(जन्म : 1966) चर्चित कथाकार और पत्रकार। प्रकाशित कृतियां ‘कुछ रंग बेनूर’ ‘धधक धुआं धुआं’, ‘और कोई बात नहीं’ (कहानी संग्रह), ‘चलती चाकी’, ‘नींद क्यों रात भर नहीं आती’ (उपन्यास)। इसके अलावा बच्चों और किशोरों के लिए भी लेखन। संप्रति जनसत्ता में एसोसिएट एडिटर।

 

जोर का झिंझोड़ा खाकर अख्ताबिया की नींद खुल गई थी। नहीं, खुली नहीं, टूट गई थी। टूटकर दोफाड़ हो गई थी। यानी नींद, आधी थी, आधी नहीं थी। नींद के साथ अख्ताबिया भी दो हिस्सों में बंट गई थी। आधी सोई, आधी जागी। अपनी चेतना में वह आधी थी, आधी नहीं थी। जिस आधे हिस्से में वह नहीं थी, उसमें अब भी उसके सपने सुगबुगा रहे थे। जिस आधे हिस्से में वह थी, उसमें घर के भीतर भय और भागमभाग थी। पर घर किसका है, अख्ताबिया समझ नहीं पा रही थी। उसने समझने की कोशिश की। शायद वह आधा समझ पाई, आधा नहीं समझ पाई। वह बिस्तर से उठ कर जहां खड़ी हुई थी, वहीं खड़ी रही।

उसने देखा कि घर के भीतर मोमबत्ती की पीली, मरियल-सी रोशनी फैली है। नींद से निकली आंखों के लिए यह रोशनी पर्याप्त थी। उसने देखा कि मां ने उसके सोते हुए छोटे भाई को अपनी पीठ पर बांध रखा है। भाई अब भी गहरी नींद में है। उसकी गर्दन बाईं तरफ को लटकी हुई है। वह घर के भीतर मची भगदड़ से बिलकुल बेखबर है। मां जल्दबाजी  में है। अलमारी से कपड़े निकाल कर एक चादर में बांध रही है। पिता लपक कर कभी बाहर जाते हैं, तो कभी लपक कर भीतर आ जाते हैं। वे कभी मां की कुछ मदद कर देते हैं, तो कभी झुंझलाकर सामान बटोरती मां को झिड़क देते हैं। पिता जल्दी में हैं। मगर मां जैसे हड़बड़ी में भी हर चीज को समेट लेने के मोह से आविष्ट है। उसका वश चलता तो वह इस पूरे घर को उसी तरह अपनी पीठ पर लाद लेती, जिस तरह भाई को बांध रखा था। मगर पिता की झुंझलाहट बढ़ती जा रही है। उन्होंने उसी जल्दबाजी और झुंझलाहट में अख्ताबिया को उकसाया था, ‘जल्दी से अपने सामान बांध ले बेटा। हमें तुरंत यह जगह छोड़ देनी होगी। लोग निकल जाएंगे, तो हम अकेले छूट जाएंगे। फिर मारे जाएंगे हम।’

पिता के इस वाक्य ने जैसे अख्ताबिया की बची हुई नींद पर हथौड़ा चला दिया था। वह नींद से थोड़ी और बाहर निकल आई थी। मगर पूरी तरह नहीं। मां की हड़बड़ी और पिता की जल्दबाजी में अख्ताबिया ने केवल इतना सहयोग किया था कि स्टूल पर चढ़ कर ऊपर के आले से अपनी गुड़िया को उतारने लगी थी। वैसे भी उसे आज नीचे उतारना ही था। अख्ताबिया ने गुड़िया से वादा किया था कि आज के दिन वह उसे नीचे उतारकर अपने बिस्तर पर सुलाएगी। परीक्षाएं शुरू हुई थीं, तो उसने खुद गुड़िया को आले पर चढ़ाते हुए उससे यह वादा किया था। अख्ताबिया कभी अपने वादे भूलती नहीं। इसलिए आधी नींद में भी उसे अपना वादा याद रहा। अब जब पिता यह घर छोड़कर जाने को कह रहे हैं, तो वह गुड़िया को अकेले कैसे यहां छोड़ सकती थी।

स्टूल पर चढ़ कर अख्ताबिया ने आले की तरफ हाथ बढ़ाया ही था कि उसकी आहट से घबराकर रोशनदान पर बैठे कबूतर पंख फटफटाते बाहर को उड़ गए थे। अख्ताबिया थोड़ी डर गई थी, पर भयभीत नहीं हुई। उन कबूतरों से भी उसका रोज का राब्ता था। मगर इस वक्त उनके पंख फटकने से उसके नींद वाले हिस्से में हलचल हुई थी। उस नींद में, जिसमें इतिहास जाग रहा था। इसलिए अख्ताबिया समझ नहीं पाई कि पंखों की वह फटफटाहट वास्तव में कबूतरों के पंखों की थी, उसके सपने उड़े थे या उसके सपनों में जागते इतिहास ने अपने पंख फटके थे।

कल ही तो अख्ताबिया की परीक्षा खत्म हुई थी। आज उसे जल्दी जागने की कोई हड़बड़ी नहीं थी। नींद में उतरने से पहले उसने मां से भी कह दिया था कि आज वह उसे जल्दी न जगाए। वह जितनी देर सोना चाहती है, सोने दे। कल उसका इतिहास का पर्चा था। उसका प्रिय विषय। इस रात वह इतिहास को लेकर नींद में उतरी थी। अख्ताबिया ने अनुभव किया है कि जब भी वह इतिहास के साथ नींद में उतरती है, तो उसके सपने कुछ अधिक उमगते हैं।

मगर अभी तो उन सपनों के साथ सोने का वक्त नहीं है। इस तरह सपनों में रुकावट आने से अख्ताबिया निराश हो गई थी। उसने देखा कि मां ने एक भारी गठरी अपने सिर पर रख ली है, एक बड़ा बैग उसने हाथ में टांग लिया है और लगभग पैर घसीटते हुए बाहर निकल रही है। सबसे बड़ा गट्ठर पिता ने अपने सिर पर लाद लिया है और गुड़िया को गोद में चिपकाए खड़ी अख्ताबिया के कंधे पर एक भारी बैग टांग दिया है। पिता अख्ताबिया का हाथ पकड़ कर घर से बाहर ले आए हैं। मां अपने हाथ का बैग जमीन पर रख कर घर के बाहर ताला लगा रही है।

