सहायक प्रोफेसर, गया कॉलेज। प्रकाशित किताबें:  ‘खिलखिलाता हुआ कुछ’, ‘पत्थर से निकलती कराह’ (कविता संग्रह), ‘अंधेरा कुछ इस तरह दाखिल हुआ’ (कहानी-संग्रह) और आलोचना की एक पुस्तक।

क्रूरताएं

मैंने घर का सपना देखा
सपने की यह सीरत होती है
कि उसमें घर बहुत सुंदर दिखता है
कल्पना में भी कल्पना करने जितना सुंदर…

मैंने चांद से गुजारिश की
कि वह मेरे घर को देखकर
थोड़ा मुस्कुरा दिया करे
यह गुजारिश मैंने यह जानते हुए भी की
कि मुस्कुराहटों पर कितनी पाबंदियां हैं

सपने में मैंने पास के जंगल जैसे झुरमुट से कहा
कि मुरझाए नहीं
थोड़ा डटकर हरा-भरा रहा करे
यह जानते हुए
कि इस हवा में खुद को बचाना कितना कठिन है

एक स्वप्न भंग अधखुली बेनूर आंखों की तरह
अचंभित कल्पनाएं बहुत क्रूर होती हैं शायद
इसलिए एक वाक्य जो वाचाल कथन की तरह
मीडिया में दर्ज होता है
कि पास की नदी को मैंने
अपने घर की खातिर
जिलाने की कोशिश की है
कि पास के चांद को मैंने
मुस्कुराने का आमंत्रण दिया है
कि पास के जंगल को मैंने
हरा रहने को कहा है।

पगडंडियां लौटने के लिए होती हैं

जाने के कई रास्ते होते हैं
लौटने का सिर्फ एक रास्ता होता है
रास्तों को खुशबू से पहचानना पड़ता है
खुशबू पहचानने के लिए
वक्त की देह से लिपट जाना पड़ता है
अगर खुशबू को नहीं पहचान पाए
तो लौटना मुश्किल हो जाता है…

घर से निकलने के लिए
दरवाजों की जरूरत नहीं होती
ऐन सामने एक आसमान होता है
जो रंग के आगोश में होता है
जिसमें सपनों के तारे झिलमिलाते हैं
एक धरती भी होती है
जो हरियाली की गिरफ्त में होती है
जिसे छूकर हरा-भरा रहा जा सकता है…

झाड़ियों के बीच एक पगडंडी होती है
चलते हुए चाहे कितनी भी दूर चले जाओ
अंधेरा उतरने के पहले
उसी पर चलकर लौटना होता है।

उतारना

शाम थी या आईने की साजिश!
कि अंधेरे का चेहरा नहीं दिखता था
रात जहां-जहां बिखरी हुई थी
मैं हर उस जगह जाना चाहता था
रात एक शांत तालाब की सतह पर थी
रात पेड़ की फुनगी पर बैठी थी
हवा के एक झोंके में गुम थी
जिसने जब शाम को उड़ा दिया
तो नशेड़ी युवकों और अपराधियों की तरह
अंधेरे ने मुखौटे के साथ दस्तक दी
अपनी पहचान छिपाते हुए

रात के घोषणा पत्र में बहुत सारे काम थे
जुगनू, तारे, रातरानी, और हरसिंगार के फूलों ने
थोड़ी-थोड़ी सांस रात की पारदर्शी हवा को सौंपी
जिसे एक अलाप की तरह
मिट्टी तक पहुंचानी थी
बादलों के पास सिर्फ आंसू थे
और उनकी कहानियां…
अंधेरे की बटमारी ने
उन्हें इशारे की धमकी देकर बिठा दिया..

कब एक रोशनी का बवंडर उठेगा
और अंधेरे का मुखौटा उतर जाएगा!
मैंने रात से कहा
कब?

किसी भी वक्त किसी भी मौसम में!

दुख की खातिर नहीं
सुख में सुख से और सुख की तलाश में
रास्तों से निकलते हुए कच्चे रास्तों पर
यहां-वहां दिख जाते हैं
झाड़ियों और कांटेदार पौधों में रंग-बिरंगे फूल
अप्रैल के महीने में न जाने क्यों खिलते हैं फूल
जब धधक रहे हैं जंगल
जब हर ओर धूप और धूल और आग है
तब क्यों खिले हैं फूल!

