आ गए। साइकिल उठाई और आगे बढ़ गए। बाजार में पहुंचे थे कि उर्दू अखबार के ब्यूरोचीफ कफील भाई मिल गए। राम सजीवन की उनसे दो-चार मुलाकातें ही हुई हैं, पर कफील का व्यवहार ऐसा है कि कोई भी उन्हें भूल नहीं सकता।

‘आवाज-ए-हिंद कैसा चल रहा है?’ राम सजीवन ने हाथ मिलाते हुए कफील भाई से पूछ ही लिया।

‘भई, यह तो आप बताओगे, आम पाठक बताएगा। अपने मुंह मियां मिट्ठू बनने से क्या फायदा?’ कफील ने प्रशंसा की द़ृष्टि से उनका हाथ दबाते हुए कहा।

‘अभी कुछ दिन पहले शोधकार्य के दौरान मैं एक ऐसे गांव पहुंचा था जहां तक कोई सरकारी अमला की कौन कहे, कोई पत्रकार तक नहीं पहुंचा। मैं उन सबकी, उस गांव की समस्याओं का पुलिंदा आप को सौंपना चाहता हूँ। कफील भाई कवर स्टोरी बनाइए इसकी, ताकि लोगों की निगाहें उधर जाएं। समाचार मेरे हवाले से बनना चाहिए।’

कफील भाई को, दूसरे को श्रेय देने की आदत नहीं है।

‘अरे भाई पुरोहित जी, पहले स्टोरी तो दीजिए, फिर वह तो बाद की बात है। हमें देखना पड़ेगा, क्योंकि आपकी तरफ से पूरी स्टोरी छपेगी तो हमारे दायित्व-जिम्मेदारियों पर प्रश्न चिह्न लगेगा न… आखिर हम कहां सो रहे थे!’

कफील भाई की मंशा साफ थी पर राम सजीवन ने आश्वासन देते हुए कहा, ‘पूरी स्टोरी तैयार कर मैं शनिवार को दे जाऊंगा ताकि रविवारीय परिशिष्ट में वह लग जाए।’ कहकर वे बाहर आए, साइकिल उठाई और आगे बढ़ गए।

अगला पड़ाव उनका ‘जन संदेश’ कार्यालय था। कार्यालय के पास पहुंचते ही उन्हें पं. शिवधर मिल गए, वे इस कार्यालय में बतौर सहायक हैं। कार्यालय समय से खोलने से लेकर साफ-सफाई, कुर्सी-मेज दुरुस्त करने तक की जिम्मेदारी है इनके पास। कंप्यूटर पर भी थोड़ा-बहुत बैठ लेते हैं, जिसका लाभ वे अनजान लोगों से ले ही लेते हैं। खबरों के छपवाने का पूरा जिम्मा भी ले लेते हैं वे। गांव-देहात से आने वाली खबरों में, जो अधिकारियों के खिलाफ होती हैं, वे दलाली भी कर लेते हैं। पं. शिवधर से मिलकर राम सजीवन पुरोहित को कुछ खास अच्छा नहीं लगा। दोनों में अंदर-अंदर कुछ कम पटती है। दोनों एक ही साथ इंटर तक पढ़े थे, पर पं. शिवधर आगे इसी के बाद रुक गए और अपने पिता की यजमानी संभालने लगे। इसमें वे बहुत दिनों तक नहीं रम पाए। कुछ दिनों के लिए वे बंबई चले गए। एक अखबार के दफ्तर में नौकरी की। दो-तीन सालों तक वहां के तौर-तरीके सीखे, ताल-तिकड़म सीखा, बातचीत का लहजा पकड़ा और जब फिर वहां जमने का समय आया तो उनके पिता की मृत्यु हो गई। वे घर वापस आ गए। थोड़ी खेती-बाड़ी, कुछ जजमानी, पर जजमानी संभालने के बजाए उन्होंने अखबार के दफ्तर की ओर रुख किया। उन्हें यहां कुछ ‘खास’ बनने का मौका मिला और वे पत्रकार बन गए। छोटे नेताओं-अधिकारियों के बीच उनकी गहरी पैठ बन गई। फिर वे आगे न तो पढ़ पाए और न ही किसी सरकारी नौकरी में जा सके। पर राम सजीवन पुरोहित आगे पढ़ते गए और एम.ए. समाजशास्त्र में गोल्ड मेडलिस्ट बन गए। बाद में उन्होंने शोध करने का निर्णय ले लिया और स्कूल में मिल रही क्लर्की को परे ढकेल दिया। उनका सपना कुछ और था।

