युवा लेखिका। विभिन्न पत्र–पत्रिकाओं एवं संकलनों रचनाएं प्रकाशित।  लघुकथा संग्रह ‘कैक्टस एवं अन्य लघुकथाएं’।

कंप्यूटर पर बैठी रीटा के हाथ तेजी से माउस और कर्सर पर घूम रहे थे। बराबर के कंप्यूटर पर काम करता अंकित भी उंगलियां तेजी से चला रहा था।

‘रीटा, कितने दिन और लग जाएंगे तुम्हें अभी?’

‘अंकित, मैं लगभग सफलता के करीब हूँ। मैं मानव की तरक्की में अवरोध के कारण समझ और ढूंढ़ चुकी हूँ। कल तक अपनी फाइनल थीसिस सबमिट कर दूंगी।’

‘क्या निष्कर्ष निकाला तुमने?’ अंकित अपना काम छोड़कर रीटा के कंप्यूटर पर देखने लगा।

‘मुझे क्या निष्कर्ष निकालना है? पूरी थ्योरी डाटा बेस्ड है। तुम भी अंकित! मैं संवेदनाओं पर काबू करने पर काम कर रही हूँ। आओ बैठो, मैं तुम्हें अपनी थ्योरी और पुराने डाटा के आधार पर कुछ मजेदार चीजें दिखाती हूँ। ये लोग कितने अलग थे हमसे। जहां देखो, तुम्हें संवेदना दिखाई देगी। यह देखो!’

माउस की क्लिक के साथ वर्षों पुराने चित्र कंप्यूटर की स्क्रीन पर खुल चुके थे।

‘क्या है रीटा?’

‘इसे पढ़ो। ये इन लोगों के खेत-खलिहान हैं। पूरा प्रोसेस पढ़ो, तुम पाओगे कि ये लोग इन चीजों पर कितना समय खराब करते थे। यह हरा-हरा देख रहे हो। देखो, क्या लिखा है यहां- फलियां। इधर भी देखो, क्या लिखा है- धान?’

‘अपना सब कुछ लैबोरेटरी में चलता है। अंकित, यह पिक्चर देखो, ये क्या कर रहे हैं?’

‘कोई बरतन आग पर रखा है। औरतें पता नहीं क्या कर रही हैं? आगे पेज पर आओ रीटा। यह सब बड़ा अजीब है!’

‘यही मैं तुम्हें बता और दिखा रही हूँ अंकित! एक मिनट अंकित, कुछ एनर्जी लॉस लग रही है, लंच स्किप हुआ आज।’

‘बहुत ग़लत बात है रीटा। काम में इतना क्यों खो जा रही हो? रोबो लंच नहीं लाया तुम्हारा? प्रोग्रामिंग में क्या दिक्कत हुई है, मैं देखता हूँ।’

‘रुको अंकित। तुम उसकी प्रोग्रामिंग बाद में चैक करना। तुम्हारी प्रोग्रामिंग कैसे करूँ मैं? यह केयर, यह संवेदना, यही तो बिलकुल समाप्त करनी है।’

‘कोई केयर नहीं यह रीटा। रोबो की प्रोग्रामिंग कहां बिगड़ी, यह देख रहा था।’

‘अच्छा इधर आओ। बस यह सब बहुत दिलचस्प-सा लगा। यहीं रखे हैं कैप्सूल, खा रही हूँ।’ कहकर रीटा फिर कंप्यूटर पर झुक गई और बोली, ‘मैं तुम्हें अपने इन पूर्वजों का रहन-सहन दिखाती हूँ।’

रीटा ने कर्सर एक फाइल पर ले जाकर क्लिक किया। कुछ औरतों की आवाज़ उस बंद हॉल में गूंज गई। दो रस्सियों के बीच पटले पर एक औरत बैठी थी। दूसरी उसके ठीक पीछे जाकर उसे धक्का दे रही थी। पास ही औरतों का एक समूह जोर-जोर से गाने गा रहा था। एक लंबा, दोनों तरफ से गोल वाद्य यंत्र पास ही रखा था। एक औरत बहुत खूबसूरती से उसे बजा रही थी। हवा में जैसे उसके स्वर लहरा रहे थे।