बाहर घुप्प अंधेरा है। सारा मुहल्ला अंधेरे में डूबा हुआ है। अख्ताबिया ने अपने आसपास के घरों पर नजर डाली। मुहल्ला अंधेरे में भी जाग रहा है। हर घर से वैसी ही हलचल सुनाई दे रही है, जैसी अख्ताबिया के घर में है। मगर ऐसा घना अंधेरा तो आम दिनों में नहीं होता। शायद आसमान में बादल घने हो गए हैं। काले और भयानक बादल। शायद कभी भी फट पड़ सकते हैं। शायद बिजली चली गई है। क्या पता, जानबूझ कर बिजली काटी गई हो। अख्ताबिया अब भी आधी जागी, आधी सो रही है। आधी जागी अख्ताबिया सवाल कर रही है, पर जवाब शायद नींद में से उभर रहे हैं। जब भी कोई फसाद होता है, तो इसी तरह बिजली काट दी जाती है। अख्ताबिया ने नींद में ही जवाब दिया था। फिर उस जवाब ने दूसरे सवाल का सिरा पकड़ लिया था- तो क्या फिर से फसाद हो गया! इस सवाल का जवाब अख्ताबिया दे न सकी। उसने देखा कि पिता ने अपने कमरबंद में खुकरी खोंस ली है। वे अख्ताबिया का हाथ पकड़ कर नीचे सड़क की तरफ उतरने लगे हैं। सिर और कंधों पर गठरी, पीठ पर भाई को बांधे मां अख्ताबिया के पीछे चल रही है। अंधेरे में कुछ सूझ नहीं रहा। पिता बार-बार सावधान कर रहे हैं कि संभल कर चलो। मगर अख्ताबिया को शायद इसकी जरूरत नहीं। उसके पैर उस रास्ते को पहचानते हैं। वह आधी सोई, आधी जागी, टूटे पथरीले रास्ते से नीचे उतर रही है। शायद कोई और दिन होता तो वह अपने मोबाइल का टॉर्च जला कर मां और पिता को रास्ता दिखाती चलती, पर इस वक्त शायद उसे इसकी जरूरत ही महसूस नहीं हो रही थी। उसे शायद अपने, पिता और मां के पैरों पर भरोसा था। इस रास्ते का इन पैरों से और इन पैरों का इस रास्ते से रोज का राब्ता है।

सड़क के चौक पर पहुंचकर अख्ताबिया ने महसूस किया कि वहां बहुत सारे लोग जमा हैं। अंधेरा घना होने के बावजूद, लोगों की छायाएं दिखाई दे रही हैं। सब हड़बड़ी और जल्दबाजी में हैं। सब फसफुसाते हुए बतिया रहे हैं। उनकी आवाज में भय और आक्रोश है। अचानक सामने की पहाड़ी पर आग की लपटें उठी हैं। चौक पर खड़ी भीड़ से दबी हुई, फुसफुसाती समवेत चीख निकल गई है। अख्ताबिया ने ध्यान दिया, वह आग पहाड़ी के उपासना घर में लगी है। उस आग की लपटों ने जैसे पहाड़ी के अंधेरे पर प्रहार कर दिया है। उसकी मद्धिम रोशनी चौक तक पहुंच रही है। उस रोशनी में चौक पर जमे लोगों के चेहरों पर दहकती लाली पुत गई है। अख्ताबिया को चौक पर जमा चेहरे अंगीठी के झंवाते अंगारों की तरह लगे थे। उसने नोट किया कि लोगों के हाथ उनकी खुकरियों पर कस गए हैं। तभी नीचे बाजार की तरफ से पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनाई पड़ा है। चौक पर खड़े लोगों के चेहरे का कसाव कुछ ढीला पड़ने लगा है। अब नीचे से ऊपर को चढ़ती दो गाड़ियों की बत्तियां भी नजर आने लगी हैं।

अख्ताबिया अब भी आधी नींद में है। उसकी नींद में सपने जाग रहे हैं। उसे नींद में ही अपने आप पर शक पैदा हो गया है। उसने अपने आप से पूछा, मैं कहां हूँ। यह जगह कौन-सी है?

उसका सवाल सुनकर उसकी नींद में इतिहास के पन्ने फड़फड़ाने लगे थे। इतिहास भी शायद नींद में है, या कि भ्रमित है। अख्ताबिया को लगा कि इतिहास की तारीखें और घटनाएं एक रंग-बिरंगी चकरी पर चिपका दी गई हैं और वह चकरी अपनी पूरी रफ्तार में चल पड़ी है। चकरी पर दर्ज तारीखें और इबारत गड्डमड्ड हो गई हैं। चकरी पर केवल एक रंग दिखाई दे रहा है। वही रंग सामने की पहाड़ी पर आग की लपटों से जा मिला है। कालिख-सना लाल रंग। अख्ताबिया के सवाल का कोई एक जवाब नहीं मिल पा रहा। जवाब कई मिल रहे हैं। सारे जवाब संशय में सने हुए हैं। उन जवाबों में जगहों के अस्फुट, बुदबुद नाम फूट रहे हैं- गाजा… सीरिया… यूक्रेन… बलूचिस्तान… श्रीनगर… मणिपुर…। अख्ताबिया तय नहीं कर पा रही कि वह वास्तव में है कहां। उसने अपने मोबाइल का बटन दबा कर लोकेशन चेक किया, पर विफल रही। इंटरनेट बंद था।

नीचे बाजार की तरफ से आई पुलिस की जीपें चौक पर खड़े लोगों के पास आकर रुक गई थीं। उनमें सवार सिपाहियों ने लोगों से कुछ बात की थी। फिर सिर पर सामान लादे भीड़ चल पड़ी थी। एक जीप भीड़ के आगे-आगे चल रही थी, दूसरी जीप पीछे चलने लगी थी। पिता का हाथ थामे अख्ताबिया भी चल पड़ी थी। आधी सोई, आधी जागी। उसका भाई अब भी मां की पीठ पर गठरी बना, नींद में गाफिल था। अख्ताबिया का मन हुआ कि वह उसे झिंझोड़ कर जगा दे, जैसे मां ने कुछ देर पहले उसे जगाया था। सात साल का हो गया, मगर अब भी मां से ही चिपका रहता है। मगर जागी हुई अख्ताबिया ने उसे ऐसा करने से बरज दिया था- भाई बेचारा कर भी क्या सकता है। पोलियो ने उसकी टांगों की ताकत छीन ली है। वह खुद इस भीड़ के साथ चल भी तो नहीं सकता। अच्छा है कि वह नींद में है। भीड़ के संग अख्ताबिया चली जा रही है- आधी नींद में, आधी चेतना में।

 

अब दृश्य बदल गया था। पहाड़ी से चल कर नीचे को उतरी भीड़ एक इमारत के आगे आकर रुक गई थी। इमारत में कुछ सोलर लालटेनें, कुछ बैट्री बत्तियां जल रही थीं। जिसे जहां जगह मिल रही थी, उसने वहां अपने सामान उतारकर रखना शुरू कर दिया था। अख्ताबिया ने देखा, पिता ने अपने सिर का गट्ठर उतारकर एक खुली जगह में रख दिया है। गट्ठर से निकालकर एक चटाई फैला दी है। मां ने पीठ से उतारकर भाई को उसपर सुला दिया है। पिता ने अख्ताबिया को भी वहीं बैठने को कहा। फिर मां और पिता ने महसूस किया कि वे अपने साथ पानी की बोतल लाना तो भूल ही गए। उन्हें प्यास लग आई थी। पिता ने अगल-बगल बिस्तर और सामान जमाते लोगों में से किसी से पूछा कि उनके पास पीने का पानी है क्या। अख्ताबिया ने देखा कि किसी ने अपने बैग से निकालकर पानी की बोतल पिता की तरफ बढ़ा दी है। उसी वक्त किसी ने बताया कि पानी का नल इमारत के कोने में लगा हुआ है। वहां से पानी भरा जा सकता है।