ऐसी मुलाकातों के दौर में राम सजीवन कहीं से भी असहज नहीं होते। वे किसी को भी हीन भावना का शिकार नहीं होने देते। बड़ी ही आत्मीयता से मिले वे पं. शिवधर से। हालचाल के बाद वे सीधे अपने मकसद पर आए, लेकिन पं. शिवधर की ओर से भी उन्हें कुछ उसी तरह के संकेत मिले जो अन्य अखबार के दफ्तरों से मिले थे। चार बजे के बाद ही आने पर ब्यूरो चीफ से मुलाकात हो सकती है, ऐसा ही आश्वासन पुरोहित को यहां भी मिला।

‘ओ.के. भाई शिवधर जी, सायं तक मिलते हैं।’ कहकर वे साइकिल पर बैठे और आगे निकल गए। गली से मुड़ ही रहे थे कि चेयरमैन के साथ ब्यूरोचीफ ‘जनसंदेश’ अश्विनी जी एक दुकान के उद्घाटन के मौके पर साथ बैठे दिख गए। राम सजीवन की दोनों से थोड़ी बहुत जान-पहचान थी ही, दुकानदार ने भी इस मौके पर हाथ मिलाकर स्वागत किया और कुर्सी सरका दी।

कॉफी की चुस्कियां ले ही रहे थे कि अश्विनी जी ने पूछ ही लिया, ‘कहो, पुरोहित जी कैसे हैं, किधर से आ रहे हैं?’

‘हां भाई ठीक हूँ, मैं आपके कार्यालय की ओर ही गया था पर वहां पं. शिवधर मिल गए तो पता चला कि आप चार बजे के बाद मिलेंगे। मैं निकल आया। यह संयोग है कि आप यहां मिल गए।’

‘कोई खास काम है या यूं ही सामान्य मुलाकात ही होनी थी?’ ब्यूरोचीफ ने थोड़ी रुचि दिखाते हुए कहा।

‘जी मैं आपके अखबार के रविवारीय परिशिष्ट के लिए एक लीडिंग कवर स्टोरी लिख रहा था। एक ऐसे गांव और वहां के हालात पर जहां किसी जनप्रतिनिधि से लेकर अफसर-पत्रकार तक की निगाह नहीं पहुंची। गुमनामी के अंधेरे में खोए इस गांव और वहां बदहाल जीवन जी रहे लोगों की जानकारी मुझे तब हुई, जब मैं अपने शोधकार्य के दौरान संयोग से उस जगह पहुंच गया। मुझे लगा कि इस देश में आजादी के 70 साल बाद भी आदिम अवस्था में जीने वाले लोग हैं। आप कहो तो मैं इसे पूरा करके दे दूं। मैंने अपने नाम से रपट तैयार की है, मुझे शोधकार्य में इसका लाभ मिलेगा।’ राम सजीवन ने अति उत्साह में अपनी बात पूरी की।

पर ब्यूरोचीफ का उत्तर आशा के अनुरूप नहीं रहा, उन्होंने कहा, ‘देखो राम सजीवन जी, अखबार से जुड़े लोगों की यह पहली जिम्मेदारी है कि वे इसे कवर करें। अब हमें भी तो ऊपर जवाब देना पड़ता है कि कहां सो रहे थे आपके प्रतिनिधि? खैर, चलो तैयार करके लाओ। मैं कार्यालय प्रतिनिधि की ओर से उसे लगा दूंगा और आपका नाम भी बहुत कुछ जानकारियां देने के रूप में चला जाएगा। ठीक है राम सजीवन जी, आप तैयार करके ले आएं।’ कहते हुए वे चेयरमैन के साथ उठ खड़े हुए। राम सजीवन ने नमस्कार के साथ धन्यवाद दिया और बाहर आ गए।

लोकतंत्र के चौथे खंभे की इतनी पतली हालात! राम सजीवन पुरोहित को पसीना आ गया। संवाददाताओं के दलाली करने के कई आक्षेपों की जानकारी तो थी उन्हें, जो अधिकारियों के खिलाफ शिकायतों को लेकर बर्गेनिंग करते हैं पर एक बड़े जनहित के कार्य के निमित्त खबरों के लीडिंग रोल को लेकर नाम-दाम कमाने की इतनी बड़ी तिकड़मी चाल…! उन्हें क्रोध आ गया। उन्होंने जमीन पर जोर से थूक दिया। वे आगे बढ़ गए। काफी देर पैदल चलते रहे, शायद कदम साधने की कोशिश कर रहे थे या अपने आवेश को धीरे-धीरे पी रहे थे। फिर वे एकाएक साइकिल पर सवार हुए और तेज पैडल मारते हुए शहर के दूसरे छोर पर बसी बेतरतीब बस्ती के बीच से चलते हुए एक झोपड़ीनुमा घर की तरफ घूमे और उतरकर साइकिल किनारे खड़ी कर दी।

