
लखनऊ में अध्यापन कार्य। कई साझा कहानी और कविता संकलनों में सहभागिता।
श्यामली छाप
श्यामली को मैंने देखा
बढ़ते हुए दिन के ताप में
धरती पर नंगे पांव बैठी हुई
गोबर में धंसी हुई
थाप रही है उपले
उसकी थाप पर कहीं कोई संगीत नहीं जागता
गोबर में लिपटी हाथ की उंगलियों को
संगीत में विशारद की चाह कहां!
उसके जीवन में संगीत बस इतना ही रहा
या तो दूल्हे को द्वारचार पर दीं गा-गा कर गालियां
या फिर एक लय में पाथती रही उपले
उसके हाथ की लकीरें जैसे मुहर हैं
हर उपले पर छोड़ती जाती हैं अपने निशान
जैसे कहती हों
जानते हो ये उपले हैं ‘श्यामली छाप’
हर रात चूल्हे में उसके हाथ की लकीरों वाले
उपले ही नहीं, उसके हाथ भी जलते हैं
उपलों की भस्म में ढूंढने से भी
नहीं मिलती उसकी अस्फुट आह
प्रतिदिन सुबह से श्यामली पाथती है उपले
ढालती है लकीरों भरे हाथों के सांचों में
गोमय की कलाकृति
कला में उसकी बस इतनी ही हिस्सेदारी है
उसपर लिखी जा रही है कविता
उसे चित्रित कर रहा है चित्रकार
उसका छायाचित्र ले रहा है सिनेमाकार
गोबर की परत के नीचे उसकी हथेलियों में
एक अलग सी, छोटी सी, क्षीण सी लकीर है
जो बताती है उसके भाग्य में है
कुछ क्षण की नायिका का योग
पर वह यह नहीं जानती
वह जानती है मात्र उपले पाथना
श्यामली पाथती जाती है उपले
उपलों पर छोड़ती है
अपनी भाग्य रेखा का निशान
जिसे चूल्हे में भस्म होना है।
एमएमएस, 1/7, सेक्टर – ए, सीतापुर रोड स्कीम, जानकीपुरम, (राम राम बैंक चौराहे के पास) लखनऊ–226021 मो.9140862431