‘यह क्या है रीटा?’ अंकित आश्चर्य से स्क्रीन ऐसे देख रहा था, जैसे किसी और ग्रह के प्राणी आ गए हों।’

‘ऐसे क्या देख रहे हो?अपने पूर्वज हैं ये।’

‘क्या कर रहे हैं ये? यह कौन सी खोज है इनकी?’

हँस पड़ी रीटा।

‘अंकित, यह कोई खोज नहीं कर रहे। इन लोगों के पास यह सोचो, कितना समय था? यह गाना, बजाना। स्विंग का भी टाइम था। ये लोग संवेदनाओं से भरे पड़े थे। संवेदनाओं में ही उलझ कर रह गए। इसीलिए तरक्की नहीं कर पाए।

‘तुम्हारा कहना है ये संवेदनाएं इनकी तरक्की में अवरोध का कारण रहीं रीटा?’

‘यस अंकित। जितनी स्टडी कर रही हूँ, यही निकलकर आ रहा है। संवेदनाएं ही हर दुख, कष्ट और तरक्की में अवरोध का कारण हैं।’

‘रीटा यह देखो, क्या यह पढ़ा तुमने? यह खाना पकाना क्या था? इतने ढेर सारे बरतन हैं, एक पूरा रूम इसी काम के लिए है!’ अंकित के आश्चर्य की सीमा न थी।

‘मैं भी वही देख रही हूँ। पढ़ो इसके बारे में। ढेरों पकवान बनते थे। कहीं-कहीं किसी की रेसिपी भी है। इसके लिए ये लोग इतना समय खराब कर लेते थे। अल्टिमेटली बॉडी को चाहिए क्या? ग्लूकोज माने एनर्जी। हम लोग कैप्सूल के फॉर्म में सारे इम्पोर्टेन्ट इनग्रेडीयेंट ले लेते हैं। इतने पकवानों की क्या जरूरत थी, मुझे समझ नहीं आ रहा!’

‘कहीं छोटी बेबी को गोद में ले कुछ कर रहे हैं। कहीं ये कुआं, वाटर वेल की पूजा कर रहे हैं। मैंने पढ़ा था रीटा, इन लोगों में विवाह नाम की चीज होती थी। दो लोग विवाह करके एक साथ रहते थे। परिवार का एक कल्चर होता था। बच्चे होते थे। ग्रांड मां, ग्रांड पा। मुझे तो सपना-सा लग रहा है सब। यह कैसे सच हो सकता है!’

‘परिवार की अवधारणा ही अजीब है। आज की दुनिया कहीं अच्छी है अंकित। उस दुनिया में होती तो मैं तुम्हारे लिए खाने पका रही होती। कपड़े धो रही होती। हाउ फुलिशनेस!’ कहकर रीटा जोर–जोर से हँसने लगी।

‘रीटा, बहुत हँसा लिया। तुम्हारी रोबो बेबी कहां है? बुलाओ उसे। स्पेसयान निकलवाओ। कहीं घूमकर आएं। तुम इन पुरानी चीजों से बोर कर रही हो।’

‘बैठो अंकित। अभी बहुत कुछ है। तुम्हारी कम्पलेन करनी होगी। तुम अभी भी संवेदनाओं में लिप्त हो। यह घूमना-फिरना, बोर होना, खुश होना, तुम संवेदनाओं को नहीं जीत पा रहे हो।’

‘नॉट सो रीटा। लेकिन मैं क्या देखूँ इसमें। मुझे कुछ अच्छा नहीं लग रहा।’