यह साप्ताहिक अखबार का दफ्तर था ‘नई बस्ती’। इस साप्ताहिक अखबार की एकाध प्रति इन्होंने अपने एक मित्र के यहां देखी थी। अखबार चूंकि साप्ताहिक था, सो हफ्ते भर में घटी घटनाओं का विश्लेषणात्मक ब्यौरा विस्तृत तौर पर छपा करता था। किसी भी क्षेत्र की पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही रपट तैयार होती थी यहां। अखबार उन्हें अच्छा लगा था, पर दिक्कत थी उसकी रेगुलर्टी को लेकर। फिर भी एक बड़ी उम्मीद बन गई थी इस अखबार से।

‘आइए पुरोहित जी, अंदर आ जाइए।’ यह आवाज खुली खिड़की से आई थी, पर राम सजीवन पुरोहित का इसके पहले इस आवाज से कोई सामना नहीं पड़ा था कभी।

वे असमंजस में थोड़ी देर खड़े रहे, तब तक अंदर से एक शख्स बाहर निकले और हाथ जोड़े राम सजीवन पुरोहित की ओर बढ़े।

‘मैं हूँ ‘नई बस्ती’ का एकलौता संपादक, प्रकाशक, मुद्रक, वितरक और हॉकर, आपका साथी अर्जुन भंडारी।’

राम सजीवन अचकचा कर उनकी तरफ बढ़े और हाथ मिलाते हुए अपना परिचय दिया फिर बोले, ‘भाई भंडारी जी, इतनी सारी जिम्मेदारियां और पदों का निर्वहन शायद अर्जुन ही कर सकता है।’

हँसी का शीतल फव्वारा थोड़ी देर तक छूटा फिर वे लोग अंदर जा बैठे। औपचारिक बातचीत के बाद राम सजीवन पुरोहित अपने मकसद पर आ गए। ‘देखो भाई भंडारी, आपने ‘नई बस्ती’ की एक अच्छी-खासी पहचान बनाई है। अपनी रपट के कारण भी और ईमानदारी के कारण भी। यह आज के समय की बड़ी बात है। कभी-कभी तो आपके यहां कई विस्तृत रिपोर्टों पर हंगामा भी खड़ा हो चुका है। मैं ऐसी ही एक कवर स्टोरी आपको देना चाहता हूँ। एक गांव की, जहां तक पानी, बिजली, सड़क की बात तो छोड़िए, कोई जनप्रतिनिधि तक नहीं पहुंचा है। सुविधाओं की बात क्या, तालाब का पानी पीकर अपना जीवन गुजार रहे हैं ये लोग। न कोई काम, न कोई दाम, राशन कार्ड तक नहीं बन पाया है सबका। वोटर कार्ड, एटीएम, पेटीएम की बात ही छोड़िए… मैंने पूरी रपट तैयार कर ली है, पर वहां की एक लड़की का सुराग नहीं मिला है। उसका फोटो मिल जाए तो कवर स्टोरी तैयार समझो।’ एक सांस में पुरोहित ने अपनी जानकारी दे डाली।

‘ओह! यह तो मसाला खबर है, फिर भी उस लड़की की तस्वीर कहां मिलेगी? क्या वह उसी गांव की है? या फिर कुछ खास है उसके साथ?’

अर्जुन भंडारी की जिज्ञासा बढ़ गई थी। उन्हें इस खबर को किस एंगेल से डालना है, उनके दिमाग में खबर की रील घूमने लगी।

‘वह लड़की रघुआ की ‘बच्ची’ है, पर राशन कार्ड में उसका नाम शनीचरी है। वह गांव में न रहकर अपने मौसा के साथ शहर में रहती है और किसी के यहां बरतन-झाड़ू जैसा कुछ करती है। उस समाज की वह इकलौती है जो जंगली रहन-सहन से बाहर हो चुकी है, पर क्या भरोसा वह वहां भी किस तरह इस्तेमाल हो रही है। गांव के बाहर उसका कुछ न कुछ रंग-ढंग तो बदला ही होगा। उसका नाम शनीचरी, है पर मैंने अपनी थीसिस में उसका नाम बदल दिया है।’

राम सजीवन पुरोहित ने अपने मकसद तक पहुंचने की कोशिश की। अर्जुन भंडारी ने शायद मन बना लिया था सो उन्होंने राम सजीवन पुरोहित से पूरी रपट तैयार कर लेने को कह दिया और बाकी फोटो आदि को अरेंज करने में पूरे सहयोग का वादा किया या यूं कहिए कि परोक्ष रूप से उन्होंने इसकी जिम्मेदारी स्वयं ले ली।

