आंडाल लगभग 800 ईसवी की आलवार तमिल कवि हैं। 12 वैष्णव आलवारों में एक मात्र स्त्री कवि। उनके बचपन का नाम ‘गोदा’ था। तमिलनाडु के पेरियालवार यानी विष्णुचित्त को उनके पुष्पवन में वे एक अनाम शिशु की तरह मिली थीं। यहीं पलीं–बढ़ीं। उन्होंने कृष्ण को पति माना, उनके प्रेम में गीत गाए और आध्यात्मिक स्तर पर उन्हें पा लिया। उनका कृष्ण प्रेम एक काव्य रूपक है, जो उनके जीवन में एक असंभव स्वप्न की तरह है। वे कृष्ण को विष्णु के नाम से भी संबोधित करती हैं। एक स्त्री के रूप में उन्होंने विष्णु को प्रेम के आगे झुकने के लिए मजबूर कर दिया।

यह प्रसंग एक तरह से स्त्री सत्ता की स्थापना की तरह है। इसी कारण विष्णुचित्त ने उन्हें ‘आंडाल’ कहा। आंडाल यानी विष्णु को जीतने वाली। उनकी दो मशहूर रचनाएं हैं– ‘तिरुप्पावै’ और ‘नाच्चियार तिरुमोलि।’ पहली रचना में लड़कियों के व्रत का वर्णन है जबकि दूसरी में अपने प्रियतम को पाने की तड़प, विकलता, क्षोभ और प्रेम की अभिव्यक्ति है। पावै में 30 छोटी–छोटी और तिरुमोलि में 14 लंबी रचनाएं हैं।

 

कामदेव का गीत

1.
पूस भर मैं तेरे भवन के सामने
मैदान में सोई, रेत से रंगोलियां, मंडल बनाए
माघ के आरंभ में
तेरे भवन की ओर जाती सभी गलियां सजाकर
की तुम्हारे संग बंधु तेरे साम की आराधना
किस तरह जीवित रहूंगी वेंकटेश्वर के बिना
अग्निधर्मा चक्रधर अव्यक्त से मुझको मिला दो।

2.
रोशनी की किरच-सी उभरी सुबह
जब मैं नहाई सरित जल में
अग्नि को निष्कंट कोमल टहनियों की हवि चढ़ाई
श्वेत सुंदर रेत से गलियां सजाईं
व्रत किया!

काम! अपने धनुष पर चढ़ाओ वाण
मीठे शहद पूरित पुष्प का
नाम उसपर लिखो सागर रंग वाले श्याम का
बकासुर का वध किया जिसने
लक्ष्य कर उनको चलाओ वाण
मिला दो उनसे मुझे ओ! काम

3.
एक दिन में तीन अवसर ढूंढ़कर
मैं फूल टेसू-धतूरे के चढ़ाती तुमपर
अगर तुमने प्रार्थना मेरी न की स्वीकार
दुखी होकर कहूंगी
‘तुम न हो सम्मान लायक’

रचो सुंदर फूल का इक वाण, उसपर लिखो
मेरे प्रिय गोविंदा अतुलनीय का नाम
जो हैं बुद्धि के रस-तत्व
स्वामी वेंकटम को लक्ष्य कर उसको चला दो
और उसकी ज्योति में मुझको मिला दो।

4.
तुम पुरातन काल से हो प्रेमधर्मी काम!
मैंने भीत्ति पर लिखा तुम्हारा नाम
तुम्हारी चंवरधारी स्त्रियों के, मकर-ध्वज के
अश्व के और नयन-धनु के चित्र खींचे
क्या तुम्हें आया नजर वह?

बालपन में किया था वादा
करूंगी द्वारकापति को ही समर्पित समुन्नत स्तन
मिला दो शीघ्र उनसे।

5.
शंख, ज्योतित चक्र
जिनके हाथ में, उनके लिए ये धड़कते स्तन
अगर चर्चा भी हुई
मुझको किसी नश्वर पुरुष के हाथ देने की
न जिंदा रह सकूंगी मैं

इसे मैं हिंसा कहूंगी
ठीक वैसी ही कि जैसे देवताओं को
चढ़ा हवि धूर्तता से छीन कोई जंगली शृंगाल खाए
बताओ मन्मथ! उचित इसको कहोगे क्या?

6.
मास फागुन व्रत किया तेरा
प्रेम की अद्भुत कला में सिद्ध सुंदर युवाओं
संग गीत गाती कर रही तेरी प्रतीक्षा
नयन सुंदर बिछाकर
मेघ-जैसे रंग वाले श्याम
देख उनको लगे जैसे
हँस पड़ी हो पुष्प काया ‘करुविलै’ के
ध्यान उनका खींच, उनसे प्रार्थना कर
कमल-मुख मोड़ें जरा मेरी तरफ
काम! कुछ कर इस तरह कि मुझ अकिंचन पर
नजर उनकी पड़े, बरसे कृपा मुझ पर

7.
नई ऋतु का अन्न-चावल,
धान, गन्ना मधुर मन्मथ! चढ़ाया मैंने
साथ ही सीखी प्रशंसा की सहज भाषा
मना तिरुविक्रम प्रभो को
एक पग में धरा नापी थी जिन्होंने
चले आएं पास, मेरे कोमलांगों, कमर
मेरे स्तनों को प्रेम का स्पर्श दें
महिमा बड़ी होगी तुम्हारी।

8.
देह गंदी, बाल बिखरे, अधर पीले
खा रही दिन में महज इक बार
रक्खो ध्यान मेरे व्रत शपथ का काम!
मुझे इक बात कहनी है :
केशव के विरह ने हर लिया स्त्रीत्व मेरा
मुझे दो आशीष, उनके पांव गह
आनंद में डूबी रहूं
गौरव तुम्हें जग में मिलेगा।

9.
तीन बेला रोज तुमको
याद करती काम! ताजे फूल तुमको चढ़ाती हूँ
खुश न कर पाई
अगर सागर सरीखे श्याम को तो
यह अधूरा प्रेम, आंसू, दर्द की चीत्कार मेरी
दाग तुम पर ही लगाएगी

नियति तेरी काम! होगी उस कृषक-सी
बैल जोते खेत में दिन भर पर उसे खाना न दे
पीटे, भगा दे।

10.
पर्वतों जैसे गगनचुंबी भवन वाले
शहर शुभ पुडुवई के नृप निराले विष्णुचित्तन की
दुलारी कोदाई ने
तमिल में यह गीत माला गुनगुनाई
किया मन्मथ से निवेदन

धनुष गन्ने की तुम्हारे पास
तीखे वाण भी हैं पांच-पुष्पों के
मुझे प्रिय से मिला दे तू
वही, जिसने किया था
वध छली हाथी का
बकासुर को मिटाया
रत्न जैसा श्याम है ज्योतिमय भी है

लोग जो ये गीत गाएंगे
प्रभु का संग पाएंगे।
(अंश)

 

 

वरिष्ठ कवि–गद्यकार एवं दैनिक जनसंदेश टाइम्स के प्रधान संपादक। दो कविता संग्रह ‘सलीब पर सच’ और ‘मूर्तियों के जंगल में’, एक निबंध संग्रह ‘जाग मछन्दर जाग’ और संस्मरण एवं आलोचनात्मक लेखों का एक संग्रह ‘अंधेरे के पार’।

 

 

संपर्क : डी-1/109,  विराज खंड, गोमतीनगर, लखनऊ-226010 मो.9455081894