‘तुम्हें अभी भी अच्छा-बुरा लगता है। तुम्हारी संवेदनाएं तुम पर हावी हैं अंकित। प्रोफेसर जाने कब आएंगे। तुम्हारी प्रोग्रामिंग मुझे ही सेट करनी होगी।’ कहकर रीटा ने कुछ बटन इधर-उधर करके अंकित की ओर देखा।

‘देखो, इन औरतों को देखो। इनपर लिखी कविताओं को देखो। मां की कितनी महिमा लिखी है। यह नाइन मंथ का टाइम पीरियड, ये कितना समय निकालती थीं, फिर बेबी को भरपूर टाइम देती थीं। मैं पढ़ रही थी। कई ने जॉब छोड़ी। अपन सही हैं। हम टेस्ट ट्यूब और लैबोरेटरी में पैदा हुए हैं। रोबो बेबी ने बड़े कर दिए। न किचन का कोई कंसेप्ट। न किसी के साथ हमेशा के लिए बंधने का। माई गॉड, ये लोग बंधनों में कैसे जी लेते थे!’

‘बिग सरप्राइज! वाकई बंधन में बंधना। अजीब थे ये लोग।’

‘रोबो बेबी़। गिव अवर डिनर। अंकित बाकी का कल दिखाऊंगी। कुछ प्वाइंट समराइज कर लूं। तब तुम अपने रिसर्च-बिंदु देखो। फिर कल मिलकर डिस्कस करते हैं।’

रोबो के लाए कैप्सूल खाकर दोनों फिर अपने-अपने कंप्यूटर पर लग गए।

प्रोफेसर अनंत और उनके मित्र रमन कहीं दूर बैठे कैमरे और अति आधुनिक डिवाइस से उनके क्रियाकलापों पर नज़र रख रहे थे। जैसा उन्होंने सोचा, सब कुछ वैसा ही हो रहा था। रीटा और अंकित उनकी प्रोग्रामिंग के बाद पूरी तरह उनके कंट्रोल में थे। रीटा की थीसिस देखकर उन्हें बहुत खुशी हो रही थी। सबसे बढ़कर खुशी यह थी कि रीटा उनकी सोच से बढ़कर काबिल निकली। उसने प्रेम, गुस्सा, नफरत जैसी भावनाओं को बहुत अच्छे से समझ लिया था। इनका दुष्परिणाम उसे एकदम क्लियर था। अब वह उनके नैक्सट लेबल के एक्सपेरीमेंट के लिए एकदम तैयार थी। अब रीटा अपने जैसे दूसरे मानवों की प्रोग्रामिंग करने के लिए भी तैयार थी।

‘ग्रेट! तो प्रोफेसर तुमने आखिर मानव दिमाग़ को कंट्रोल कर उसपर विजय पा ही ली।’

‘रमन! जरूरी था। यह प्रेम विवाह, परिवार दुख-सुख, समर्पण यह मानव उत्थान में रोड़ा है। हमें अपनी तरक्की के लिए इसे खत्म करना ही होगा।’

‘ये चीजें समय के साथ अपने आप ही खत्म हो रही थीं प्रोफेसर। लेकिन तुमने मानव दिमाग़ पर कंट्रोल कर कमाल कर दिया है।’

प्रोफेसर मंद-मंद मुस्कुराए, ‘चलो हम भी सो जाते हैं।’

‘हां चलो अभी सो ही जाते हैं। कल देखेंगे रीटा, अंकित  क्या कमाल की खोज सामने लाने वाले हैं।’ कहकर रमन मुस्कुरा दिए।