रविवार को ‘नई बस्ती’ अखबार के पहुंचते ही शहर चर्चाएमान हो गया।

‘आदिम युग के इंसानी बस्ती से गायब शनीचरी… कहां गई?’ शीर्षक से पूरे दो पेज की लीडिंग स्टोरी के बीच तेरह-चौदह साल की एक लड़की की आदमकद तस्वीर जो फटेहाल कपड़ों में आंखों में सपने और होठों पर मुस्कान लिए मौजूद थी।

हालांकि पूरी रपट राम सजीवन पुरोहित की शोध केंद्रित सोच का नतीजा थी और उसमें उनकी ईमानदारी की झलक थी, पर रपट केवल उनके नाम से प्रकाशित नहीं हुई। अर्जुन भंडारी का नाम पुरोहित के साथ पहले छापा गया था। इसे राम सजीवन ने गौर नहीं किया था। उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था, क्योंकि उनकी उम्मीद के विपरीत इस आर्टिकल को प्रमुखता दी गई थी।

सुबह चाय की दुकान पर बैठे चाय की चुस्कियां लेते हुए जब उनकी निगाह अखबार पर पड़ी थी तो कइयों ने उस लड़की की तस्वीर पर अपनी पैनी निगाहें गड़ाते हुए रसीली चर्चाएं छेड़ रखी थीं। राम सजीवन ने तब तक सचमुच गौर से उस तस्वीर को नहीं देखा था। उन्हें अपना नाम छपा देखकर ही एक खास किस्म की सुखानुभूति हुई थी कि अब उनकी पहल काम आएगी और उस गांव की तरफ शासन–प्रशासन की निगाह उठेगी।

लड़की की तस्वीर देखकर वे विस्मय से भर उठे। यह कौन हो सकती है! क्या यही शनीचरी है? अर्जुन भंडारी शनीचरी को कैसे तलाश लाए और वह भी इतनी जल्दी! क्या वे इसे पहले से जानते थे? फिर उन्होंने क्यों नहीं बताया?

राम सजीवन का माथा ठनकने लगा और वे दिसंबर की ठंड में भी पसीने से भीगने लगे। उन्होंने अखबार को कई बार उलट-पलट कर देखा। तस्वीर को हर कोण से वे जांच-परख लेना चाहते थे, पर जितनी बार वे उस पर गौर करते वह उतनी बार नया आकार ग्रहण कर लेती। ‘क्या यह शनीचरी ही है?’

राम सजीवन का दिल-दिमाग घूमने लगा था। अर्जुन भंडारी पर उनकी झल्लाहट बढ़ गई- ‘क्यों न सीधे ‘नई बस्ती’ के दफ्तर चला जाए?’

अगले ही क्षण उन्हें याद आया कि अर्जुन भंडारी तो दो-तीन दिन मिलेंगे ही नहीं। ‘फिर क्या किया जाए’ यह सोच उनपर हावी थी कि अचानक उन्हें अपने नाम पुकारे जाने की आवाज सुनाई दी- ‘क्यों भाई राम सजीवन पुरोहित, आजकल यह कौन-सा नया चक्कर चलाया है… कहां-कहां से खोज-खोज कर नया चेहरा ला रहे हो? खैर इन गरीबों को मदद तो मिलनी ही चाहिए और यह बेचारी तो काम की है, यह उस आदिम बस्ती में क्यों अपना जीवन बरबाद करे। चलो देखते हैं इसे अपने में शामिल किया जा सकता है।’

यह आवाज भाई अफरोज मियां की थी जो पेशे से दर्जी थे पर समाज कल्याण के नाम पर गरीबों, निरीहों, असहायजन की मदद में आगे आते थे और उसे अपने समाज से जोड़ लेते थे। कहीं मदद के नाम से, कहीं धर्म के नाम से, कहीं ऊपर वाले का हुकुम समझ कर।

राम सजीवन ने पलट कर देखा। अफरोज मियां की सफेद मूंछ-दाढ़ी के बीच उनके दांत चमक रहे थे। वे रुक गए। सोचा, थोड़ा इसकी चर्चा हो जाए। आखिर लोगों की प्रतिक्रिया जानना जरूरी है। ‘हां! अफरोज भाई, कैसे हैं? अभी आप कुछ कह रहे थे।’ राम सजीवन ने बात का सिरा पकड़ने की कोशिश की तो अफरोज मियां चहक उठे।

