![]() |
||
| अली सरदार जाफरी (1913-2000) प्रगतिशील लेखक संघ के संस्थापकों में से एक। पहली किताब ‘मंज़िल’ 1938 में प्रकाशित। ‘परवाज़’, ‘नई दुनिया को सलाम’, ‘ख़ून की लकीर’, ‘एशिया जाग उठा’ और ‘मेरा सफ़र’ नज़्मों-ग़ज़लों के प्रमुख संकलन। ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित। |
|
|

सूरज देवता ने रात की गोद से अपना सर उठाकर शरीर बच्चे की तरह इधर-उधर देखा। उनकी एक उचटती हुई निगाह पीपल के कदमों में पड़ी हुई औरत पर भी गई। उसके पहलू में अंधेरी रात की पैदाइश एक बच्चा पड़ा हुआ सिसक रहा था। औरत ने कराह कर बच्चे की तरफ करवट ली। और एक दिल लुभा लेनेवाली मुस्कराहट के साथ अश्क भरी आंखों से उसे देखने लगी। सफेद मिट्टी की छोटी सी मूरत इसमें जान पड़ गई थी। फूले हुए पपोटे, रेशम जैसे बाल, नर्म जिस्म के अंग। मां ने हाथ बढ़ाकर बेटे को उठा लिया। और प्यार करके फिर अपने पहलू में लिटा लिया।
अब वह उसे दूध पिला रही थी। अंदर रगों ने एक गुदगुदी-सी महसूस की। उनमें दूध के साथ ममता का खून बह रहा था। मासूम होठों की पोली-पोली हलचल नर्म मसूड़ों को बल पहुंचा रही थी। वह उन तमाम लज्जतों को उठाने वाली थी, जो कुंआरे सीनों को नौजवान उंगलियों से मसलने के बाद हासिल होती है। इस एहसास के साथ वह उन गहराइयों में डूब गई, जिनमें उसकी पच्चीस साला जिंदगी की बहुत सी यादें महफूज थीं।
उसका नाम झनाका था। शादी हुए आठ साल गुजर चुके थे। शौहर की सूरत सिर्फ एक मर्तबा देखी थी। और वो भी उस वक्त जबकि अभी जवानी नहीं आई थी। बीस-बाईस बरस का गठीला जवान, जो अकेला कई आदमियों पर भारी था। अपनी तमाम आरजुओं और उम्मीदों समेत समंदर पार लड़ने चला गया। फिर उसकी कोई खबर नहीं आई। गांव के और भी बहुत से जवान फौज में भर्ती हुए थे, उनमें से कोई भी लौटकर नहीं आया। झनाका की बात ससुराल वालों ने भी न पूछी। उन्हें खुद ही खाने को न जुड़ता था। उसे कहां से खिलाते। मां-बाप भी इस काबिल न थे। लेकिन देहात में आसानी से गुजर-बसर हो जाती है। थोड़े से खर्च में थोड़ी-सी जरूरीयात पूरी हो जाती थीं। झनाका पिसाई-कुटाई करके कुछ कमा लेती थी। बरसात में धान की बुवाई बदलती थी। फसल तैयार होने पर खेत कटते थे। उसमें पेट भरने के लिए मिल जाता था। इन धंधों से जो वक्त बचता था, वह उसका अपना वक्त होता था। उस पर किसी किस्म की पाबंदी को बरदाश्त करने वाली न थी। जवान होकर दो-तीन साल शौहर का इंतजार किया। फिर उसे बिलकुल भुला दिया। अब उसकी याद भी न आती थी। और आती क्यूं? उसकी कोई खास जरूरत भी न थी।
झनाका बच्चे को दूध पिलाती रही और सोचती रही कि इसे किसके सर थोपे? चौधरी के लड़के ने पांच सेर धान दिए थे, उसके बदले में वह अपना बेटा उसे दे दे। लेकिन वह लेगा क्यों? घसीटे ने हँसी-हँसी में उसे पकड़ लिया था, अब वह कहेगा कि मैं क्या जानूं? ईदू ने गेहूं कटवाने के बहाने से उसे घर बुलाया था, वह साफ मुकर जाएगा। और हां वह कौन था, जो चौधरी के घर आया था। उसने एक रुपया दिया था। वह अपने केंद्र से दूर हटती जा रही थी। उसे बरसों पुरानी बातें याद आ रही थीं। कोई इस बच्चे का बाप बनने को तैयार न होगा। अपना हुक्का-पानी कौन बंद कराएगा? पंचायत के सामने जाकर कौन गवाही देगा? स़िर्फ झनाका ही को मां बनना था। उसकी समझ में एक तरकीब आई। बच्चे का गला घोंटकर, दरिया में फेंक दे। मगर उसका कसूर क्या था? सिर्फ इतनी-सी बात पर कि गांववालों की इजाजत बगैर वह पैदा हो गया था। उसे मार डाला जाए! ये तो हत्या है।
अब बस एक सूरत यह है और वह यह कि उसे वहीं दरख्त के नीचे छोड़ दिया जाए। कोई न कोई उठा ही ले जाएगा। इस खयाल ने दिल में घर कर लिया। झनाका ने बच्चे को सीने से लिपटाकर खूब प्यार किया। और जमीन पर रखकर चल दी। वह थोड़ी दूर गई थी कि बच्चे के रोने की आवाज आई। उसने मुड़कर देखा, छोटे-छोटे हाथ-पांव बड़ी तेजी के साथ हरकत कर रहे थे। उससे जब्त न हो सका। उसने फिर जाकर उसे गोद में उठा लिया। और एहतियात से अपने दुपट्टे के आंचल में छुपाकर गांव की तरफ चली गई। वो हौले-हौले कदम रखती हुए गांव में दाखिल हुई। जैसे पैरों में कांटे चुभे हों। एक कुत्ता पास आकर दुम हिलाने लगा।
उम्मीदया जो कुएं से पानी भरकर ले जा रही थी, पास आकर बोली, ‘कल तेरा पेट फूला था। आज बिलकुल अच्छी हो गई। ये कैसी जलंधर (जलोदर) थी?’