 प्रोफेसर अनंत रमन को उनके कमरे में छोड़कर टैरिस पर आ गए और उनकी बात का अर्थ खोजने लगे। मानव दिमाग़ की प्रोग्रामिंग कर संवेदनाओं पर विजय पाने का स्वप्न देखने वाले प्रोफेसर रात के अंधेरे में चांद की मद्धिम रोशनी को एकटक देख रहे थे। चांदनी खुल कर छिटकी हुई थी। रात की रानी पर पड़ती चांद की किरणों से उसके सफेद फूल चमक रहे थे। अब बहुत कुछ बदल गया, लेकिन यह चांद, यह रात की रानी, ये फूल, यह कुदरत अभी इतनी नहीं बदली थी। प्रोफेसर ने इन विचारों से खुद को निकाला। वे अपने प्रयोग के बारे में सोचने लगे। बस कुछ दिन और, फिर यह एक्सपेरिमेंट जरूर सफल होगा। संवेदनाएं खत्म हो जाएंगी और मानव सुखी हो जाएगा। मानव के दुखों को दूर करने की चाबी उन्हें मिलने वाली थी।

‘यह समस्त मानव जाति के लिए वरदान जैसा होगा।’ होठों में यह बुदबुदाकर प्रोफेसर अपने रूम की तरफ चल दिए।

अगली सुबह प्रोफेसर अनंत कुछ जल्दी उठ गए। रीटा की थीसिस का उन्हें बेसब्री से इंतज़ार था। उसके बाद ही वह ह्यूमन ब्रेन में और चेंजिज कर पाएंगे। जल्दी से फ्रेश हो वे कंप्यूटर खोल कुर्सी पर बैठ गए। रीटा उनकी सोच पूरी करती हुई कंप्यूटर पर ही मिली। अंकित अब तक सो रहा था।

रीटा ने बॉटल से दो घूंट पानी के भरे और एक नया पेज खोल लिया।

अलग-अलग संवेदनाओं पर अलग-अलग किस्से भरे हुए थे।

यह देखती हूँ। यहां काफी मटीरियल मिलेगा।

एक जगह आकर वह रुक गई। प्रेम पर कितने ही आख्यान भरे पड़े थे। वह हैरान होकर उन्हें पढ़ने लगी– ‘न वो दोस्त है न दवा मेरी न वो मेरा जांनिसार है/न मैं पूछती न सोचती न फिर भी आदतों में शुमार है।’

अगले पेज पर लिखा थाः ‘…शिद्दत से आती पार्थ की याद मुझे बेचैन करने लगी। पर पार्थ को भूली ही कब हूँ मैं। एक पल को भी तो नहीं, उसकी यादों की टीस कब तक मन को छीलती रहेगी नहीं पता, शायद सारी उम्र। क्या प्यार ऐसा होता है? ऐसा होता है तो ऐसा क्यों होता है? लेकिन जैसा भी होता है बहुत अच्छा होता है। यह ऐसा दर्द है जिसका एहसास बहुत मीठा है।

पार्थ कब तक मुझसे नाराज रहोगे? वापस आ जाओ। हर दिन तुम्हारा इंतज़ार कर रही हूँ…

रीटा ने अब उत्सुकता से अगला पेज खोला।

‘पल्लवी ओ पल्लवी।’ मां की आवाज सुबह-सुबह कानों में गूंजती है। मां लगातार चिल्लाए जा रही हैं। मैं अंजुरी भर रोने की प्यास में घुट रही हूँ। उगते सूरज की रोशनी से मुझे नफरत सी हो गई है। मां की आवाजें पास आती जा रही हैं। मैं जल्दी से उठ वॉशरूम में बंद हो जाती हूँ। पानी की आवाज सुन मां पलट जाती है। पानी के साथ आंसू के कुछ कतरे बहा मैं बाहर आ बैठती हूँ। सूरज पूरी चमक के साथ आकाश में है। उसे देख दुख का एक पूरा बियाबान जंगल मेरे चेहरे पर उतर आता है। मां को अपनी ओर आता देख मैं जल्दी से आगे बढ़ जाने की कोशिश में उल्टी चप्पल पहनकर बाहर को बढ़ती हूँ, लेकिन मां मुझे रोक ही लेती हैं।

‘पल्लवी!’

