
वरिष्ठ कथाकार। दर्जनों पुस्तकें प्रकाशित। अद्यतन कहानी संग्रह ‘पहाड़ गाथा’।
नहीं मरती कभी घास
वह तिनका तिनका होकर बिखर गया
यह आदमी का मुहावरा है घास का नहीं
घास नहीं बिखरती तिनका तिनका
वह इकट्ठी रहती है
गट्ठर में रहती है घास
समूह में जीती है
जड़ों से कोंपल तक
इकट्ठी उगती है, इकट्ठी जलती है
घास है लहलहाती नदी की तरह
जैसे बह रही हो लहर-लहर
घास का पृथ्वी पर होना
शरीर पर वस्त्र का होना है
ढकती है घास पृथ्वी के नंगेपन को
घास है मां के शरीर का रोआं
जिससे खेलता है बच्चा रोमांच से
घास बीजता नहीं कोई
उगती है खुद हर जगह
घास जलती है तो और उगती है
पृथ्वी ही नहीं, पानी पर भी उगती है घास
घास बनती है बिछौना
घास बनती है घर
सूखकर भी जीवन देती है घास
मरकर और जिंदा हो जाती है
घास दूब हो जाती है पूजा के लिए
कुशा हो जाती है पवित्र
नहीं डरती घास आंधी तूफान ताप शीत से
तिनका तिनका हो कर नहीं बिखरती घास।
संपर्क : ‘अभिनंदन’ कृष्ण निवास, लोअर पंथा घाटी, शिमला-171009 मो.9418085595

