सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष। विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएं प्रकाशित। संप्रति ‘आखर’ साहित्यिक-सांस्कृतिक मंच से संबद्ध।

इस समय

इस समय
नायक-खलनायक
दोनों एक में मिल गए हैं

हत्यारा-मसखरा
दोनों एक में मिल गए हैं
खल-खल हँसने वाला खल
और तिलक-माले वाला संत
दोनों एक में मिल गए हैं

इस समय
राम और रावण
दोनों एक में मिल गए हैं

इस समय
विकास और विनाश
दोनों एक देह-एक प्राण हो कर
एक पथ में मिल गए हैं

इस समय
आंखों से
देखना-न देखना
कानों से
सुनना-न सुनना
दोनों एक में मिल गए हैं

सबसे भयानक बात
जीवन की धड़-धड़ कर धड़कने वाली सरगम
और मुर्दे की चुप्पी
दोनों एक में मिल गए हैं

एक साथ
एक ही आदमी के भीतर

ऐसे ही जय है
ऐसे ही
क्षय है
दोनों एक साथ
एक में मिल गए हैं
इस समय

लेकिन
जब गहरे सन्नाटे वाली रात का अंधेरा घिरेगा
तब उसके साथ सुबह नहीं होगी
बहुत दिनों तक!

पहाड़ों के बीच चलते हुए

(उत्तराखंड से लौट कर)
पहाड़ों से
मैंने मांगी ऊंचाई
भाल को उन्नत करने के लिए
चौड़ाई मांगी
कंधों को प्रशस्त करने के लिए
सारे शीत-ताप के प्रहार को
तड़ित के आघात को झेलने के लिए

मैंने मांगी बाहें
दिगंत तक फैलाने के लिए
उसमें विराट को भर कर चलने के लिए

मैने मांगी अडिगता
पांवों के लिए
अनम्यता मांगी रीढ़ के लिए

मैंने मांगी
घाटियों की गहराई
हर बादल की छांह को
भरने के लिए
वेगवती नदी मांगी
लड़ने के लिए
हर चट्टान को तोड़ कर
अपनी राह बनाने के लिए

मैंने मांगा
झरनों का हहास
मुख से
झरने के लिए
पहाड़ों के बीच चलते हुए

मैंने मांगा
बहुत आतुरता से
एक कवि
अपने समय के लिए!

तुम्हारे साथ

तुम्हारे हाथ कितने सुंदर हैं
तुम्हारे पांव कितने सुंदर हैं
कोई नहीं जान सकता
कभी भी
इन्हें देख कर

तुम्हारे हाथ को हाथ में लेकर
कितनी सड़कों को नापा मैंने
कितनी नदियों के किनारे गया
कितने समुद्रों के रंगों को देखा
कितने पहाड़ों पर चढ़ा
कितने झरनों तक गया

तुम्हारे साथ ही
इतिहास की वादियों में उतरा
उसकी धरोहरों में, खंडहरों में
कितना भटका किया
उनके समयों को जिया
उसके दीर्घ प्रवाह के एकांत में बैठकर

तुम्हारे साथ
मैंने बार-बार याद किया
इस दुनिया के इतिहास के
सबसे खूबसूरत
सबसे प्यारे नक्षत्रों की तरह जगमगाते
सबसे महान नायक-नायिकाओं को
हमने उनकी पावन झांकियां सजाईं
एक नई दुनिया के उनके सपनों को उतारा
लोगों की आंखों में

तुम्हारे साथ
कितने सुंदर सपनों को जिया
मैंने
इस दुनिया को सुंदर बनाने के लिए
तुम्हारे साथ
इसी काम के लिए तो
कितना-कितना
मैंने आग के अक्षरों को बांटा किया
लोगों के हाथों में
इतने सुंदर
इतने सुंदर हाथ मिलते कहां हैं
इस दुनिया की राहों में!

संपर्क : 38/28, अमर नाथ झा मार्ग, प्रयागराज–211002 मो.8853964125