‘मां…!’

मेरे कुछ बोलने से पहले मां अपनी उंगली मेरे होठों पर रख देती हैं।

‘पल्लवी! एक मां अपने बच्चे को उससे ज्यादा जानती है। पार्थ अब हमारे बीच नहीं है। तू यह कब तक नहीं स्वीकारेगी?’

‘मां मैं क्या करूं?’ पल्लवी मां की गोद में लेट बिलख-बिलख कर रोने लगती है। मां पल्लवी के बाल सहलाने लगती हैं।

‘रो ले पल्लवी। आज जितना मन करे रो ले। बहा दे सारा दर्द आज। जाने वाले लौटकर नहीं आते बेटा।’

‘मां! प्रेम! यह सब क्या है? मां की गोद में ऐसा क्या मिलता है?’ रीटा ने उत्सुकता से अगला पेज खोला।

…तुम्हारे साथ से महकती इन समुद्री लहरों में पूरे भीगे हुए हम-तुम। लहर पूरे जोर-शोर  से आती हैं और हमें भिगो कर वापस चली जाती हैं।

इस नमकीन पानी का नमक चेहरे पर कहीं छोड़ जाता है साथ बीते हुए उन लम्हों के निशान। मैं सोच भी नहीं पाता कि तुम्हारे बिना एक लम्हा भी बिता पाऊंगा। कितना अजीब है न! तुम यह सब जानती भी नहीं, तुम्हें कितना चाहता हूँ मैं।

तुम आज हमेशा के लिए दूर जा रही हो मुझसे। तुम्हारे चेहरे पर आज के वक्त के ये निशान देखने को मैं काश तुम्हें मिलने देखने आ पाता। लेकिन ये निशान मुझे फिर भी दिखेंगे समुद्र की आती-जाती इन लहरों में।

रीटा ने कर्सर अगले पेज पर रखा, तब तक  अंकित जागकर आ गया। ‘तुम सोई नहीं रात भर। ऐसा क्या काम करने लगी? दिखाओ मुझे भी।’ अंकित  ने कंप्यूटर स्क्रीन की तरफ मुंह किया।

‘कुछ नहीं।’ कहकर रीटा ने जल्दी से पेज बदल दिया।

अंकित ने हैरानी से उसे देखा।

‘अंकित!’

‘बोलो रीटा! क्या हुआ? लो यह कैप्सूल लो। तुम्हारी प्रोग्रामिंग के अनुसार तुम्हारी एनर्जी के लिए जरूरी है ये। कब से यह रिंगवैल बज बजकर तुम्हारे एनर्जी लेबल के कम होने का संकेत दे रहा है। मेरी नींद भी इसी से टूट गई। अभी मेरी प्रोग्रामिंग के अनुसार दो घंटे का रेस्ट चाहिए था मुझे।’

‘अंकित! यह वापस रख दो। मुझे यह नहीं चाहिए।’

‘रीटा! तुम शायद बीमार हो रही हो।’

‘अंकित! यहां मेरे पास आओ।’ अंकित का हाथ रीटा के हाथ में था।

‘रुको रीटा। मैं चैक करता हूँ। तुम कुछ अजीब सा विहैव कर रही हो। तुम… तुम बीमार हो रही हो। तुम्हारी रोबोटिक प्रॉपर्टी डिस्टर्ब हो रही हैं। रुको मैं प्रोफेसर को कॉन्टेक्ट करता हूँ।’

‘अंकित! मेरी बात सुनो।’ रीटा ने अंकित का हाथ और कसकर पकड़ लिया। अंकित प्रोफेसर को भूलकर रीटा को देखने लगा।

‘यह बताओ, चाय कैसी होती है?’

अंकित हैरान हो फिर रीटा को एकटक देखने लगा था।

संपर्क : बी-1/248, यमुना विहार, दिल्ली-110053 मो. 8826270597