2025 में साहित्य के नोबेल विजेता : लास्लो क्रास्नाहोरकाई

इस दौर से गुजरने के लिए
हमें पहले से ज्यादा शक्ति की जरूरत है

 

1954 को ग्यूला (हंगरी) में जन्मे लास्लो क्रास्नाहोरकाई ने अपने पहले ही उपन्यास ‘सेंटेटेगो’ (सातांतगो) से साहित्य के क्षेत्र में एक ख़ास पहचान बना ली थी। यह पहचान भले एक स्वप्न-कथा जैसी लगे, लेकिन उसकी नींव में अपने समय की आंख में आंख डाले खड़ा एक ऐसा लेखक है, जो जीवन की कड़वाहट और मधुरता को जिस रूप में ग्रहण करता है और उसी रूप में अभिव्यक्त करने का जोखिम भी लेता है। विशाल भाषाई भण्डार,बौद्ध दर्शन से लेकर यूरोपियन बौद्धिक परंपरा तक विस्तृत वैश्विक ज्ञान, जुनूनी पात्र और बारिश से भीगे दृश्य  भले लास्लो के लेखन में आधुनिकतावादी अहं का प्रभाव छोड़ते हों, लेकिन कई स्थानों पर वे किसी पॉइंटलिस्ट की तरह विशुद्ध मजाकिया और सुरुचिपूर्ण लहज़े में व्यंग्योक्ति करते भी नज़र आते हैं। दिलचस्प होती हैं और पैनी भी।

लास्लो में गुरुता का आकर्षण है और यह आकर्षण उनकी  रचनाओं में स्पष्ट दिखाई देता है। हालांकि दुनिया ख़ुद को जिस तरह से अभिव्यक्त करती है,उस अर्थ में लास्लो की बातों की संगति तलाशना कठिन है, लेकिन यह असंगति ही लास्लो के कहन को प्रभावी बनाती है। सौम्य व्यक्तित्व, हंसता -मुस्कुराता चेहरा, सबकी चिंता करने वाला कोमल मन, लंबे बाल और शोकपूर्ण आंखें…! लास्लो सही मायने में एक बड़ी शख़्सियत हैं। किसी संत की तरह वे एक ही समय में पूर्णतः प्रकट भी होते हैं और हजारों गोपन रहस्यों से भरे भी होते हैं।

‘द यले रिव्यू’ पर प्रकाशित एक बातचीत की भूमिका में ब्रिटिश उपन्यासकार एवं पत्रकार हरि कुंजरू लिखते हैं ‘लास्लो एक असाधारण लेखक हैं जिनके गद्य में जटिल दार्शनिक चिंतन भी एक असीम लचीलेपन के साथ सांसारिक हास्य से गुंथा प्रतीत होता है। उनके लिए जीवन एक सातत्य का नाम है, एक ऐसा सातत्य जहां पूर्ण विराम केवल ‘ईश्वर’ के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसीलिए उनके लेखन का समग्र प्रवाह मानवतावाद की ओर है। लेकिन उसमें पुरातन आधुनिकतावाद की ‘स्ट्रीम ऑफ़ कॉन्शसनेस’ की खंडित आंतरिकता नहीं है, बल्कि दुनिया के प्रति एक प्रकार की सर्वव्यापी जिज्ञासा है, जो पाठक को अपनी धारा में बहा ले जाती है। बेशक उनके शुरूआती लेखन में अनिवार्य रूप से एक असहनीय घुटन तारी है। लेकिन पूर्वी यूरोप पर सोवियत संघ के प्रभाव के पतन (द फॉल ऑफ़ आयरन कर्टेन) के बाद उनकी अभिव्यक्तियों में स्पष्ट तब्दीली होती महसूस होती है। अब वे अभिव्यक्तियां पहले से ज्यादा गहरी हैं, मुखर और पैनी भी… फिर चाहे बात राजनितिक विरोधाभासों की हो, युद्ध विभीषिका की या वैश्वीकरण के भ्रामक वादों की।’

