वरिष्ठ कवि। अद्यतन कविता संग्रह ‘संवेदनाओं के क्षरण काल में’।

 गमछा पसार देना

जाने किस रास्ते आया गहराता दुख
जिसमें चल रहा हूँ
जाने कब से
धूप धूल और धुएं के साथ
कभी रुका नहीं
थका जब तब
दहका
तुम्हारे प्रेम में डूबे हुए
मौत की गोद में बैठकर
जिस दिन सो जाऊंगा
तुम व्याकुल मत हो जाना
तुम डालना मेरी नाक में अंगुली
तुम डालना आंखों में अंगुली
जगाते रहना मुझे
चीख चीख कर
झिंझोड़ डालना मेरी देह
खड़ा हो जाऊंगा उठकर
पीपल और बटवृक्ष की तरह
आम और महुए की तरह
ढेला नहीं मारना कभी
मत भिड़ाना कोई अंकुसी
पसार देना अपना गमछा
खुद ब खुद
उतर आऊंगा पक कर।

संपर्क : 60 एल्डिको ग्रीन वुड्स, मल्हौर रोड, लखनऊ-226028  मो.7704900443