![]() |
![]() |
|
प्रशांत असनारे चर्चित मराठी लेखक और कवि। तीन कविता संग्रह प्रकाशित। महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण में अभियंता। |
सुधीर ओखदे चर्चित व्यंग्यकार और कवि। व्यंग्य की 4 पुस्तकें प्रकाशित। आकाशवाणी के निवृत्त कार्यक्रम अधिकारी। |
अचूक निशाना
गुरुदेव ने अर्जुन से पुछा
तुम्हें पेड़ पर क्या दिख रहा है?
अर्जुन ने कहा,
पक्षी की स़िर्फ एक आंख!
गुरुदेव ने मुझसे पुछा
तुम्हें पेड़ पर क्या दिख रहा है?
मैंने कहा
पक्षी की दो आंखें
उसकी एक आंख में
मुझे उसका बारिश में भीगा
घरोंदा दिख रहा है
और दूसरी आंख में
उसकी प्रतीक्षा करते
छोटे छोटे चूजे
गुरुदेव ने कहा
भावना को छोड़ो
अचूक निशाना साधो
और मारो बाण
मैंने भावना छोड़ दी
अचूक निशाना साधा
और
मारा बाण
निरपराध पक्षी की तरफ इशारा करते
गुरुदेव की छाती पर।
औरतें
सारी औरतें
जीवन भर यूं ही जीती हैं
बच्चों के लिए लोरियां
पति के लिए प्रेम गीत
और प्रभु के लिए
भक्ति के गीत गाते हुए
सारी औरतें
जीवन भर
यूं ही जीती हैं
लय
सुर
और ताल में
सबके लिए
समर्पण का
अभिराम गीत
होकर।
ठक-ठक
सिग्नल पर बस रुकी हुई
और बाहर मेरे कांच पर
एक गरीब लड़की की ठक ठक
जेब में हाथ डालकर
पैसे निकालते-निकालते
सिग्नल का रंग बदलता है
बस आगे निकल जाती है शीघ्रता से
खूब थक जाने के बावजूद
रात को मुझे नींद नही आती जल्दी
सिग्नल का लाल रंग आंखों में फैला है
और अस्वस्थ मन के कांच पर
उस गरीब लड़की की ठक ठक।
संपर्क :
प्रशांत असनारे
‘अभिनंदन’ मुखर्जी बंगले के बगल में, राऊतवाडी, अकोला 444005
मो.9763714304
सुधीर ओखदे
‘अव्यान’ ब्लॉक नंबर 1, गट क्रमांक 561/2डी/1/2, प्लॉट क्रमांक 51 अनुराग स्टेट बैंक कॉलनी, पवन हिल्स, जलगांव, महाराष्ट्र-425002 मो. 9867537659