कांटेदार पौधों में
फूलों के होने की खुशफहमी होना
इस समय का सबसे भयावह सच है
और एक सघन-रूपक इस अंधेरे का
एक उम्मीद भी…
कि इस जघन्य समय में
इस रूखे अप्रैल के महीने में भी
क्यों नहीं खिल जाना चाहिए फूलों को!

जहां नगरपालिका की गाड़ियों ने
कचरा डंप किया है
दुर्गंध के उठते हुए भभकों से
ट्रकों से लदे-फदे हमारे फेंके गए
प्लास्टिक के बीच
अपनी दुबली गर्दन हिलाकर
ग्रीष्म की धूल भरी आंधियों में टिके हैं फूल
तुम्हारे और हमारे लिए नहीं
अपने एकांत के कोने में मुस्कुराकर
शायद खुद की तसल्ली के लिए खिले हैं फूल
कि वे खिल सकते हैं किसी भी वक्त में
किसी भी मौसम में!

खुरदुरी हथेलियों ने कहा

हमारे चाहने वालों में कोई हो न हो
वे पेड़ तो हैं
पेड़ों पर खिले वे फूल तो हैं
और उन सबके साक्षी वे रास्ते

हमें मंजिलों का पता नहीं है
तब भी सड़कों ने हमें कभी धोखा नहीं दिया
चलने की खातिर वे अपनी पीठ हमेशा देती रहीं
मिट्टी ने खुशी खुशी इंतजार किया हमारे हाथों का
और कहा ‘आओ संवारो मुझे’

मिट्टी की आकृतियां गढ़ते हुए
आग की लाल-लाल लपटों से ईंटों को निकालकर
उन्हें ससम्मान सिर पर उठा कर विदा करते हुए
खुरदुरी हथेलियों के स्पर्श ने कहा…
‘जाओ, दुनिया को आबाद कर’।

बहती हवाओं के खिलाफ

गांव के बाहर के टोले के सत्तो उरांव!
खैर की कड़ी लकड़ी जैसे सत्तो उरांव
उन्हें बस काली आबनूसी लकड़ी का
सिल समझ लो
दिन भर कहीं भी दौड़ा दो
कहीं किसी काम से भेज दो
स्प्लिंटर है सत्तो उरांव
हा-हा करते रह जाओ
चुटकी भर समय में
आपका काम कर देगा सत्तो उरांव
मोटे-मोटे लकड़ी के सिल को
अपनी कुल्हाड़ी से चीर डालेगा
रहकर बिलकुल गुमसुम

चुप्पी पर जाने कितनी कविताएं लिखी गईं
तुम पर एक गीत का मुखरा तक
क्यों नहीं लिखा गया सत्तो उरांव!

खेत पर अब कोई कब्जा कर ले
फसल काटकर ले जाए
पेटभरता पर कोई कितना भी काम करवा ले
चुनाव में तुम्हारे टोले का वोट खरीद ले
पौवा अद्धा देकर सब मर्दों को लुढ़का दे
कुछ क्यों नहीं बोलते सत्तो उरांव!

एक स्प्लिंटर की तरह दूसरों के लिए खूब दौड़े
अपने लिए क्यों नहीं दौड़ पाते सत्तो उरांव!

बहती हवाओं के खिलाफ
अपनी चौड़ी छाती को
पहाड़ की तरह क्यों नहीं अड़ा पाते
क्यों नहीं रौंद पाते नकली ईंटों से बनी सड़कों को
मुखिया के दरवाजे पर जाकर क्यों नहीं चीख पाते
उससे अपने टोले का हिसाब क्यों नहीं मांग पाते
सत्तो उरांव

रात के सघन अंधकार में
अंधेरे से घुलमिल जाती है तुम्हारी देह
अंधेरे को चीरकर
बाहर क्यों नहीं आ पाते सत्तो उरांव?

संपर्क सूत्र : असिस्टेंट प्रोफेसर, हिंदी विभाग, गया कॉलेज, गया (मगध विश्वविद्यालय) मो. 9709719758