अख्ताबिया ने इमारत के उस हिस्से की तरफ नजर दौड़ाई, जिधर उस आदमी ने पानी का नल बताया था। अख्ताबिया को लगा कि यह इमारत उसकी जानी-पहचानी है। वह उस नल को भी पहचानती है, जिसके बारे में अभी उस आदमी ने बताया है। अख्ताबिया की चेतना जैसे बुदबुदाई थी- यह तो मेरा स्कूल है। हां हां, यह मेरा स्कूल ही है। कल यहीं तो मैंने अपनी परीक्षा का आखिरी पर्चा लिखा था। वहां, ऊपर के कोने वाले कमरे में। वो वहां, पहली मंजिल के बीच वाले कमरे में मेरी कक्षाएं लगती थीं मगर हमें यहां क्यों इस तरह लाया गया है। मेरी तो परीक्षाएं खत्म भी हो गईं मगर अभी तो राइमा और आसिया का आखिरी पर्चा बचा हुआ है। उनका पर्चा रद्द तो नहीं हो गया! फिर तो उनका रिजल्ट भी रुक जाएगा। न जाने फिर कब होंगी उनकी परीक्षाएं। उनका रिजल्ट रुकेगा, तो मेरा भी तो रुक जाएगा। सभी का रुक जाएगा। अख्ताबिया के भीतर अब दूसरी उथल-पुथल शुरू हो गई थी। उसे यकीन हो गया था कि उसका स्कूल अब स्कूल न रहा, शरणार्थी शिविर में बदल गया है। अब यहां कक्षाएं नहीं लगेंगी। जब तक हिंसा रुक नहीं जाती, लोग यहीं रुके रहेंगे।

अख्ताबिया अपने प्रांत की हलचलों से अनजान नहीं थी। उसे खबर थी कि यहां के लोग अपनी जातीय पहचान की सुरक्षा को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। कई दिनों से विधानसभा के बाहर धरना-प्रदर्शन चल रहा है। उसे यह भी खबर थी कि दूसरे समुदाय के लोग दबंग हैं और सत्ता में उन्हीं की पकड़ है। सरकार में बैठे लोगों का इरादा हमारे समुदाय की जातीय पहचान मिटाने का ही अधिक है। मगर स्थिति इतनी खराब हो जाएगी, अख्ताबिया को अंदाजा न था। अख्ताबिया की उम्र कम जरूर है, पर सामाजिक विषयों में उसकी दिलचस्पी और समझ परिपक्व है। उसकी चेतना में दर्ज यह सूचना जेब से गिरे सिक्के की तरह खनकी थी- सत्ता की शह पर जातीय हिंसा भड़क उठी है। ओह, पूरी दुनिया में सत्ताएं यही तो कर रही हैं। सदा से यही करती रही हैं।

अख्ताबिया की नजर मां और पिता पर गई। वे गठरियों के पास खुद गठरी बने बैठे थे। टांगों को ऊपर की ओर मोड़े, घुटनों पर बाहें और बाहों पर ठुड्डी टिकाए वे दोनों पास-पास, पर खामोश बैठे थे। न जाने उनकी आंखें कहां टिकी थीं। निश्चय ही भविष्य पर टिकी होंगी। भाई अब भी इन सब हलचलों से बेखबर, सो रहा था। अख्ताबिया सोच रही थी कि जब वह नींद से जागेगा, तो क्या सोचेगा। स्कूल तो उसका भी छूट गया। न जाने कब तक खुलेगा स्कूल। इन दिनों ऐसे फसाद सालों-साल चलते हैं। जब तक दबंग जातियां अपनी दुश्मन जातियों की पहचान मिटा नहीं देतीं, तब तक उनकी नफरत खत्म नहीं होती। मगर इस तरह न तो किसी की पहचान मिटाई जा सकती है और न ही मिट पाती हैं नफरतें।

अख्ताबिया की नींद में इतिहास के पन्ने फिर फड़फड़ाने लगे थे। इतिहास के रक्तरंजित पन्ने। उन पर अंकित जिरहबख्तर बांधे, हाथों में हथियार उठाए, आंखों से रक्तिम लपटें लहकाते, हिंसा से भरे लोगों की तस्वीरें फड़फड़ाने लगी थीं। अख्ताबिया की चेतना में वही चकरी फिर से गतिमान हो गई थी, जिस पर इतिहास की तारीखें, घटनाएं और तस्वीरें दर्ज थीं।

अख्ताबिया ने ध्यान दिया, आसमान में उजास फूटने लगी है। हालांकि आसमान पर काले बादलों का डेरा था, पर उनसे संघर्ष करती सुबह की उजास बाहर निकल ही आई थी। चटाई पर लेटा भाई कुनमुनाया था। मां और पिता अब भी घुटनों पर ठुड्डी टिकाए आसमान के काले बादलों में कुछ तलाशने का प्रयास कर रहे थे।

तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो पुलिसवाले वहां हाजिर हुए थे। उन्होंने स्कूल में जमा लोगों को सूचना दी थी- ‘घबराने की कोई बात नहीं। आप लोग यहां सुरक्षित हैं। अपनी-अपनी सुविधा के मुताबिक अपने रहने की जगह बना लीजिए। एक-दो दिन में आप लोगों के लिए राहत सामग्री भी पहुंच जाएगी। कोई भी नीचे घाटी की तरफ उतरने का प्रयास न करे। कोई भी इस शिविर को छोड़ कर बाहर न जाए, नहीं तो जान का खतरा है। पूरे प्रांत में तनाव है। दहशतगर्द किसी को भी मार सकते हैं। सेना और पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। निषेधाज्ञा लागू है।’ फिर उन दोनों ने स्कूल के चपरासी से दो कुर्सियां मंगवाईं और जाकर स्कूल गेट के बाहर बैठ गए थे।