सामान्यतः लास्लो अपने अपार्टमेंट में लोगों से मिलना पसंद नहीं करते। साक्षात्कारकर्ताओं को अकसर उनसे बात करने के लिए विभिन्न कैफे और रेस्तरां में लंबे वार्ता-सत्र आयोजित करने पड़ते हैं, जिनके दौरान निश्चित रूप से उनके सामने लास्लो के भीतर का लेखक ही उपस्थिति होता है, लेकिन तब उनके जवाब लेखक के भीतर छिपे व्यक्ति को भी सामने ले ही आते हैं। आइए अलग-अलग साक्षात्कारों में व्यक्त किए गए विचारों के जरिए हम लास्लो को पढ़ने की कोशिश करेंगेः

सिर्फ एक किताब

लेखन मेरा निजी मसला है। मैं आमतौर पर जो लिखता हूँ उसके बारे में कभी नहीं बोलता और न ही दूसरे लेखकों और कवि मित्रों को दिखाता हूँ। यह वैसा ही है जैसे आप मुझसे मेरी निजी बातों के बारे में पूछें। मैं कभी साहित्यिक जीवन का हिस्सा नहीं रहा, क्योंकि मैं सामाजिक रूप से अपना लेखक होना स्वीकार नहीं कर सका। अगर मुझे साहित्य के बारे में, खासकर अपने साहित्य के बारे में, बात करनी पड़े तो मुझे अच्छा नहीं लगता। मैं किताब लिखता हूँ और फिर उसे अपने प्रकाशक को दे देता हूँ और उसके बाद मुझे कुछ समय चाहिए होता है। फिर से शुरुआत करने के लिए… ताकि मैं पहले से बेहतर रच सकूं। कुछ ऐसा जो दोहराया जाए, शब्द-दर-शब्द, वाक्य-दर-वाक्य। मैंने हजार बार कहा है कि मैं हमेशा से सिर्फ एक किताब लिखना चाहता था। पहली किताब से मैं संतुष्ट नहीं था, इसलिए मैंने दूसरी लिखी। दूसरी से मैं संतुष्ट नहीं था, इसलिए मैंने तीसरी लिखी और इसी तरह यह क्रम चलता चला आ रहा है।

देखिए, जब आप लेखन को एक अनुष्ठान की तरह ग्रहण करते हैं, तब आप शब्द दर शब्द लिखते जाते हैं। लिखते जाते हैं। और फिर आपके पास एक किताब होती है। आप रुक जाते हैं और किताब बंद कर देते हैं। फिर आप एक दूसरी किताब खोलते हैं, खाली पन्नों वाली किताब… और आप फिर से लिखने लगते हैं, शब्द दर शब्द। वाक्य दर वाक्य। लिखते रहते हैं। लिखते रहते हैं। फिर (एक रोज़ आपको लगता है कि रुक जाना चाहिए और आप) इस किताब को भी बंद कर देते हैं। इसके बाद अगली, फिर अगली… यह अनुष्ठान है। हो सकता है कि आप अपने लेखन के बारे में ऐसा नहीं सोचते हों, लेकिन हो सकता है कि आप ऐसा करते हों।

यही वह बिंदु है जहां हमें अपने पाठकों को भी याद रखना चाहिए। क्योंकि हमारा लेखन पाठकों के लिए ही होता है और मुझे उम्मीद है, पाठकों को भी हमारे लेखन की जरूरत है। वह ‘स्पेस’ जहां किताबें, उपन्यास, कविताएं लिखी जाती हैं, उसमें पाठकों के लिए भी जगह है। होनी चाहिए। यह भाव बहुत जरूरी है। बहुत जरूरी है लेखक, जो शब्द रचते हैं, और पाठक, जो शब्दों को ग्रहण करते हैं, उन दोनों के बीच एक साझी पगडंडी का होना। एक बार जब यह पगडंडी तैयार हो जाती है तब लेखक के लिए भाषा, शब्द, शैलीगत प्रयोग करना सरल हो जाता है।

