
सामाजिक कार्यों से जुड़ी वरिष्ठ कवयित्री। एक कविता संग्रह ‘हिमालय की कंदराओं में’ प्रकाशित।
औरतें
पति से सताई गई स्त्रियों का
स्त्रैण क्षीण होता है धीरे-धीरे
जैसे चंद्रमा
अमावस में विलीन होता है धीरे-धीरे
मित्र की तलाश में हो सकती हैं
यह ना सोचना
देह सुख के लिए पुरुष तलाश रहीं
इसलिए तुमसे बतियाती हैं
पति को त्याग चुकीं
स्त्रियों को खिलखिलाता देख
बेहया ना समझ लेना
दरअसल
वह जमाने के चलन को
चुनौतियां दे रही होती हैं
पति की मृत्यु के बाद
सजती संवरती खुशमिजाज स्त्रियों को
अचरज से न देखना
वह नश्वरता के उस पार पहुंच
शाश्वतता से
हाथ मिला रही होती हैं
अविवाहित रह गई स्त्रियों
की जिंदगी में ताक झांक कर
उन्हें और अकेला कर मृत्यु में न ढकेलना
वह अकेलेपन से हारी हुई नहीं
अपने भीतर तरुणाई का
सैलाब समेटती साहसी औरतें हैं
जरा सोचना
वह स्त्रियां ही नहीं मनुष्य भी हैं
उनके सुख-दुख सिर्फ औरत नहीं
मनुष्य होने के सुख-दुख भी हैं
जिस दिन तुम्हारे भीतर
समझ के झरोखों से
छनकर उतरेगी यह धूप
स्वयं को महान न समझ लेना
ऐ पुरुष
उस दिन
मनुष्यता के वैभव के करीब
सिर्फ थोड़ा सा सरकोगे तुम।
संपर्क : साई निलयम, प्लॉट 52, शक्ति भवन रोड रामपुर, नेशनल कॉलोनी, जबलपुर-482008 मध्य प्रदेश मो.7000053236