‘देखो पुरोहित जी, रिपोर्ट पढ़कर इस देश के जिम्मेदार लोगों का हाल देख लिया। पूरी पोल खुल गई। ऐसी आदिम बस्ती में घुट-घुट कर लोग-बाग मर रहे हैं। उनका हाल लेवा तक कोई नहीं। मैं समझता हूँ, उनसे मिलकर उन सब को अपने समाज में शामिल कर लूं। आप जानते ही हैं कि काफिरों ने इस समाज को पथभ्रष्ट कर दिया है। मजहबी दीन-ईमान सब गायब हैं। ऊपर वाले का शुक्र है कि वह लड़की अपने पैरों पर आगे बढ़ रही है। एक दिन समय निकाल कर आपके साथ उस गांव चलूंगा!’

‘दो-चार दिन कुछ विशेष कार्य में फंसा हूँ। थोड़ा धैर्य रखिए। मैं मुलाकात करवाऊंगा।’ कहकर आश्वासन देते हुए राम सजीवन आगे बढ़ गए। वे कुछ क्या काफी दूर तक साइकिल थामे पैदल ही चलते रहे। विचारों के तूफान-बीच फंसे राम सजीवन पुरोहित सतह पर मानो उड़ते जा रहे थे। क्या करें? अखबार में छपी तस्वीर अब उनके गले की फांस बन रही थी।

उन्होंने अपने को हल्का करने के लिए दो-चार बार सिर को झटका। तूफानी विचारों के बीच से अपने को किनारे किया और साइकिल पर चढ़ गए। सिविल लाइंस से गुजर रहे थे कि गिरिजाघर से निकलते जॉन मोहन फ्रांसिस दिख गए। जॉन मोहन अच्छे वक्ता हैं। ईसाई धर्म के अच्छे जानकार और प्रभु ईशु के प्रति लोगों को सम्मोहित करने की कला में माहिर। जॉन फ्रांसिस विगत दस वर्षों से अपना मूल धर्म छोड़ कर ईसाई समुदाय में शामिल हुए और अपनी वाक्पटुता के कारण वे धीरे-धीरे गिरिजाघर के पादरी बन गए। दूर के ढोल सुहावने होते हैं, पर नजदीक आने और अंदर तक पहुंचने पर उसके अंदर की पोल खुलने लगती है। अंदरूनी सड़ांध को वे कुछ दिन तक नाक बंद कर बरदाश्त करते रहे पर आगे कोई चारा नहीं था सो उन्होंने उस माहौल को अंगीकार कर लिया। अब सबकुछ सामान्य-सा, जीवन के लिए, एकांत में जरूरी लगने लगा।

राम सजीवन पुरोहित ने उन्हें आते देखा तो सड़क किनारे रुक गए। दोनों की पहचान काफी पुरानी है। प्रगाढ़ता उस समय से मजबूत हुई जब एक धार्मिक सेमीनार में दोनों वक्ता के रूप में मिले थे।

‘आइए सर, जॉन मोहन का राम सजीवन की तरफ से स्वागत है’ कहते हुए राम सजीवन उनकी तरफ लपके और हाथ में हाथ लेकर दो-चार मिनट तक आत्मीयता का प्रदर्शन करते रहे। ‘पुरोहित जी, आपने तो कमाल कर दिया। लोगों की आंखें खोल दी। आपकी रपट से लगा कि आज भी इस समाज में, आदिम तंगहाली में समाज का कोई हिस्सा अपाहिज जीवन जी रहा है। सच, रोंगटे खड़े हो गए पूरा विवरण पढ़ कर। और हाँ! एक होनहार लड़की की ऐसी हालत! उसकी आंखों के सपनों को पढ़ने की जरूरत है पुरोहित जी। मुझे लग रहा है कि प्रभु ईशु की कृपा बरसने वाली है उसपर। आप मुलाकात कराइए हमारी उससे। मैं प्रभु का कृपा पात्र बनाना चाहता हूँ उसे। आप इस नेक काम के भागीदार बनें।’

राम सजीवन क्षणभर के लिए किंकर्तव्यविमूढ़ हो गए। वे क्या जबाब दें? कैसे समझाएं इन्हें कि जो तस्वीर छपी है वे उसे जानते तक नहीं, वही शनीचरी है या नहीं। वह कैसे कह सकते हैं, न कोई आधार, न कोई तर्क। उन्हें जॉन मोहन का सम्मान करना ही था सो कह उठे-

