
शुभा द्विवेदी
लेखिका और अनुवादक। ए.आर.एस.डी.कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय में अंग्रेजी साहित्य में सहायक प्रोफेसर। अनुवाद कई साहित्यिक पत्रिकाओं में प्रकाशित।

मीना कंदसामी
वर्ष 2022 में हरमन कैस्टन पुरस्कार से सम्मानित एक भारतीय कवयित्री, कथा लेखिका, अनुवादक और दलित चिंतक। ‘मिस मिलीटेंसी’, ‘जिप्सी गॉडेस’, ‘स्पर्श’ आदि प्रमुख कृतियां।
सृजन
उस छोटे से पल में
जब आप प्रतीक्षा करते हैं
दुस्साहसी बेंत के
अपनी त्वचा पर होने वाले प्रहार के लिए
और आपका बाक़ी शरीर पीछे हटता है
दुबकने लगता है
आंशिक रूप से शर्म से
और कुछ दर्द से
कविता ख़ुद को रोपती है
आपके मस्तिष्क में
छोटे-छोटे पद चीर कर निकल जाते हैं
जैसे गोलियां मशीनगन से
कविता उतरती है
एक उन्मुक्त जीवन की ताजगी के साथ
मधुर ध्वनियों से तरंगायित होते हुए
वेदनापूर्ण तरीक़े से
जैसे हवा के झोंके चीरते हुए
ताड़ की पत्तियों के झुरमुटों से
फिर बेंत आपकी त्वचा को बरतती है
क्रूरतापूर्वक नाचते हुए
एक संवेदनाहीन उत्साह से उछलते हुए
और इससे पहले कि आप चीखें या थरथराएं
कविता रुक जाती है
और कला की देवी को
अंतरिम रूप से दफना दिया जाता है
रचना के पूरा होने से बहुत पहले।
आक्रामकता
हमारी जो चुप्पी है
वह प्रतीक्षा करती है अंतहीन प्रतीक्षा
फिर
और भी ज्यादा सहन करने में असमर्थ हो
वह विलाप में फूटती है
पर सभी दमित प्रतिक्रियाओं की परिणति
त्रासदी का शोक मनाने में नहीं होती
कभी-कभी आंतरिक संघर्षों के बाह्य संकेत
बृहत्तर रूप ले लेते हैं
और क्रांति होती है
क्योंकि हमारे स्वप्न विस्फोटित होते हैं
अधिकांशतः आक्रामकता ही
सबसे प्रभावी समस्या निवारक सिद्ध होती है।
अद्वैतवाद : आधारभूत प्रश्न
अद्वैतवाद
आत्मन् और स्व
ब्रह्म और ईश्वर समान हैं
और समरूप भी
इसलिए मैं एक अस्पृश्य
एक बहिष्कृत ईश्वर हूँ
क्या आप कभी सहमत होंगे?
जो भी आप प्रतिपादित करते हैं उससे पृथक आप मुझे उत्तर दें
अपने संतों के माध्यम से
एक और अंतिम निर्णायक प्रश्न-
क्या मेरी अस्पृश्य आत्मा और
आपकी ब्राह्मण आत्मा क
भी एक हो सकती है?
हम पुनर्निर्माण करेंगे संसार का
हम पुनर्निर्माण करेंगे संसार का
टूटे हुए कांच से
और प्रलय के अवशेषों से
कभी अपने विश्वास के लिए प्रताड़ित और
मौन फुसफुसाहट में बोलने के लिए प्रशिक्षित
हम अनुरोध करेंगे
कि आप सूची प्रस्तुत करें
पवित्र स्मृतियों से
हमारे लोगों की
जो कलंकित हुए
जाति बहिष्कृत और अपमानित
अस्पृश्य के रूप में चौंसठ फ़ीट तक
जीवन से वंचित आजीविका से भी
और मौत के घाट उतारे गए
कई मायनों में
इसका वर्णन करने के लिए
एक महाकोश की आवश्यकता होगी
और स्टीवन्स स्पिलबर्ग
या ऐसे ही किसी व्यक्ति की
जो एक धमाकेदार संस्करण के लिए
निर्मित कर सके कुछ विशेष प्रभाव।
(एक अंश)
401/एस्पायर2, सुपरटेक एमराल्ड कोर्ट, सेक्टर 93 ए, नोएडा-201304मो.9312290977