अख्ताबिया ने ध्यान दिया कि गठरी-मोटरी लादे स्कूल परिसर में आ जुटे लोगों में हलचल बढ़ गई थी। सब अपने-अपने साथ लाए सामान जमाने लगे थे। कुछ लोग इसी बात के लिए झगड़ने लगे थे कि उनके हिस्से की जमीन पर कोई दूसरा न हक जमाए। जिसने जिस जगह पहले अपना सामान रख दिया था, वह वहीं जम जाना चाहता था। अब अच्छी-खासी हांवहांव-कचकच शुरू हो गई थी। ऊपर के बरामदे से तो कुछ लोगों के आपस में गाली-गलौज करने और एक-दूसरे को मार-काट डालने की धमकियां देने की तेज आवाजें भी सुनाई देने लगी थीं। मानो, लोग यहीं सदा के लिए रहने आ गए हों। जो लोग यहां पहले पहुंच गए थे, उन्होंने स्कूल के कमरों पर अपना अधिकार जमा लिया था। मगर स्कूल में कमरे इतने थे नहीं कि सभी के लिए जगह बन पाए। ऊपर-नीचे मिला कर कुल छब्बीस सत्ताईस कमरे ही तो थे। हर कमरे में अगर दो-दो, तीन-तीन परिवार भी शरण लें, तो सबके लिए जगह नहीं बन पाती। सैकड़ों परिवार आ जुटे थे। कुछ ने बरामदों में अपने सामान जमाने शुरू कर दिए थे। बाकी स्कूल के आगे के मैदान और पीछे खेल के मैदान में फैलने लगे थे। मगर, अख्ताबिया ने देखा कि मां और पिता इन सबसे बेखबर पहले की तरह घुटनों पर ठुड्डी टिकाए आसमान की तरफ देख रहे हैं।

अख्ताबिया के सपनों में सुगबुगा रहे इतिहास के पन्ने फिर फड़फड़ाए थे- इसी तरह तो लोग सदियों से अपनी जड़ों से उखड़ते और नई जगहों पर अपनी जगह बनाते रहे हैं। जिसने जहां जितनी जगह हथिया ली, वह वहां का मालिक बन बैठा। आदमी की फितरत भी अजीब है। सारा कुछ लुटा-गंवा कर भी फिर से जमीन-जायदाद के लिए संघर्ष शुरू कर देता है। मगर अख्ताबिया हैरान थी कि उसके पिता ऐसी किसी होड़-हड़प में शामिल नहीं थे। शायद मां भी इसीलिए चुपचाप घुटनों पर ठुड्डी टिकाए बैठी थी।

अख्ताबिया समझ नहीं पा रही थी कि अब इस जगह आकर पिता क्या करेंगे। मां की दिनचर्या क्या होगी। पिता चित्रकार हैं। रंगों और रेखाओं से हर दिन एक नई दुनिया रचने वाले कलाकार। लुप्त होती स्थानीय, पारंपरिक चित्रकला को उन्होंने सहेजने का प्रयास किया है। काफी हद तक कामयाब भी हुए हैं। मां बताती है कि जब उनके चित्रों का कोई मोल नहीं समझता था, तब भी वे कभी हताश नहीं हुए। वे रोज सुबह बाजार में उतर जाते, एक दुकान के बाहर अपने चित्र टांग देते और वहीं बैठ कर दिन भर चित्र बनाते रहते। शाम को चित्र समेटकर घर लौट आते। बरसों यह पागलपन चलता रहा। कोई उनके चित्र नहीं खरीदता था। आमदनी थी नहीं, ऊपर से रंग, कागज, ब्रश का खर्च और बैठता था। कभी-कभी मां उन्हें टोकती भी थी कि कुछ और काम शुरू करो, चित्रकारी शौक के लिए रखो। मगर वे माने नहीं। और एक दिन उनकी लगन रंग लाई। उनके रंग और और रेखाओं का मोल आखिर किसी ने समझा। कभी-कभार इस पहाड़ी इलाके में कुछ सैलानी आ जाया करते थे। एक दिन एक विदेशी जोड़े की नजर पिता के चित्रों पर पड़ी और वे देख कर मुग्ध हो गए। न केवल उन्होंने कई चित्र खरीद लिए, बल्कि कुछ कला दीर्घाओं में पिता के चित्रों के प्रचार-प्रसार का वादा भी किया। उन्होंने वापस लौटकर उस वादे को पूरा भी किया था। इस तरह पिता के चित्रों में चमक लौट आई थी, उनके हाथों का हुनर बलवान हो उठा था। अब तो इस इलाके में भी उनके काम की पहचान बन गई थी। कुछ स्थानीय युवा उनसे काम सीखने आते थे। दो साल पहले ही पिता ने अपने चित्रों की कमाई से बाजार में एक दफ्तर और नीचे दुकान खरीद ली थी। अब वहीं बैठते थे। दिन भर उनके पास चित्रकारी के शौकीन युवाओं की बैठकी चलती रहती थी।

पिता की तरक्की से मां खुश थी। मगर उसने अपनी दिनचर्या नहीं बदली, न पिता ने कभी उससे ऐसा करने को कहा। वह सुबह सबके लिए खाना बनाकर, काम पर भेजकर, वह दूसरी पहाड़ी पर खेतों में काम करने निकल जाती थी। वहां कुछ पुश्तैनी खेत हैं। मां उनमें साग-भाजी, भुट्टे वगैरह उगाती थी। बाजार में बेचकर वह भी कुछ कमाई कर लिया करती थी।

अख्ताबिया ने महसूस किया कि मां और पिता के हाथ-पांव जैसे जकड़ गए हैं। वे आपस में इस तरह बंध गए हैं कि जैसे कभी खुलेंगे ही नहीं। उसे लगा कि किसी ने जबरन मां और पिता के हाथ-पांव बांधकर गठरी की तरह इस स्कूल के मैदान में ला पटका है। उसकी चेतना में आवाज उभरी- तो क्या मां और पिता कभी अपने मनचाहे काम नहीं कर पाएंगे! क्या वे दोनों कभी कोई काम नहीं कर पाएंगे! उनकी दशा देख अख्ताबिया की रुलाई छूट गई थी। मगर उसने अपने आप को संभाला। आंखों से आंसू ढुलकने नहीं दिया। गर्दन घुमा कर वह स्कूल परिसर में गहमागहमी मचाए लोगों को देखने लगी। फिर जैसे खुद को आश्वस्त किया- हाथ-पांव तो इन सारे लोगों के भी नाकाम हो चुके हैं। बेशक ये चलते-फिरते नजर आ रहे हैं, पर लंगड़े-लूले हो चुके हैं ये लोग। फिर उसने पास में सो रहे अपने भाई की टांगों पर नजर डाली। उसकी सरकंडे की तरह सूखी, टेढ़ी टांगों को देर तक देखती रही। पिता चाहते हैं कि भाई भी उनकी तरह चित्रकारी का हुनर सीखे। अपनी स्थानीय चित्रकला परंपरा को आगे बढ़ाए। वे जब भी घर में चित्र बनाते हैं, उसे अपने पास बिठा लिया करते हैं, उसे बताते रहते हैं रंगों और रेखाओं की चाल के बारे में।