‘पादरी जी, आप के नेक ख्यालातों का मैं कायल हूँ पर अभी कुछ दिन मैं दूसरे कामों में लगा हूँ, फुर्सत पाते ही मैं आपका साथ दूंगा।’ कहते हुए पुरोहित ने अपनी साइकिल उठाई। इस बार वे जितनी तेजी से साइकिल चला सकते थे भागते गए, भागते गए, पर कहीं न कहीं तो रुकना ही था। जीवन न भागने का दूसरा नाम है और न ही गतिहीन होकर बैठ जाने का। जीवन का सतत प्रवाह ही मानव मन का आनंद स्रोत है। साथ ही समाज-देश के विकास का ऊर्जावान प्रस्थान बिंदु भी। जीवन का मोह तब तक पीछा करता है, जब तक मानव की अतृप्त आकांक्षाएं उसे अपने बाहुपाश में जकड़े होती हैं, क्या दिन, क्या रात! हर वक्त महलों के ख्वाबगाह में रमने वाले का मन जब सच की सख्त चट्टानों से टकराता है तो लहूलुहान क्यों न हो जाए पर उसे आंखें खोलने का अवसर मिल ही जाता है।

राम सजीवन की आंखें संभवत: खुल गई थीं… वे साफ-साफ देख रहे थे कि ऊपर से अच्छा या खराब दिखने वाला आदमी लबादे के अंदर के आदमी से कितना भिन्न होता है, कितना गलीच और कितना आत्मप्रवंचक होता है।

उनकी साइकिल तब रुकी जब वे किसी ठोकर से गिरते-गिरते बचे… चेन उतर गई थी और दाहिने पैर के पैंट में कालिख पुत गई थी। उन्हें चाय की तलब लगी… अगल-बगल की दुकान का जायजा लिया…। सर्दी का मौसम था ही, लोग-बाग दुकान की भट्टी की आंच का सहारा लिए चाय सुड़क रहे थे। हिंदुस्तान में चाय पीने का अपना एक अलग ही अंदाज है…।

यह चौराहा लेबर चौराहा के नाम से जाना जाता है। सुबह-सुबह अच्छी खासी भीड़ हो जाती है यहां और चाय-पान-बीड़ी की दुकानें गुलजार रहती हैं। पड़ी बेंच पर राम सजीवन जा बैठे। विचारों के बवंडर के बीच वे अकेले थे और उन्हें लग रहा था कि वे चकराकर गिर पड़ेंगे। ‘क्या करें? क्या न करें?’ की दुविधाजन्य स्थिति के वे शिकार बन गए थे। उनकी सारी शिकायत अर्जुन भंडारी से थी, क्यों उन्होंने इतना बड़ा रिस्क लिया!

आखिर यह पब्लिक को चीट करने जैसा ही है। वे चाय की प्याली को धीरे-धीरे सुड़क रहे थे और दिमाग विचारों के बवंडर से निकलने की कोशिश कर रहा था कि अचानक उन्हें सामने से पंडित जनार्दन दास ‘पागल’ आते दिखाई पड़े। नजदीक आते ही पंडित जी ने राम सजीवन का ध्यान खींचा।

‘देखो बच्चा पुरोहित, तुमने बड़ा नेक काम किया है यह खबर छपवा कर। हमारा काम ही आदिवासी-गरीब गुरबों को संरक्षण देना, उनको धर्म का पाठ पढ़ाना, उन्हें रहने-खाने की जगह देना और उन्हें सनातनी पवित्र मानुष का दर्जा देना-दिलाना… फिर भी अभी तो ऐसा कोई संकट आया नहीं है। अभी तक वे लोग हिंदू ही हैं। उनपर जब कोई धर्म का संकट आएगा तब तुम्हारे साथ वहां चलूंगा। मेरे संपर्क में रहना। आखिर वैसे भी देश से हिंदुओं की संख्या और आबादी कम होती जा रही है, उसे बचाना है। कम से कम अपने तो बचे रहें। अगर हम दूसरे धर्म के लोगों को अपने में नहीं ले पा रहे हैं तो…।’ वे राम सजीवन की मुख मुद्रा बिना देखे इतनी बातें उगल गए। जब उन्हें लगा कि बहुत हो गया तो वे यह कहते हुए चाय पीने बैठ गए कि- ‘बेटा कुल्हड़ में ही चाय मंगवाना, आजकल प्लास्टिक का गिलास अछूतों की तरह साथ ही नहीं छोड़ता!’

