
विभिन्न विधाओं में लेखन। ‘हिंदी साहित्यनामा’ के संपादक। ‘संभावनाओं का शहर’ कविता संग्रह और ‘ये वो संजना तो नहीं’ उपन्यास।
अब तानाशाह यातनागृह नहीं बनाता
अब तानाशाह यातनागृह नहीं बनाता
गैस चैंबर भी नहीं
बस कहता है
बच्चों से बहुत प्यार है मुझे
और ऑक्सीजन की कमी से
हो जाती है नवजातों की मौत
पुलिस संरक्षण में जलाई गई
चिता की राख से स्याही बनाकर
शहर-शहर, कस्बा-कस्बा,
गांव-गिरांव की दीवारों पर
वह लिखता है नारा
और बेटी बचाओ के काले हर्फ से
पूरा देश हाथरस में तब्दील होने लगता है
वह अपना पांव मिट्टी पर
कुछ इस तरह रखता है
कि पदचिह्न में दिखते नहीं हैं नाखून
और उसके चलने से धरती
गाय के खुरों से भर जाती है
वह यातना गृह के स्थान पर
एक चमन बनाना चाहता है जिसमें
फूलों की खुशबू एक हो
क्यारियों का रंग एक हो
पक्षियों का कलरव एक हो
हवाओं की दिशा एक हो
भंवरों का गान एक हो
और चमन का बागवान एक हो
वह तानाशाहों की तरह
सैन्य पोशाक नहीं पहनता
बल्कि साधु की तरह दिखता है
शेर की तरह चलता है
वह वर्तमान से बेफिक्र है
भविष्य से बेखौफ है
बस इतिहास से डरता है
जब-जब वह देखता है मुसोलिनी का सपना
हर स्त्री में उस औरत को खोजता है
उसकी लाश पर जिसने
कर दिया था पेशाब
इसी भय से वह अपने जीवन से
बाहर कर देता है स्त्री का वजूद
और उसकी भारत माता
जिंदा औरतों में नहीं
एक तस्वीर में रहती है।
अब तानाशाह यातनागृह नहीं बनाता।
संपर्क :गीता सदन, ध्रुव नगर, रांची रोड, पोस्ट–मरार, रामगढ़, झारखंड-829117 मो.9811188949


सुशील स्वतंत्र की कविता,अब तानाशाह यातना गृह नहीं बनाता, काल के मस्तक पर खींची गई वह लकीर है जिसे समय रहते मिटाने की जरूरत है।आज के दौर में पृथक कंसंट्रेशन कैंप सचमुच नहीं बनाए जा रहे। पहले के तानाशाह मानव को यातना गृह भेजा करते थे,अब स्वरूप बदला है, यातनाएं ही स्वमेव चलकर मानव गृह मे शरण लेने लगी हैं।
@राजेश पाठक, गिरिडीह (झारखंड)