अख्ताबिया खयालों में खोई थी कि तभी स्कूल गेट के बाहर बैठे सिपाहियों में से एक उठ कर आया और घूम-घूम कर बताने लगा था- ‘अभी आप लोग जैसे भी हो, अपने खाने-पीने का इंतजाम कर लीजिए। प्रशासन आप लोगों के लिए तंबू और खाने-पीने की चीजों का इंतजाम करने में जुटा है। अभी शहर में तनाव बढ़ गया है, इसलिए मुश्किलें आ रही हैं। कई जगहों से सप्लाई लाइन कटी हुई है। जैसे ही स्थिति कुछ काबू में आती है, आप लोगों की सुविधा की चीजें मुहैया होनी शुरू हो जाएंगी।’ अख्ताबिया ने देखा कि सिपाही की इन बातों का भी मां और पिता पर कोई असर नहीं पड़ा है। वे जस के तस, गठरी बने बैठे हैं। आसमान में उजास बढ़ गई है, पर भाई अब भी नींद में है। आसमान में बादल थोड़े और घने हो गए हैं। कभी भी बरस सकते हैं। अख्ताबिया चिंतित हो गई कि अगर बरसात शुरू हो जाएगी, तो इस खुले आसमान में कैसे रहेंगे हम। उसके मन में मां और पिता की, भीषण बरसात और कड़कते बादलों के नीचे गठरी बनी बैठी तस्वीर उभर आई थी। वह गर्दन घुमाकर बरामदे में कोई ऐसी जगह तलाश करने लगी, जहां बारिश में भाई, घर से लाए सामान और मां-पिता की गठरी को खींचकर टिकाया जा सकता था।

 

करीब महीना बीत गया था। स्कूल में सरकारी तंबू तान दिए गए थे। सबने उनमें अपनी-अपनी गृहस्थी बसा ली थी। शिविर की दिनचर्या व्यवस्थित हो गई थी। शिविर ने लोगों को और लोगों ने शिविर को स्वीकार कर लिया था। रोज सुबह-शाम पानी का टैंकर आता और लोग पानी भरने को धक्का-मुक्की शुरू कर देते। उसके बाद खाने की गाड़ी आती और फिर वही धक्का-मुक्की शुरू हो जाती। पुलिस वाले डंडा फटकारते, कतार बनवाते और व्यवस्था बनाते। मां के साथ अख्ताबिया भी बाल्टी लिए पानी और फिर थाली-कटोरा लिए खाने की कतार में खड़ी हो जाती। अब यही लोगों की दिनचर्या बन चुकी थी। बच्चे सुबह होते ही समूह बनाकर तरह-तरह के खेल शुरू कर देते। अख्ताबिया का भाई भी टांगें घसीटता जाकर उन्हीं में से किसी समूह के खेल का दर्शक बन जाता। लोग किसी तंबू के बाहर जुटकर बतियाते रहते। कुछ लोगों ने अपने तंबुओं के आगे बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, चिप्स, शर्बत, चाय वगैरह की दुकानें शुरू कर ली थी। उन दुकानों के बाहर सुबह से लेकर देर रात तक लोगों की अड्डेबाजी चलती रहती। इन अड्डेबाजियों में कुछ लोग किसी दूसरे मुल्क भाग जाने के मंसूबे भी बांधते। ऐसे मंसूबे बांधने और खबरें खखोड़ने का सिलसिला चलता रहता। इन गतिविधियों में दिन में केवल दो बार क्रमभंग होता, जब खाने की गाड़ी खाना लेकर आती। मगर खाने की गाड़ी आने का भी कोई तय नियम नहीं था। अक्सर गाड़ी नहीं आती, केवल सूचना आती कि रसद और खाने की गाड़ी को उपद्रवियों ने रोक दिया है। जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक खाने-पीने का इंतजाम लोगों को खुद करना पड़ेगा। ऐसे में लोग शिविर के खोखों की तरफ दौड़ लगाते। मगर वहां भी कुछ बिस्किट, चिप्स वगैरह के अलावा कुछ हाथ नहीं लगता।

मगर अख्ताबिया के पिता न कहीं जाते, न किसी से बात करते, किसी अड्डेबाजी का हिस्सा वे अब तक नहीं बन पाए थे। दिन भर तंबू में, घुटनों पर ठुड्डी टिकाए गठरी बने, बैठे रहते थे। मां खाना लाकर देती तो कभी खा लेते, कभी नहीं खाते।

इस शिविर में अख्ताबिया की जरूर दो-तीन सहेलियां बन गई थीं। वे भी इसी स्कूल में पढ़ा करती थीं। मगर उसकी स्कूल की पक्की सहेलियां- राइमा और आसिया उसे नहीं मिल पाई थीं। अख्ताबिया ने यह सोच कर उनके बारे में चिंता करना लगभग छोड़ दिया था कि उनके परिवार ने शायद किसी और शिविर में शरण ली होगी। या क्या पता, वे अपने घर में ही रुके रह गए हों। या कि वे उपद्रवियों के हाथों मारी न गई हों। उनके मारे जाने का विचार आता, तो वह सिहर उठती। मगर उसके भीतर यह भरोसा सिर उठा लेता कि नहीं, वे सुरक्षित हैं।

इंटरनेट सेवाएं बंद थीं, अखबार आता नहीं था। शिविर में समाचार पहुंचने का कोई माध्यम नहीं था। उड़ती-उड़ती खबरें ही वहां तक पहुंचती थीं। कभी कोई खबर लाता कि अमुक मुहल्ले में आगजनी हुई है, कई घर जला दिए गए। अमुक जगह के उपासना घर को तोड़-फोड़-जला दिया गया। अमुक जगह कोई लाश मिली है। अमुक जगह किसी औरत को नंगा करके घुमाया गया। अमुक जगह किसी के साथ बलात्कार हो गया। अमुक अस्पताल पर ड्रोन से बम गिराया गया। ऐसी उड़ती-उड़ती खबरें आतीं और शिविर में दहशत भर जाती। लोग तरह-तरह की आशंकाओं से भर जाते। तरह-तरह के कयास धमाचौकड़ी करने लगते। इन खबरों और सूचनाओं से यह तो पक्का हो गया था कि प्रशासन आततायियों के साथ मिला हुआ है। इससे शिविर में एक दबा हुआ गाढ़ा आक्रोश था।

अख्ताबिया की एक सहेली ने एक दिन बताया कि शिविर के कुछ नौजवान अपनी गुप्त सेना बना रहे हैं। कुछ ने तो हथियार भी जुटा लिए हैं। बाहर के किसी संगठन ने उन्हें मदद देने का वादा किया है। वह इन नौजवानों को ट्रेनिंग और हथियार वगैरह देगा। सबने गुरिल्ला युद्ध लड़ने का मन बना लिया है। चोरी-छिपे नौजवानों की भर्ती चल रही है। उसमें लड़कियों की बहुत जरूरत है। जो काम लड़कियां कर सकती हैं, वे लड़के नहीं कर सकते। उस सहेली ने यह भी बताया था कि वह खुद भी उस सेना में भर्ती हो रही है। फिर उसने जातीय पहचान और सम्मान की रक्षा पर एक अच्छा-खासा उकसाऊ भाषण ही दे डाला था। उसका इरादा जाहिर था, कि वह अख्ताबिया को भी अपने साथ जोड़ना चाहती थी।