राम सजीवन ने कभी सोचा नहीं था कि एक नेक काम के लिए खबर बनाने की सजा उन्हें इस रूप में मिलेगी। अब उन्हें यहां बैठे रहना भारी लग रहा था। वे पं. जनार्दन दास को क्या कहते! उन्होंने चाय मंगा दी, पर पं. जनार्दन दास के साथ उनके चाय खत्म करने तक बैठना समय की बरबादी लगी, सो राम सजीवन यह कहते हुए उठ गए- ‘पंडित जी, आप इत्मीनान से चाय पीएं, मैं तब तक कुछ और काम निपटा लूं।’ राम सजीवन तेजी से आगे बढ़ गए, पर उनके दिमाग की रील पीछे की ओर घूमने लगी थी।

घर पहुंचे तो सांझ घिर चुकी थी। सर्द हवाएं अपना असर दिखाने लगी थीं। घर की चाय पीने का मन हुआ पर मन मसोस कर रह गए। चाय की चुस्कियां उनके जीवन की लय से जुड़ी हैं। चाय का कप उनके हाथ में आते ही दिमाग में विचारों का बवंडर उफान मारने लगता है, जाने क्यों ऐसा उनके साथ होता है। इस समय चाय का खटराग कौन करे! उन्होंने कपड़े बदले, हाथ-मुंह धोया और रसोई में घुस गए। जब बाहर निकले तो उन्हें एक खास किस्म की तृप्ति का आभास हुआ। रसोई शरीर का ऊर्जा केंद्र है। बिना इसके सारे पद, प्रतिष्ठा, ज्ञान-विज्ञान, आशा-उत्साह, भाव-विचार सब बौने हैं। कुछ देर तक वे इन सद्विचारों में डूबे रहें फिर एकाएक उन्हें समय का भान हुआ। दीवाल घड़ी पर नजर गई, ग्यारह बजने वाले थे। खिड़की खोल बाहर झांका। सरदी अपने चरम पर थी। बाहर सड़क पर नीरवता बिखरी पड़ी थी।

वे अब सोने के मूड में आ गए। बिस्तर ठीक किया और कंबल में घुस गए। करवट बदलकर आंखें बंद कीं, पर कुछ देर बाद उन्हें लगा कि कई बार करवटें बदल लेने से इंद्रियां शिथिल हो जाती हैं… फिर गहरी नींद आ जाती है। कई-कई बार ऐसा किया पर गहरी नींद कौन कहे हलकी-फुलकी नींद भी नहीं आई। गहरी नींद का उन्हें इंतजार था पर ऐसा नहीं हुआ। पलकों में भारीपन था, पर जिसे नींद कहते हैं उसका अता-पता नहीं था।

वे उतान हुए, कई बार हाथ-पैरों को सीधा किया, पैर ताना, फिर ढीला किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इस उपक्रम में 12 बज गए। किसी से सुना था कि किसी चीज पर एकटक निगाहें केंद्रित कर देने से आंखों का भारीपन बढ़ जाता है, पलकें भारी हो जाती हैं, फिर नींद आ जाती है। उन्होंने छत पर निगाहें टिका दीं। अंधमुंदी आंखों से वे उसे निहारते रहे।

कुछ देर बाद उन्हें महसूस हुआ जैसे कोई आकृति धीरे-धीरे उभर रही है। पहचानने की कोशिश करते, पर अचानक उसका धुंधलापन बढ़ जाता। फिर उन्हें लगा, कई एक आकृतियां आपस में गड्ड-मड्ड हो रही हैं। उन्होंने अपने दोनों हाथों से आंखें मलमलाईं। थोड़ी देर के लिए सब कुछ सामान्य-सा दिखा, पर अगले ही क्षण वे आकृतियां फिर उभरने लगीं। उनके चेहरों पर करुणाजन्य बेबसी चिपकी हुई थी। आंखों में सपने थे और होठों पर कालजयी मुस्कान थी। राम सजीवन पुरोहित यह समझ नहीं पा रहे थे कि ये किनके चेहरे हैं। एकटक निहारते-निहारते उनकी पलकें भारी होकर बंद हो जाती हैं और विचारों के बवंडर में मन तिनके-सा उड़ने लगता है।

‘नहीं-नहीं, ऐसा नहीं हो सकता। बस करो भाई, एक बेचारी लड़की के साथ ऐसा सुलूक क्यों हो रहा है! उसकी मर्जी के खिलाफ आप लोग…!’