विलंबित लय जैसे लंबे वाक्य 

मैं लगभग हर मिनट काम करता हूँ, कोई चक्की लगातार चलती रहती हो ठीक वैसे ही। अगर मैं बीमार हूँ, तो मैं काम नहीं कर सकता। और अगर मैं नशे में हूँ, तो मैं काम नहीं कर पाता। लेकिन इन अपवादों को छोड़कर मैं हर समय काम करता ही रहता हूँ, क्योंकि जैसे ही एक वाक्य बनना शुरू होता है, उसके पीछे सैंकड़ों-हज़ारों दूसरे वाक्य चले आते हैं मकड़ी के जाल में झूलते महीन धागों की तरह। फिर उनमें से एक वाक्य छांटता हूँ जो बाकी वाक्यों से थोड़ा ज़्यादा महत्वपूर्ण होता है, ताकि मैं उस पर काम कर सकूं। और इसीलिए (हालांकि मेरी किताबों के बेहतरीन अनुवाद उपलब्ध हैं) मैं चाहता हूँ कि काश आप उन्हें मूल रूप में पढ़ पाते, क्योंकि जब मैं काम कर रहा होता हूँ, तो मेरे दिमाग में सबसे पहले लय को परिपूर्ण बनाने की कोशिश रहती है। जब मैं काम करता हूँ, तो मैं उसी विधि का उपयोग करता हूँ, जो संगीत रचना और साहित्यिक रचना में एक समान है। मुझे लगता है संगीत, साहित्य और दृश्य कला का एक ही मूल है-लय और गति का संतुलन-और मैं इसी तरह काम करता हूँ। हां संगीत रचना और उपन्यास रचना अलग-अलग बात है, लेकिन मेरे लिए सार एक ही है।

वैसे मेरे लिए कोई शैली ढूंढना कभी मुश्किल नहीं रहा, क्योंकि मैंने कभी उसकी तलाश ही नहीं की। मैंने हमेशा शांत, एकांत जीवन जिया है। दोस्त मेरे हमेशा रहे, लेकिन एक समय में एक। बातचीत हमारी बराबर होती थी, पर होती सिर्फ एकालाप में ही थी। माने एक दिन, एक रात मैं बोलता। अगले दिन या अगली रात, वह बोलता। हर बार संवाद की पृष्ठभूमि अलग होती थी, क्योंकि हम एक-दूसरे को कुछ बहुत ज़रूरी कहना चाहते थे और जब आप कुछ बहुत जरूरी कहना चाहते हैं या आप अपने साथी को यह समझाना चाहते हैं कि यह बहुत ज़रूरी है, तो आपको पूर्ण विराम या विराम की नहीं, बल्कि सांसों और लय की जरूरत होती है। ज़रूरत होती है लय, गति और राग की। मेरे लेखन में यह कोई सचेत चुनाव नहीं है। इस तरह की वाक्य-संरचना दरअसल खुद को बेहतर ढंग से अभिव्यक्त कर पाने और दूसरे व्यक्ति को बेहतर ढंग से समझाने की इच्छा से उपजी होती है। शुरुआत से ही जब मैं कोई किताब लिखता हूँ, तो वह किताब पहले मेरे दिमाग में तैयार होती है। बचपन से ही मुझे ऐसे काम करने की आदत है। आज भी मैं इसी तरह काम करता आ रहा हूँ। माने पहले मैं अपने दिमाग में कुछ वाक्य बना लेता हूँ और बाद में उसे लिखता हूँ। लिखते समय सारा ध्यान -क्या लिख रहा हूँ- इसी बात पर होता है, शेष अपने आप घटित होता है। यूं भी प्रेम जैसे अनुभव (खासकर वह प्रेम जिसे व्यक्त करने में समय और साहस लगा हो) छोटे-छोटे वाक्यों में नहीं समा सकते।

कड़वाहट है लेखन की प्रेरणा

युद्ध… मुझे यह शब्द ही भयभीत कर देता है। हंगरी यूक्रेन का एक पड़ोसी देश है और मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि हंगरी का राजनीतिक नेतृत्व इस मामले में तथाकथित तटस्थता की बात करेगा! जब एक देश किसी पड़ोसी देश पर हमला करता है, तो बाकी देश तटस्थ कैसे रह सकते हैं? और क्या वे पिछले तीन सालों से यूक्रेनियों को नहीं मार रहे हैं? ‘यह उनका आंतरिक मामला है’ का क्या मतलब है? जब लोग मारे जा रहे हों, तो इसे आंतरिक मामला कैसे कहा जा सकता है? और यह बात भी एक ऐसे देश का नेता कह रहा हो, जिस पर अतीत में लगातार आक्रमण किए जाते रहे हों!  (वास्तव में यह और कुछ नहीं) यह हंगेरियन शासन की मानसिकता की बात है। इसके पीछे एक (अमानवीय) जोड़-घटाव है कि भले उन्होंने मेरी बेटी को मार दिया हो, लेकिन मैं इसे स्वीकार कर लूंगा ताकि वे मेरी मां को नुकसान न पहुंचाएं। लेकिन वे पहुंचाएंगे। वे निश्चय ही उसे भी नुकसान पहुंचाएंगे। वे दोनों को मार डालेंगे। इस हिसाब-किताब को समझना इतना भी मुश्किल नहीं है। बिल्कुल भी नहीं…