ऐसी खबरें, सूचनाएं और योजनाएं अख्ताबिया के कानों में पड़ती ही रहती थीं, मगर उनका उस पर कोई असर नहीं होता। वह अब भी जैसे आधी नींद में ही चल रही थी। बाहरी दुनिया को वह जागती आंखों से देख तो रही थी, मगर बहुत सारी बातें वह समझ नहीं पाती थी। न जाने क्यों, उसे लगता कि ये सारी बातें तो इतिहास में पहले भी हो चुकी हैं। वह चकरी पर दर्ज तारीखों में से किसी पर अंगुली रखकर नई बातों की निशानदेही करना चाहती थी, मगर चकरी गतिमान हो जाती। तारीखों की इबारत पुत कर एकरंग हो जाती। इतिहास एकरंग हो जाता। अख्ताबिया समझ नहीं पाती कि वह अपनी नींद लिए इतिहास में चल रही है या इतिहास ही नींद में चलता हुआ उसके भीतर उतर आया है।

उसकी नींद तो उस दिन भी नहीं खुली थी, जब शिविर में यह खबर आई कि उसके पिता की दुकान आततायियों ने जला दी। सबकुछ जल कर खाक हो गया। पिता वह खबर सुनकर जैसे नींद में चले गए थे। उनके भीतर कोई हरकत नहीं हुई थी। वे वैसे ही घुटनों पर बांहें और बांहों पर ठुड्डी टिकाए आसमान की तरफ देखते रहे थे, जैसे इस शिविर में आने के बाद से देख रहे थे। उन्हें शायद इस शिविर में आने के पहले से यकीन था कि उनकी दुकान जला दी जाएगी। वे शायद इस खबर का इंतजार ही कर रहे थे और यह खबर पाकर निश्चिंत हो गए थे। मां जरूर पूरे दिन रोती, आततायियों को कोसती रही थी। अख्ताबिया ने उन्हें चुप कराने, किसी तरह का भरोसा दिलाने, आश्वासन देने का प्रयास नहीं किया। शिविर के कुछ लोग जरूर उन्हें भविष्य में कुछ बेहतर होने का दिलासा देकर मां की रुलाई रोकने का प्रयास करते रहे थे। भाई उनके पास ही दिन भर मायूस बैठा रहा था। मगर पिता पर जैसे कोई असर नहीं हुआ था। दुकान के साथ उनके न जाने कितने बेशकीमती चित्र भी खाक हो गए थे। उन चित्रों में उनकी न जाने कितने दिनों की जागती नींद जल गई थी। न जाने कितने उमंग, कितने सपने और कितनी उम्मीदों, कल्पनाओं के वे पल राख हो गए थे, जो बरसों-बरस से उन्होंने जतन से संजोए थे। मगर पिता निश्चल थे। अख्ताबिया को पिता की इस दशा पर न तरस आता था, न पीड़ा होती थी। वह अब भी आधी नींद में थी और उस नींद में इतिहास की हलचलें थीं। उन हलचलों में न जाने कितने पुस्तकालय, न जाने कितने संग्रहालय, न जाने कितनी धरोहरें जलती नजर आती थीं।

अख्ताबिया आधी नींद में ही चलती हुई सहेलियों के साथ शिविर में घूम-टहल आती। नींद में ही उनसे बातें कर लेती, उनके सवालों के जवाब दे दिया करती। कभी तंबू में बैठे-बैठे मन उकता जाता, तो अकेले कहीं निकल जाती। कहीं किसी चट्टान, किसी झुरमुट के पास देर तक अकेली बैठी रहती।

बहुत दिनों बाद अख्ताबिया के तंबू में एक नई हरकत हुई थी। तंबू जैसे उम्मीदों से भर गया था। सुबह का सूरज कुछ अलग ढंग से तंबू में फैला था। पिता अपनी गठरी से खुल कर बाहर निकल आए थे। बहुत दिनों बाद मां से उन्होंने कुछ कहा था। अख्ताबिया ने वैसी खुशी, वैसी उमंग इससे पहले कभी मां के चेहरे पर नहीं देखी थी। भाई का सदा मुरझाया रहने वाला चेहरा भी खिल गया था। पिता ने कहा कि वे बाहर जाकर कोई काम तलाशना चाहते हैं। तंबू में बैठे-बैठे तंग आ चुके। वे बिना काम किए रह नहीं सकते। किसी के खेतों में दिहाड़ी मजदूरी का काम मिल जाए, तो वे वह भी करने को तैयार हैं। पर यह सुनकर मां का चेहरा उसी तेजी से बुझ गया था, जिस तेजी से थोड़ी देर पहले खिला था। वह भय से भर उठी थी। मगर पिता तंबू से बाहर निकलें, बाहर की दुनिया में घुलें-मिलें, यह बहुत जरूरी था। मां ने उन्हें समझाया था कि सावधानी से जाएं, और फिर उनके धुले कपड़े और पहचानपत्र निकाल कर उनके सामने रख दिए थे।

यों, शिविर के कंट्रोल रूम में रोज बाहर कहीं मजदूरी या किसी विशेष काम के लिए आदमियों-औरतों की जरूरत की सूचना लगा दी जाती थी। जो काम करना चाहते, वे पुलिस वालों के पास अपना नाम दर्ज कराकर काम पर चले जाते थे। मगर पिता खुद अपने लिए कोई काम तलाशना चाहते थे। वे उन लोगों की टोली के साथ ही निकल गए थे, जो पुलिस को सूचना देकर काम पर निकले थे। पुलिस लोगों को शिविर से बाहर तभी जाने देती थी, जब उसे स्थिति सामान्य होने की सूचना मिली होती। उस दिन स्थिति सामान्य रहने की ही सूचना थी।

पिता काम की तलाश में निकले तो उन्हें देख कर अख्ताबिया को लगा था कि इसी तरह इस कायनात का पहला आदमी काम की तलाश में निकला होगा। फिर, इसी तरह पूरा घर उम्मीदों से भर गया होगा।

मगर शाम से पहले खबर आई कि बाजार में बम फटा है, गोलियां चली हैं। कई लोग मारे गए हैं। वहां सेना की गश्त बढ़ा दी गई है। आततायियों की तलाश जारी है। वह खबर सुनकर शिविर भय से भर गया था। सबकी नजरें उस रास्ते पर टिक गई थीं, जिधर से लोग काम पर गए थे और उधर से ही आने वाले थे। अख्ताबिया का तंबू जैसे थरथराने लगा था। मां बेचैनी में कभी पहाड़ी के नीचे झांक आती, तो कभी तंबू में आकर बैठ जाती। पिछले आधे घंटे में दस बार से ज्यादा वह पहरे के सिपाहियों से पूछकर आ चुकी थी। मगर पिता के बारे में कोई सूचना नहीं मिल पा रही थी। कुछ देर बाद धुंधलाती शाम में काम पर गए लोग शिविर की तरफ आते नजर आए थे। शिविर की धड़कनें कुछ सम पर आई थीं। कई हाथ ऊपर को उठे थे, कई स्वर शुकराना के उभरे थे। मां उन नीचे से ऊपर को आते लोगों में पिता को पहचानने का प्रयास कर रही थी। मगर जैसे-जैसे काम पर गए लोगों के वापसी के कदम नजदीक आते जाते, मां की धड़कन तेज होती जाती। उस टोली में पिता नहीं थे। कहीं नहीं थे। पीछे सूना रास्ता था।

