चार दशकों से पत्रकारिता।संप्रति लखनऊ में ‘जनसंदेश टाइम्स’ के प्रधान संपादक।एक काव्य संग्रह ‘सलीब पर सच’ प्रकाशित।

 

युद्ध : कुछ तस्वीरें

1
नक्शे पढ़ना जानती हैं मिसाइलें
नक्शे से कुछ भी मिटा सकती हैं मिसाइलें
लेकिन मनुष्यता के सपनों को
निशाना नहीं बना सकतीं मिसाइलें
सपने किसी नक्शे में नहीं आते।

2
युद्ध में पुल ध्वस्त हो सकते हैं
सड़कें गड्ढों में तबदील हो सकती हैं
निर्दोष नागरिक मारे जा सकते हैं
तख्त गिराए जा सकते हैं
पर गुलाम नहीं बनाए
जा सकते सुलगते हुए दिमाग
भीषण युद्ध के बीच भी जन्म ले सकती है
आजादी की आग

3
सीमा के पार घुमड़ती
एक पागल महत्वाकांक्षा के विरुद्ध
मां ने क्लाश्निकोव संभाल ली है
पिता के हाथों में पेट्रोल बम है
भाई सुरंगें बिछा रहा है
बहन मैगजीनें पैक कर रही है
बेटा घायलों की देख-भाल में जुटा है
रिश्तेदार मोर्चे पर निकल गए हैं

शांति के लिए भी कभी-कभी
उठाने पड़ जाते हैं हथियार
बहुत कम लोगों को पता होता है
कि जब भी मृत्यु सीधी चुनौती बनकर आती है
अमरता का अवसर भी साथ लाती है।

कहानी

मैं कहानियां सुनना चाहता हूँ
उनमें आने वाले जंगलों में भटकना चाहता हूँ
उनमें खो जाना चाहता हूँ
मैं कहना चाहता हूँ कि कोई
मुझे ढूंढने न आए

मैं पक्षियों, हिरनों से पूछना चाहता हूँ
जंगल में खतरे कितने हैं
रोशनी नीचे तक आती है या नहीं
अंधेरे से निकलने का कोई रास्ता है या नहीं

मैं नदी की देह में बहना चाहता हूँ
समझना चाहता हूँ कि आखिर वह किसी भी
प्यास को न क्यों नहीं करती
मैं उधर से निकलना चाहता हूँ
जिधर कोई गया नहीं आज तक

मैं पूरी प्रत्यंचा चढ़ाना चाहता हूँ
देखना चाहता हूँ कि तीर आसमान के पार
पहुंच सकता है या नहीं
मैं बचपन बचाए रखना चाहता हूँ
ताकि निडर बना रहूँ

मैं जानना चाहता हूँ कि आखिर
कब खत्म होगी राजा की कहानी
मैं हुंकारी पारता रहूँ, सो जाऊं
या कुछ और करूं।

अधूरी चीजें

अधूरी चीजों से हमेशा बनती
आई हैं नई दुनियाएं
अधूरे में ही चलती रहती है हलचल
अधूरे में ही होती है बार-बार उगने और
फूलने-फलने की संभावना

हजारों नदियां बहती चली
जाती हैं समुद्र तक
फिर भी हजारों नदियों के जल के लिए
खाली रहता है समुद्र
नदियां भी अपने समूचे
आयतन में कहां भरती हैं कभी
पहाड़ों से झरते पानी के लिए
खुली रहती हैं हमेशा

एक अधूरे को दूसरे अधूरे की
जरूरत रहती है हमेशा
किसी एक के भी मारे जाने से सारे
प्राणियों में कुछ मर जाता है
धरती भी मर जाती है थोड़ी

एक अधूरा अन्य अधूरों
के लिए मिट जाने को तैयार रहता है
सारे अधूरे मिलकर एक बड़ा अधूरा
रचते हैं, जो समूचे ब्रह्मांड के
मिल जाने पर भी अधूरा ही रहता है।