मुझे बहुत दुख होता है दुनिया की मौजूदा स्थिति के बारे में सोचकर। दुख होता है कि मेरी आँखों के सामने एक घिनौना, वीभत्स युद्ध चल रहा है और दुनिया इसकी आदी होने लगी है। (पर) मैं इसकी आदी नहीं हो पा रहा हूँ। मैं यह स्वीकार नहीं कर पाता हूँ कि लोग लोगों को मार रहे हैं। शायद मैं एक मनोरोगी हूँ। ए सायकेट्रिक केस… लेकिन जो हो रहा है वह क्या है? सोचिए ज़रा दुनिया के परिदृश्य पर यह सब तब घटित हो रहा है जब डिजिटल दुनिया में भविष्य की एक ऐसी तस्वीर दिखाई जा रही है जो यह वादा कराती है कि तकनीक प्रगति जल्द ही इस दुनिया को नई और खूबसूरत दुनिया में तब्दील कर देगी। यह पूरी तरह से पागलपन है। जहां एक ओर युद्ध चल रहा है, वहीं कोई यह बात कर रहा है कि हम जल्द ही मंगल ग्रह पर जाएंगे… कितना अजीब है न यह! कितना दुखद! (यह दुख, यह कड़वाहट) यही मेरी सबसे गहरी प्रेरणा है। यह साहित्य जगत की अगली पीढ़ी या पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा हो सकती है। अगली पीढ़ी को कुछ देने की प्रेरणा, किसी तरह इस दौर से गुज़र जाने की प्रेरणा, क्योंकि ये बहुत ही अंधकारमय समय है और इस दौर से गुज़रने के लिए हमें पहले से कहीं ज़्यादा शक्ति की ज़रूरत है। और किताबें हमें यह शक्ति दे सकती हैं।

व्यर्थ में भी एक अर्थ होता है

जब मैंने यूक्रेन युद्ध विभीषिका पर आधारित कहानी ‘एन एंजेल पास्ड एबव अस’ लिखी तो मुझसे एक सवाल बार-बार पूछा गया कि एक ओर मैं वर्तमान को सत्य मानने की बात कहता हूँ, फिर कहानी में आशा की बात क्यों है, क्योंकि आशा प्रकारांतर से भविष्य का ही बोध कराती है न…! यह एक असहज करने वाला सवाल है, लेकिन अव्वल तो कहानी में घटनाएं किसी सामान्य संदर्भ में घटित नहीं होतीं; यहां खाई में पड़ा एक प्राणघातक रूप से घायल व्यक्ति, दूसरे व्यक्ति को आशा की बातें करके ज़िंदा रखने की कोशिश कर रहा है। उसे एक ऐसी खूबसूरत नई दुनिया के बारे में बता रहा है, जहां सब कुछ अलग होगा, सब कुछ अद्भुत! एक बुनियादी मानवीय प्रवृत्ति उसे दूसरे को सांत्वना देने के लिए प्रेरित करती है। उनके पास ज़िंदा रहने का और कोई जरिया भी नहीं है, कोई उपाय नहीं…! हालांकि डिजिटल भविष्य की कहानी कहने वाला भी जानता है कि वह बस समय की प्रतीक्षा कर रहा है, इस उम्मीद में कि शायद उनके साथी उनके लिए वापस आ जाएं। भले ही वह (दूसरे व्यक्ति की तरह) जानता है कि वर्तमान स्थिति में यह असंभवप्राय है। यहां इस भाषण का कोई आध्यात्मिक आयाम नहीं है; वास्तव में, यह एक व्यावहारिक-सी बात है, (जिसका उद्देश्य है) शारीरिक और मानसिक रूप से घायल व्यक्ति को आशा (भले व्यर्थ की ही हो) के माध्यम से जीवित रखना।

