(5 दिसंबर 1830-29 दिसंबर 1894, लंदन) प्रेम, अध्यात्म और बाल कविता लिखने वाली अंग्रेजी लेखिका, विक्टोरियन पोइट्री का महत्वपूर्ण स्वर । इनका रचना संसार अंग्रेजी साहित्य में अपनी रहस्यवादी, प्रतीकात्मक शैली और गहन अनुभूति के लिए जाना जाता है। 

प्रेम के लिए बहुत देर हो चुकी है
बहुत देर हो चुकी है हँसने, खुशियां मानने के लिए
हां देर, बहुत देर हो चुकी है!
जब तुम बहुत देर तक सड़कों पर आवारा घूम रहे थे
और कर रहे थे वक्त बर्बाद
दरवाजे के बाहर खड़े होकर
तब एक साथी के बगैर
अंतिम सांस ली जादुई कबूतर ने
और जादुई राजकुमारी भी सो गई आखिरी नींद
अपने बुर्ज की भट्टी के पीछे
तुम जब खींच रहे थे
इंतज़ार की लकीरें अपने और उसके बीच
उसका दिल तड़प रहा था घूंट भर मुलाकात के लिए!

माना कि दस साल, पांच साल
और फिर एक साल पहले भी
तुम समय से आ गए थे
हालांकि बहुत धीमे से सही
तब तुम पढ़ पाए थे उसके ज़िंदा नक़्श
लेकिन अब तुम उन्हें नहीं देख सकते किसी तौर
जमे हुए झरने उछाल भरेंगे
कलियां भी बेचैन हो जाएंगी फूटने के लिए
और दक्षिण की गरम हवा जाग उठेगी
ब़र्फ को पिघलाने के लिए
अपनी आखिरी नींद में भी
क्या वह उतनी ही सुंदर है?
कभी वह सुंदर थी
अपने बालों में स्वर्ण-भस्म सजाए
वह मुनासिब थी किसी भी राजसी राजा के लिए
अब उसकी लटों में पॉपी के फूल गुथे हैं
उसे पहनने ही चाहिए सफेद पॉपी
और ओढ़ ही लेना चाहिए घूंघट
अपने चेहरे को ढकने के लिए
(क्या) उसकी चाहतें उकेरी जाएंगी वहां
या बढ़ाई जाती है तड़प चाहतों को मिटाने के लिए

हमने कभी उसे मुस्कराते नहीं देखा
न भवें टेढ़ी करते हुए
हालांकि अब तो उसे उतारकर
नीचे रख दिया गया है
उसे कभी मुलायम नहीं लगा अपना बिछौना
किर्ट्ले (स्त्रियों के पहनने का लंबा ड्रेस), रीथ (फूलों की माला) या गाउन
वह बहुत कम ध्यान देती थी अपने पैरहन पर
लगता है भारी ताज के नीचे
उसकी सफेद भवें इतना दुखती थीं
कि उसके रुपहले बाल झांकने लगते थे
उसकी लटों के बीच से

हमने कभी उसे हड़बड़ाकर बोलते नहीं सुना
(जब कभी भी) उसकी आवाज़ कानों में गई
उसका लहजा मीठा था और अंदाज़ संयत
रास्ते की भीड़ और शोरगुल के बीच भी
उसका दिल शांत रहता था
न उसके हाथों में कोई फड़फड़ाहट थी
न कदमों में कोई तेजी
कभी ऐसी कोई खुशी भी
उसके नजदीक नहीं आई
कि वह सबकुछ भूलकर दौड़ पड़ती

तुम्हें कल उसके लिए रोना चाहिए
बिखर जाना चाहिए उसके बिछौने पर
लेकिन आज तुम क्यों रोते हो
क्या इसलिए कि वह मर चुकी है?
देखो हम जो प्यार करते हैं
आज के दिन रोते नहीं
बल्कि (करो तो ऐसा करो) उसके शाही सिर पर ताज़ रख दो
पॉपी के जो फूल हमने बिखेरे हैं
उन्हें छोड़ने दो अपना रंग इन तमाम दृश्यों पर
तुम्हारे गुलाबों की रंगत कुछ ज्यादा ही गाढ़ी है
कुछ ज्यादा ही रक्तिम…
पॉपी के इन फूलों को अकेला छोड़ दो
(किसी के साथ के लिए अब बहुत देर हो चुकी है!)

 

 

 

 

हिंदी रूपांतरण : उपमा ऋचा
युवा कवयित्री
, लेखिका और अनुवादक।सात महत्वपूर्ण साहित्यिक एवं ऐतिहासिक कृतियों का हिंदी अनुवाद।मौलिक पुस्तक ‘एक थी इंदिरा’ (इंदिरा गांधी की जीवनी)