‘नहीं पुरोहित जी, यह सब उसकी, उसके परिवार की सहमति से हो रहा है। आपको गलतफहमी हुई है शायद।’

‘पुरोहित जी, रास्ता तो आपने ही दिखाया। हम उसे सम्मान-इज्जत बख्श रहे हैं। यह उसका सौभाग्य है। आप हमारे मार्गदर्शक हैं, नहीं तो भला हमें कैसे पता चलता उन सबके बारे में।’

‘देखना भाई पुरोहित जी, उसका भविष्य संवर जाएगा और हमें ऊपर वाला शुक्रिया कहेगा।’

‘और पुरोहित जी, कल के अखबार की लीडिंग स्टोरी तो यही होगी। कई दिनों तक यह मसाला खबर अखबार की सुर्खियों में छाया रहेगा।’

समवेत स्वर में आती कहकहों की आवाजें उनके कानों में गूंज उठीं। उन्हें लगा, धर्म के ठेकेदारों ने अपनी बिसातें बिछा दी हैं। जाल में फंसी मछली-सी तड़पती शनीचरी की आंखों के सपने मर रहे हैं और उसके होठों की मुस्कान छीज रही है।

‘बचाओ ऽ ऽ ऽ… शनीचरी को बचा लो…’ उनका गला रुंध गया था। अचानक उनकी नींद खुल जाती है। पूस की सर्द रात में उनका बदन पसीने से तर-बतर हो रहा था। उन्होंने कंबल उठाकर परे फेंका और उठकर दरवाजा खोल दिया। सूरज निकलने वाला था। बरामदे में हॉकर अखबार डाल कर जा चुका था। अभी वे सामान्य नहीं हो पाए थे। कुछ देर तक अखबार को यूं ही निहारते रहे। फिर राम सजीवन ने आंखों पर चश्मा चढ़ाया और झुककर अखबार उठा लिया।

अखबार खोला ही था कि उसमें से तीन पर्चे एक साथ जमीन पर गिर पड़े। उनकी उत्सुकता बढ़ी। झुककर तीनों पर्चे उठा लिया। तीनों तीन रंग में छपे थे। और तीनों पर अलग-अलग धार्मिक चिह्न अंकित थे। उनका मन सशंकित हो उठा।

पहला पर्चा पढ़ा। दंग रह गए। दिल बैठने लगा। चेहरे पर हवाइयां उड़ने लगीं, लिखा था- ‘आज खुदा का रहमोकरम है कि शनीचरी हमारे मजहब का हिस्सा बनने जा रही है। खुदा का लाख-लाख शुक्र! यह काम एक बड़े जलसे में जुमा की नमाज के बाद पूरा होगा। अब आज से शनीचरी सायराबानो हो जाएगी?’

कांपते हाथों से राम सजीवन पुरोहित ने दूसरा पर्चा खोला लिखा था- ‘परम पिता परमेश्वर की असीम अनुकंपा है कि आज शिव मंदिर में शनीचरी को हिंदू धर्म की विधिवत शिक्षा-दीक्षा दिए जाने का समारोह आयोजित किया गया है। सनातन धर्म की रक्षा ही हमारा लक्ष्य है, शनीचरी आज से नए नामकरण के साथ सन्नो बन जाएगी, उसका शुद्धीकरण किया जाएगा और वह फिर वेद-पुराण के अध्ययन के लिए अधिकृत हो जाएगी।’

तीसरा पर्चा खोलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए राम सजीवन पुरोहित। उनकी आंखों के आगे तारे चमकने लगे। फिर भी कांपते हाथों से उन्होंने तीसरा पर्चा खोला। लिखा था- ‘प्रभु ईशु की करुणा विरलों को ही मिलती है। शनीचरी पर प्रभु ईशु की कृपा बरसने वाली है। आज दोपहर गिरिजाघर में उसे ईसाई धर्म की दीक्षा दी जाएगी। अब वह शनीचरी से सुजातो क्रिस्टी बन जाएगी। फिर पवित्र तन और मन के साथ वह गिरिजाधर की नन बनेगी।’

बरामदे में खड़े राम सजीवन ऐसे लड़खड़ाए लगा मुंह के बल गिर पड़ेंगे। अपने को संभाला, फिर लड़खड़ाते कदमों से वापस घर के दरवाजे की तरफ बढ़े। दरवाजे तक पहुंचते-पहुंचते उनका चेहरा पीला पड़ गया था। वे अपना सिर पकड़ कर चौखट पर बैठने के पहले ही बेहोश होकर लुढ़क गए। पता नहीं, उन्हें कब होश आया होगा?

हां! तीनों परचों में जो समानता थी वह यह थी कि तीनों धर्मों के कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि के रूप में राम सजीवन पुरोहित का नाम छपा था। तीनों परचों में एक ही लड़की की फोटो छपी थी जिसे राम सजीवन पुरोहित खुद भी नहीं जानते थे।

संपर्क सूत्र :साक्षी विला, 1274/28, बढ़ैयावीर, सिविल लाइन-2, सुलतानपुर-228001 (उ.प्र.) मो. 9415136267