बाकी निजी तौर पर मैं इसी बात पर क़ायम हूँ कि अस्तित्व केवल उसी का है, जो अभी है। क्योंकि अतीत एक गुजरी हुई कहानी है। वैसे असल में है तो वर्तमान भी बस एक कहानी ही… जिसमें अतीत और भविष्य (जो कभी सामने नहीं आते)  दोनों की कहानी घुली रहती है। तथापि जिसे हम वर्तमान मानकर जीते हैं, कम से कम वह मौजूद तो होता है। बल्कि सिर्फ वही मौजूद होता है। नर्क और स्वर्ग, दोनों धरती पर ही हैं। यहीं हैं। हमें उनका इंतजार नहीं करना पड़ता। फिर भी हम करते हैं और उम्मीद की किरण से खुद को तसल्ली देते रहते हैं।

स्मृति भूलने की कला का नाम है

अगर आपके मन में ब्रह्मांड के बारे में कोई सवाल है, तो मेरे हिसाब से इस छिपी हुई वास्तविकता के करीब पहुंचने का एकमात्र रास्ता शब्द की शक्ति ही है। हर कोई एक काल्पनिक व्यक्ति है और साथ ही, एक वास्तविक व्यक्ति भी। मैं काल्पनिक दुनिया और वास्तविक दुनिया से जुड़ा हूँ-मैं दोनों साम्राज्यों में हूँ। आप भी और इस रेस्टोरेंट में मौजूद हर कोई। और साथ ही वह सब कुछ जिसे हम देख सकते हैं और वह भी जिसे हम नहीं देख सकते, क्योंकि हम जानते हैं कि हम अपनी पांचों इंद्रियों से वास्तविकता का कुछ हिस्सा ही पकड़ पाते हैं, शेष अगोचर ही रह जाता है। देखिए यहां मैं गूढ़ नहीं हो रहा हूँ। वास्तविकता मेरे लिए इतनी महत्वपूर्ण है कि मैं हमेशा हर संभावना के प्रति सजग रहना चाहता हूँ…

वास्तव में हमें इसका कोई अंदाजा नहीं कि ब्रह्मांड क्या है। लोग हमें यही बताते आए हैं कि आपको सोचना नहीं चाहिए, क्योंकि सोचना आपको कहीं नहीं ले जाता। आप बस ग़लतफ़हमी के इस विशाल ढांचे पर निर्माण करते हैं, जिसे संस्कृति कहते हैं। संस्कृति का इतिहास महान विचारकों की ग़लतफ़हमियों का इतिहास है। इसलिए हमें हमेशा शून्य से शुरुआत करनी होती है और शायद इस तरह आपको समझने का मौका भले मिले न मिले, लेकिन कम से कम आगे ग़लतफ़हमियां नहीं होंगी। क्योंकि यह इस प्रश्न का दूसरा पहलू है कि क्या मैं सचमुच इतना साहसी हूँ कि सारी मानव संस्कृति को रद्द कर दूं? मानव उत्पाद की सुंदरता की प्रशंसा करना बंद कर दूँ? ना कहना बहुत मुश्किल है। लेकिन शायद यह एक ग़लती है। मैं अपनी संस्कृति का सम्मान करता हूँ। मैं हर रूप में उच्च मानवीय अभिव्यक्ति का सम्मान करता हूँ। लेकिन इस संस्कृति की जड़ झूठी है और अगर हम कुछ नहीं करते, तो भी सब कुछ यथावत चलता रहता है। और शायद यही सबसे महत्वपूर्ण बात है। समस्त सार… माने क्या और क्यों, जैसे प्रश्नों के बारे में सोचे बिना चलते रहना।