वापस लौटे लोगों से मां ने तरह-तरह के सवाल कर डाले थे। पिता गए तो उनके साथ ही थे, फिर कहां बिला गए, कहां गुम हो गए। इस सवाल का जवाब किसी के पास नहीं था। मां निराश होकर तंबू में लौट आई थी। वह वहीं जाकर बैठ गई थी, जहां पिता गुड़ीमुड़ी गठरी बने बैठे रहते थे। अख्ताबिया को लगा कि इतिहास ने अपनी जगह बदल ली है। उनके चेहरे पर किसी अनिष्ट, किसी अप्रिय सूचना का इंतजार पसरा हुआ था। मां शायद अपने आप को ऐसी सूचना के लिए तैयार कर रही थीं या कर चुकी थीं। क्या पता, वे उस सूचना के बाद के पलों और दिनों की योजनाएं बुन रही हों।

अंधेरा घिरने लगा और पिता नहीं लौटे, तो मां ने जाकर कंट्रोल रूम में उनकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज करा दी थी। वह सूचना उसके सामने ही पुलिसवाले ने वॉकीटॉकी से नीचे पहुंचा दी थी। फिर मां और भाई पूरी रात पिता के बारे में किसी सूचना का इंतजार करते रहे थे। अख्ताबिया भी आधी सोई आधी जागी, मां और भाई को देखती रही थी।

वह रात बीती, सुबह हुई, शिविर जागा, लोग काम पर गए, मगर पिता नहीं लौटे। उस रात के बाद रातों पर रातें बीतती रहीं, सुबहें होती रहीं, शिविर रोज जागता और काम पर जाता और वापस लौटता रहा, पर पिता नहीं लौटे। अब तो उनके लौटने की उम्मीद भी जैसे नहीं लौट पा रही थी।

शिविर ने इस दिलासे को आत्मसात कर लिया था कि किसी के जाने और फिर न लौट पाने की वजह से जीवन नहीं रुक जाता। जीवन को तो चलते ही रहना चाहिए। इसी तरह शिविर हर जाने और फिर न लौट पाने वाले के बाद सामान्य स्थिति में लौट आता था। पिता के जाने और फिर न लौट पाने के बाद भी धीरे-धीरे मां, भाई और अख्ताबिया ने अपने जीवन को गति देने का प्रयास शुरू कर दिया था। अब तक उनके पास इस तरह गुम होने वाले लोगों से जुड़ी कहानियों का एक बड़ा गट्ठर बन चुका था। उन कहानियों के साथ, ठेलठाल कर ही सही, उनके तंबू ने अपनी दिनचर्या व्यवस्थित कर ली थी।

मगर अख्ताबिया ने महसूस किया कि अब वह ज्यादातर समय नींद में ही रहने लगी है। उसकी नींद में हलचलें तेज हो गई हैं। वे हलचलें उसके सपनों की हैं, वास्तविक हैं या इतिहास के पन्नों से निकल कर धमाचौकड़ी कर रही हैं, वह अंदाजा नहीं लगा पा रही थी। पता नहीं, नींद कुछ ज्यादा गहरी होती गई थी या उसका यकीन बदल गया था कि उसे अब वह चकरी भी दिखनी बंद हो गई थी, जिस पर तारीखें दर्ज थीं।

ऐसी ही नींद में एक शाम, जब मां तंबू में गठरी बनी बैठी थी, अंधेरा गहराने लगा था, तब अख्ताबिया तंबू से निकल कर शिविर के दूसरे छोर पर पहुंच गई थी। वह उसकी प्रिय जगह बन गई थी। वहां दिन में भी प्रायः सन्नाटा रहता था। बड़ा-सा पत्थर का गोला ऊपर पहाड़ी से टिका था, नीचे झुरमुट। अख्ताबिया अक्सर वहीं जाकर बैठ जाती थी। उस शाम भी वह जैसे नींद में चलती हुई वहीं जाकर बैठ गई थी। कोई उद्विग्नता नहीं, कोई प्रसन्नता भी नहीं। न कोई ऊब, न उल्लास। न किसी का इंतजार, न कुछ करने की योजना। बस, आकर बैठ गई थी। वह क्यों वहां आई, क्यों बैठ गई, इसका भी उसने विचार नहीं किया। वह यों ही बैठी रही, कभी आसमान को निहारती, कभी अंधेरे में कुछ तलाशती।

तभी कुछ दूरी पर उसे कुछ छायाएं आती हुई दिखीं। छायाओं की चाल से उन्हें पहचानना मुश्किल नहीं था। वही नौजवान और उसकी सहेलियां, जो गुरिल्ला युद्ध की योजना बना रहे थे। मगर अख्ताबिया यह देखकर हैरान रह गई कि उनमें टांगे घसीटता उसका भाई भी चला आ रहा है। अख्ताबिया चाहती तो चिल्लाकर पूछ सकती थी कि वह इस वक्त यहां क्यों आया है, मगर न जाने किस अदृश्य शक्ति ने उसे ऐसा करने से रोक दिया था। शायद उसकी नींद का प्रभाव था। पर, न जाने वह कौन-सा प्रभाव था कि अख्ताबिया थोड़ा नीचे सरककर झुरमुट में छिप गई थी।

उन छायाओं ने झुरमुट के पास ही आकर अपना माथा जोड़ लिया था। छायाएं फुसफुसा रही थीं, पर वह फुसफुसाहट अख्ताबिया ठीक से सुन पा रही थी। अख्ताबिया ने एक छाया को फुसफुसाते हुए सुना। वह उसके भाई की तरफ इशारा करके कह रही थी, ‘इसके बाप को पुलिस वालों ने मार दिया। उनकी लाश भी किसी गुमानाम जगह में दफ्न कर दी। यह उसका बदला लेना चाहता है। हमारी योजना है कि इसके शरीर में बम छिपा देंगे। इस पर कोई शक भी नहीं करेगा। फिर दो लड़कियां इसे साथ लेकर बाजार की तरफ जाएंगी और इसे सेना की गारद गाड़ी के पास छोड़कर आगे निकल जाएंगी। यह सिपाहियों को कुछ देर अपनी बातों में उलझाएगा, तब तक लड़कियां वहां से गायब हो जाएंगी। फिर हमारा यह जांबाज अपना बदला लेगा। तैयार है न मेरे शेर!’ उस छाया ने भाई की पीठ पर धौल जमाते हुए पूछा था। भाई ने अपनी मुट्ठी तनी बांह ऊपर उठाकर सहमति जता दी थी।

