युवा कवयित्री। पत्र-पत्रिकाओं में कविताएं प्रकाशित। हिंदी शिक्षिका।

नदी का दुख

एक दिन नदी को दुख हुआ
लगातार कई दिनों तक
उसके पाट पर भाटा रहा
छोटी लहरों के साथ बहकर आते रहे
रंग-बिरंगे प्लास्टिक
माझी को बहुत दुख हुआ
उसने शोक में नाव नहीं चलाई
मछुआरों ने देखा
भाटे के साथ आती मरी मछलियों को
मछुआरों को दुख हुआ
शोक में उन्होंने जाल नहीं बिछाया

खबर शहर पहुंच गई
पत्रकार उमड़ पड़े नदी किनारे
मछुआरों का साक्षात्कार लिया गया
मछुआरों ने नदी का दुख बताया
न्यूज चैनलों में हेडलाइनें आने लगीं-
‘मछली निर्यात में हुआ भारी घाटा’
‘जाल में नहीं फंसी एक भी मछली
मछुआरे चिंतित’!

फिर लौट गए सभी पत्रकार
नदी के पानी में
चाय के कप और सिगरेट के डिब्बे
कुछ अधिक तैरने लगे
मछुआरों ने आंसू बहाए
पत्रकारों ने पैसे कमाए
नदी दुखी की दुखी रह गई।

मेरी एक और मां

मेरी मांएं काटती हैं काठ
ढोती हैं लकड़ियां
मेरे बाप बनाते हैं महुआ-हड़िया
चीरते हैं ज़मीन, रोपते हैं बीज, उगाते हैं धान
मेरे जंगल के लोग
बजाते हैं मादल, गाते हैं लोकगीत

मेरी एक और मां बैठती है
भारत-टीले की सबसे ऊंची चोटी पर
मैं सोचती हूँ
क्या वहां से दिखता होगा उनको
मेरे जंगल के उन बच्चों के छिले हुए पैर
जो जाते हैं स्कूल नंगे पैर
मीलों की दूरी तय कर
और देखते हैं शिक्षक अनुपस्थित हैं?
या मेरे किसान भाइयों का दुख
जब उनसे खरीदे जाते हैं उत्पाद
सबसे सस्ते दाम में
या मेरे बहनों के आंसू
जो उच्च शिक्षा के छूटे सपने लिए
बिठाई जाती हैं विवाह-मंडपों में?

क्या वहां से उनको सुनाई देती होगी
मादल की थाप
लोकगीत की धुनें
जो गूंजती हैं मेरे जंगल में हर रात?

क्या सोचती होंगी वे
अपने आदिवासी इतिहास के बारे में
क्या लिखती होंगी अपना भविष्य
क्या देखती होंगी
युगों से ठहरे हुए वर्तमान को?
ना
भारत-टीले का उनका वह भवन
सबसे ऊंची चोटी पर है।

बचपन

दुनिया के हर कोने में भूख दिखी
नन्हे-नंगे बदन
भटकते हुए कूड़ेदान के पास

डर दिखा
मासूम चुप्पी साधे
दुबक कर बैठे
गोलाबारी के बीच

लाचारी दिखी
छोटी-छोटी पीठ पर
भारी बस्ते की शक्ल में लदी हुई
किताबों के बजाय

जिम्मेदारी दिखी
नन्हे हाथों में
शू पॉलिश थामे
खिलौनों के बजाय

इसी तरह
दुनिया के हर कोने में
बचपन की मौत होती रही
और सहानुभूति
कविता की पंक्तियों में रोती रही
अलमारी के किसी कोने में।

संपर्क :2ए गीता अपार्टमेंट, 739 विद्यासागर सारणी, ठाकुरपुकुर, कोलकाता-700063 निकट- नवपल्ली खेल का मैदान, मो. 9903270093