ईश्वर भाषा में प्रकट नहीं होता

कितना सुंदर है चलते रहना यह जानते हुए भी कि एक रोज़ मैं सबकुछ यहीं छोड़ दूंगा; इन घाटियों, पहाड़ियों, सड़कों और बगीचों से आई नीलपाखियों (जेबर्ड) को…। मैं पादरियों को, स्वर्ग और पृथ्वी को, वसंत और पतझड़ को भी यहीं छोड़ दूंगा। यहीं छोड़ दूंगा मैं गुज़र जाने के तमाम रास्ते, रसोईघर की शामें, प्रेम भरी अंतिम निगाहें और शहर की ओर जाने वाली सभी दिशाएं, जो तुम्हारे भीतर सिहरन पैदा करती हैं। मैं ज़मीन पर पड़ने वाले सांझ के घने साए छोड़ दूंगा। छोड़ दूंगा गुरुत्वाकर्षण, आशा, मोह और शांति भी यहीं… मैं उन तमाम प्रियजनों और अपने करीबी लोगों को छोड़ दूंगा, जिन्होंने मुझे छुआ। छोड़ दूंगा हर वह चीज़ जिसने मुझे चौंकाया, मोहित किया और उत्साहित किया। मैं महान, परोपकारी, सुखद और अतीव सौंदर्य को यहीं छोड़ दूंगा। मैं यहीं छोड़ दूंगा नवोदित अंकुर को, अपने विगत-आगत जन्मों को और अपने अस्तित्व को भी और मंत्र, रहस्य, अंतराल, अक्षयता और अनंतता के बोध से घुले काल के उन्माद को भी; क्योंकि मैं इस धरती और इन सितारों को यहीं छोड़ दूंगा, क्योंकि मैं यहां से अपने साथ कुछ नहीं ले जाऊंगा, क्योंकि मैंने देख लिया है आगे क्या आने वाला है, और मुझे यहां से कुछ भी नहीं चाहिए। कुछ भी नहीं…

मुझे बहुत पहले ही समझ में आ गया था कि मुझमें और एक कीड़े में या एक कीड़े और एक नदी में या एक नदी और उसके ऊपर से गुज़रती आवाज़ में कोई फ़र्क़ नहीं है। असलियत में किसी भी चीज़ का कोई अर्थ नहीं है। यह कुछ और नहीं, बल्कि एक जाल है। यह केवल हमारी कल्पनाएं हैं, जो हमें लगातार यह झूठा भरोसा दिलाती रहती हैं। कोई इससे बच नहीं सकता, न कोई बचा सकता है। (जबकि सच्चाई यह है कि) निकटतम वस्तुओं के बीच जितना गहन संबंध होता है, दूर स्थित वस्तुओं के बीच यह संबंध उतना ही कमजोर होता जाता है और जहां तक बात दूर में भी सुदूर की हो, तो उनके बीच कोई संबंध होता ही नहीं है और यही ईश्वर का स्वभाव है। वैसे भी मुझे कोई दिलचस्पी नहीं है किसी भी शय में विश्वास या अविश्वास को लेकर… मुझे दिलचस्पी है उन लोगों को समझने में जो जीवन सत्य को पराकाष्ठा में जीते हुए भी आशा, उम्मीद और विश्वास करते हैं।

मेरे लिए बारीकियां ज़्यादा महत्व रखती हैं। छोटी-छोटी बातें मेरे लिए जीवन-मरण का प्रश्न बन जाती हैं। एक वाक्य में एक गलती मुझे मार डालती है। मैं अपनी किताबें पढ़ना बर्दाश्त नहीं कर पाता, क्योंकि तीन सौ पन्नों में, एक भी लयबद्ध गलती के बिना किताब लिखना लगभग असंभव है। यह पूर्णता का प्रश्न नहीं, बल्कि छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखने की इच्छा भर है, क्योंकि छोटी-छोटी बातों और समग्रता के बीच कोई बड़ा या महत्वपूर्ण अंतर नहीं होता। सागर की एक बूंद और संपूर्ण सागर में क्या अंतर है? कुछ नहीं। कुछ भी नहीं।

 

अनुवाद और प्रस्तुति : उपमा ऋचा

लेखिका, अनुवादक। हिंदी की पहली ऑडियो-विजुअल पत्रिका ‘अबे कलजुग’ का संचालन। इंदिरा गांधी की जीवनी ‘एक थी इंदिरा’ सहित अनुवाद की कई किताबें और साझा कविता संग्रह प्रकाशित। संप्रति मल्टीमीडिया एडीटर, ‘वागर्थ’।