सुपरिचित कवि–आलोचक। ‘वाया नई सदी’ अद्यतन कविता संग्रह। हिंदी कविता के प्रतिष्ठित शमशेर सम्मान से सम्मानित। अद्यतन आलोचना पुस्तक ‘राग रविदास’। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में प्रोफेसर।

देवत्व

जहां जहां भीड़
वहां वहां देवता

जितनी बड़ी भीड़
उतना बड़ा देवता

देवत्व एक भीड़ का सामूहिक विलास है।

काशी में राम

काशी में राम
काशी के राम हैं

कु समय नहीं
कुश मय राम हैं

काशी में राम जब भी आएंगे
कूचियों से आएंगे
कविता से आएंगे
रेत से आएंगे

राम ने रेत से शिवलिंग बनाया
और बता दिया कि वे जब भी आएंगे
साधना से आएंगे
समर्पण से आएंगे
शिल्प से आएंगे
काशी के राम कलाकार के राम हैं

राम खुद एक कलाकार थे
उन्हें पता था
कलाकार के सपनों की ऊंचाई
शासक की इच्छा से हमेशा बड़ी होती है।

बनारस

बनारस की गलियों में घूमते हुए
प्रगतिशीलता का ही नहीं
पागलपन का भी बोध होता है
यहां संस्कृति की सामासिकता ही नहीं
संस्कार की जड़ता भी उजागर होती है

कौन कहता है यहां महज मस्ती का आनंद है
अपने आलस में भी यह शहर आनंदित रहता है

यहां एक तरफ शास्त्रोक्त मंदिर हैं
तो दूसरी तरफ लोकोक्त पंडिताई
एक तरफ पूजा पाठ का सुख है
तो दूसरी तरफ दर्प युक्त लंठई की मिठास
एक तरफ गंगा स्नान की गति है
तो दूसरी तरफ कहीं भी न जाने का ठहरापन!

सजीव शिव यहां की गली गली व्याप्त हैं
लेकिन निर्जीव शव की तरह यह शहर
अपने को जिलाए जाने की जद्दोजहद में
आज तक उलझा हुआ है!

एक रोचक कथा की तरह
यह पूरा शहर मुक्ति के दो भागों में बंटा हुआ है
और आज तक तय नहीं कर पाया
कि किस हिस्से का मोक्ष
कुछ अधिक भारी है

यद्यपि यह भी सच है
कि जिस कथा से यह बना है
उसमें एक कुश की नोंक है
जो हर शव को जिलाए रहती है
मुक्ति की नई आशा में!

इसे यहां के लोग प्रायश्चित कहते हैं
जिसे सभ्यता के विकास ने
चाहे जितना धुंधला किया हो
बनारस अभी भी इससे सटा है
सटा क्या पटा है

इतिहास की गति में
हर शहर ने अपना पता बदला है
लेकिन बनारस अभी भी
अपने पुराने पते पर ही है

‘नमो घाट’ के साथ
तमाम नए बनते घाटों के बीच
बनारस का नया पता
अभी भी मणिकर्णिका घाट है
यद्यपि बनारस ने विकास की
एक लंबी दूरी तय की है
जिसमें सूरज अब रेत से नहीं टेंट से उगता है!
और शिव सर्जना में नहीं
वर्जना में दर्शन देते हैं!

स्फटिक शिला

देखता हूँ शिला
मन है खिला

याद आती हैं जानकी
अखिला

राम चुन रहे हैं फूल
लहराता दुकूल

मेरा तन गया खुल
लौटती हैं यादें
जैसे एक भूल!

पुलिया

पुलिया पर बैठते ही पुल थरथराने लगता है
और सड़क पर हलचल होती है
चबूतरे पर चर्चा होती है

और चौराहे ठहर जाते हैं
पास ही कहीं से एक बुलडोजर गुजरता है
और पुलिया के पीछे का गड्ढा हिलने लगता है

पेड़ की उदासी टूटती है
और पक्षी अपना पंख फड़फड़ाने लगते हैं

सत्ता को पता है पुल से कोई खतरा नहीं
पुल गिरने के लिए बनते हैं
और नदी को पार करने के लिए बनाते जाते हैं
पुलिया से नदी पार नहीं होती
नहर व नाले पार होते हैं
जहां समूह की उपस्थिति के बीच
संवाद होते हैं और विचार पलते हैं

लोग आते हैं
बैठते हैं
बतियाते हैं
और सत्ता का मजाक उड़ाते हैं

पुल केवल गुजरने के लिए होते हैं
जबकि गुजारना तो पुलिया पर ही होता है
समय में जो कुछ भी खतरनाक है
पुलिया से होकर गुजरता है

पुल गुजरती हुई गाड़ियों की
आवाज दर्ज करता है
पुलिया के लिए आदमी की
आवाज ही मूल्यवान है

जब कभी व्यवस्था का बढ़ता है दबाव
पुल गिर जाता है
लेकिन आदमी के बहुत दबाव के बीच भी

पुलिया तो बस बैठ जाती है
गिरना बिखेर देना है
बैठना खुद को समेट लेना है

पुल जब गिरता है तो नदी दिशा जाती है
और रास्ते रुक जाते हैं
पुलिया जब बैठती है तब लोग
और भी जुड़ जाते हैं
और पूरी चमक से साथ रास्ते चलते रहते हैं
पुल का गिरना सत्ता का लुढ़क जाना है
पुलिया का बैठना जनता का उठ खड़ा होना है

जो पुल पर हैं हर पल सावधान हैं और
जो पुलिया पर हैं व्यस्त हैं और मस्त हैं

पुलिया एक प्रसंग है जिसका अपना रंग है
जिसमें पाए नहीं संग ही संग है

पुकार के शब्द पुलिया के पास होते हैं
पुल तो हर पल दुत्कारता रहता है!

पुलिया का होना पहल का होना है
अपनत्व का होना है
एक खूबसूरत पहचान का होना है

दिन प्रतिदिन बनते व गिरते पुलों के बीच
पुलिया पर बात करना
रिश्तों पर बात करना है
मौसम पर बात करना है
पड़ोसी के दुख पर बात करना है

बात के लिए आज भी
अगर कहीं कुछ बचा है
तो पुलिया ही है
अपनी पुरखिन पुलिया

पुलिया का होना कुछ संदर्भ का होना है
संग साथ का होना है
आदमी के खूबसूरत अहसास का होना है
जब तक पुलिया है
एक बस्ती आबाद है
आदमी जिंदाबाद है।

संपर्क : सुमेधस, 909, काशीपुरम कॉलोनी, सीरगोवर्धन, वाराणसी–221005 मो.9415890513