अख्ताबिया उस छाया को अच्छी तरह पहचानती थी। उस छाया ने न जाने कितनी बार, न जाने कितनी तरह से अख्ताबिया से नजदीकी बढ़ाने की कोशिश की थी। उस छाया की बातें सुन कर अख्ताबिया की नींद खुल गई थी। वह अब पूरी तरह अपनी चेतना में थी। उसने महसूस किया कि उसके रोंगटे खड़े हो गए हैं। शरीर कुछ ठंडा पड़ गया है और उसे कंपकपी महसूस हो रही है। इस कंपकपी में भी उसे पसीना आता-सा महसूस हुआ। मगर इस वक्त उसने कोई हरकत करना ठीक नहीं समझा। वह तब तक अपनी सांसें रोके, निश्चल बैठी रही, जब तक कि वे छायाएं और उसका भाई पैर घसीटते हुए अदृश्य नहीं हो गए। वह इस वक्त पूरी तरह नींद से निकल चुकी थी, पर न जाने ऐसा क्या था कि उसे बलपूर्वक रोके रखा। उसने महसूस किया कि वह खुद को हिलाडुला भी नहीं पा रही। कहीं वह भी ऊपर टिके गोल पत्थर की तरह पत्थर तो नहीं हो गई।

कुछ देर बाद जैसे अख्ताबिया में शक्ति का संचार हुआ था। वह झुरमुट से बाहर निकली और पूरी ताकत लगा कर भागती हुई आकर अपने तंबू में घुस गई थी। देखा, भाई मां के पास ही बैठा है। जैसे वह सदा से वहीं बैठा हो। अख्ताबिया को यह समझने में कुछ देर लगी कि थोड़ी देर पहले उसने जो दृश्य देखा, वह उसका भ्रम था या हकीकत थी। नहीं, वह हकीकत ही थी। अख्ताबिया अब आश्वस्त थी। फिर उसमें बिजली की गति से हरकत हुई। वह तंबू के किनारे से रस्सी उठा लाई। उसने भाई के दोनों पैर खींचकर, कसकर रस्सी से बांधे और तंबू के खूंटे से बांध दिया। अख्ताबिया ने देखा कि उसे ऐसा करते हुए देख मां हैरान है। मगर अख्ताबिया रुकी नहीं। वह भाई को खूंटे से बांधने के बाद मां पर जैसे बरस पड़ी, ‘आप यहां दिन भर गठरी बनी बैठी रहती हो। आपको कुछ होशो-हवास भी रहता है कि आपके बच्चे कहां जा रहे हैं, क्या कर रहे हैं। आपकी अपने घर-परिवार की जिम्मेदारियां क्या हैं, इसका जरा भी एहसास है?’

अख्ताबिया मां पर बरसती रही, और मां की आंखों में हैरानी पसरती रही। अख्ताबिया ने देखा कि भाई ने गर्दन झुका ली है। वह चुपचाप बैठा अपने नाखून कुरेदने लगा है। अख्ताबिया को शायद बहुत कुछ कहना था, पर कह नहीं पा रही थी। वह क्रोध याकि भय से कांप रही थी। आखिरकार उसने मां को चेतावनी देकर अपनी बात समाप्त की, ‘खबरदार, जो इस वक्त के बाद यह अकेले अपने तंबू से बाहर निकला। आप और कुछ नहीं करतीं, तो कम से कम इसका तो खयाल रख लिया कीजिए। अब से यह अकेले इस तंबू से बाहर कदम रखेगा, तो इसकी टांगें काटकर हाथ में दे दूंगी। अब यह जहां भी जाएगा, आपके साथ जाएगा। यह मेरी आखिरी चेतावनी है। वरना मुझसे बुरा कोई नहीं होगा।’ अख्ताबिया की सांसें उखड़ गई थीं। वह बुरी तरह कांप रही थी।

मां उसे देखकर हैरान थी। पर उनके चेहरे पर यह भाव साफ नजर आ रहा था कि जरूर भाई ने ऐसा कुछ किया है, जो किसी भी रूप में सही नहीं है। फिर वह भाव उनकी खुशी में बदलता नजर आया था। मां उठी और अख्ताबिया का चेहरा अपनी हथेलियों में भरकर बुदबुदाई थी, ‘मैं खुश हूँ बेटी, कि तू अब इतनी बड़ी हो गई कि घर-परिवार की जिम्मेदारियां समझने लगी है।’ उनकी आंखों से आंसू छलक आए थे। उन आंसुओं में यह विश्वास भी घुला हुआ झर रहा था कि अगर वे रहें, न रहें, अख्ताबिया इस घर को संभाल लेगी। उन्होंने अख्ताबिया को अंकवार में भर लिया था। उसकी पीठ पर देर तक हाथ फेरती रही थीं। उस स्पर्श के असर से अख्ताबिया की सांसें सम पर लौटने लगी थीं।

————————–

मगर उस घटना के दो दिन बाद ही, फिर वह तंबू थरथराया था। उस सुबह मां उठी तो देखा कि अख्ताबिया तंबू में नहीं है। सोचा, कहीं घूमने-टहलने, सहेलियों से मिलने चली गई होगी। मगर अख्ताबिया दिन चढ़ने तक नहीं लौटी तो मां के शरीर का ताप बढ़ना शुरू हो गया था। वे भाई को बाहर न निकलने की हिदायत देकर खुद बाहर निकल गईं। पूरे शिविर में तलाश आईं। जोर-जोर से पुकार लगा आईं, मगर अख्ताबिया कहीं नजर नहीं आई।

फिर अख्ताबिया के उसी तरह वापस लौटने का इंतजार शुरू हो गया, जिस तरह उसके पिता के लौटने का इंतजार बना हुआ था। शिविर समझ नहीं पा रहा था कि अख्ताबिया कब बाहर निकल गई। क्या उस वक्त शिविर नींद में था। क्या उस वक्त पहरे के सिपाही भी नींद में थे। क्या उस वक्त पूरी घाटी और पहाड़ नींद में थे। किसी ने तो जरूर अख्ताबिया को जाते देखा होगा। किसी को तो पता होगा कि वह कहां गई और क्यों गई। किसी को तो पता होगा कि वह कब लौटेगी, लौटेगी भी या नहीं। मगर ये सवाल उसी तरह पहाड़ों से टकराते, घाटियों में गूंजते अनुत्तरित वापस लौट आते हैं, जैसे उसके पिता को लेकर सवाल अनुत्तरित बने हुए हैं।

संपर्क : 181, नेवल टेक्निकल ऑफीसर्स सोसाइटी, प्लॉट नं.-3 ए, सेक्टर-22, द्वारका, नई दिल्ली-110077 मो. 9958044433