झनाका इस तरह मुस्कराई कि फीके चेहरे पर रौनक आ गई। कहने लगी, ‘आप ही आप अच्छी हो गई।’
‘और ये गोद में क्या है?’
झनाका ने बच्चे पर से आंचल हटा दिया। उम्मीदया झिझक कर पीछे हट गई। सामने से चौधरी का लड़का निकल आया। वह आज ही शहर से आया था। झनाका का सफेद कपड़े की तरह धुला हुआ चेहरा और पोली-पोली चाल देखकर बोला, ‘इधर आओ, तो बताऊं!’
झनाका की पुरानी रग फड़क उठी। उससे चुप न रहा गया। तुनककर बोली, ‘भैया! चलोरिया थकत है, डगर नाहीं थकती।’
चौधरी का लड़का इस जवाब से कुछ झेंप गया। अपने उस एहसास को छुपाने के लिए बात को टालना चाहा। और तंज से कहा, ‘ये बच्चा कहां से ले आई?’
‘जना है, और कहां से आता।’ झनाका ने तुनककर कहा। और अपनी राह चली गई।
सारे गांव में ये खबर मशहूर हो गई कि झनाका के पेट में जलंधर (जलोदर) नहीं, बच्चा था। शाम को चौपाल में सारा गांव जमा था। झनाका का मुकदमा पेश होनेवाला था। हर शख्स अपनी-अपनी राय दे रहा था।
‘छिनाल है छिनाल!’ घसीटे ने कहा।
ईदू बोला, ‘कैसे आंखें मटका के बात करती है!’
फकीरे ने सोचा, मुझे भी कुछ राय देनी चाहिए। नहीं तो सब बेवकूफ समझेंगे। कहने लगा, ‘एक बात करती है और दस बल खाती है।’
मौलवी इनायत मुहम्मद जो मोमिन कॉन्फ्रेंस से अभी लौटकर आए थे, बोले ‘इससे पहले गांव में ऐसा कभी नहीं हुआ।’
गिरधर पासी ने नाक भौं चढ़ाकर कहा, ‘हां… हां मौलवी साहब! अजी कलंक है।’
पंडित केदारनाथ जो खद्दर की टोपी पहने हुए थे। और अलग हटकर बैठे थे।
फरमाने लगे, ‘राम… राम! ई महापाप है!’
चौधरी ने फैसला-कुन अंदाज में कहा, ‘ऐसी औरत गांव में रखने के काबिल नहीं।’
सब ने हां में हां मिलाई। इतने में छम-छम की आवाज सुनाई दी। सबकी निगाहें झनाका की तरफ उठ गईं। वह बादल के टुकड़े की तरह चली आ रही थी। लंबा-सा घूंघट निकाले। बच्चे को गोद में लिए, सिमटी-सिकुड़ी। बिलकुल नई दुल्हन की तरह। वह आकर मजमे के बीच में खड़ी हो गई। उसने कनखियों से एक-एक को भांप लिया। और पंचायत का फैसला हँसते-मुस्कराते हुए मानने को तैयार हो गई।
चौधरी ने बगैर किसी प्रस्तावना के कहा, ‘गांव की नाक कट गई। बहू ने नाम डुबो दिया।’
सबने गर्दनें हिलाईं। चौधरी ने अपनी बातों का सिलसिला जारी रखा, ‘पंचायत ने ये फैसला किया है कि ऐसी औरत का गांव में रहना ठीक नहीं।’
झनाका ने मैले कपड़े में लिपटे हुए गोश्त के लोथड़े को झुककर जमीन पर रख दिया और सीधी खड़ी हो गई। उसने अपना लंबा घूंघट उलट दिया। सफेद सुता हुआ चेहरा, काली आंखें, शहद भरे होंठ और गुस्से से तपे हुए रुखसार देखकर, किसी को जुरअत न हुई कि उसे उसकी इस बे-हयाई पर टोक दे। चौधरी की निगाहें उसके तने हुए भौहों की तरफ न देख सकीं। और उसके सीने पर ठहर गईं। जो इस तरह ऊपर-नीचे हो रहा था, जैसे दरिया की कोई मौज बड़ी तेजी के साथ पानी की सतह पर तैर रही हो। झनाका ने मगरूर निगाहों से सारे मजमे को देखा और कहने लगी, ‘चौधरी! यहां कौन है, जो गंगा नहीं नहाया?’
उसके रुखसारों पर खून की एक लहर दौड़ गई। घूंघट खुद-ब-खुद चेहरे पर आ गया। झनाका बच्चे को गोद में लेकर चल दी। मजमे में से हर शख्स उसे अपना बच्चा समझ रहा था।
(प्रकाशन वर्ष : 1938)
![]() |
![]() |
|
जाहिद खान
आलोचक और समीक्षक। प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएं प्रकाशित। अलग-अलग विधाओं पर सत्रह किताबें प्रकाशित। |
इशरत ग्वालियरीवरिष्ठ शायर और लेखक। शायरी की एक किताब ‘रूदाद-ए-इशरत’। उर्दू की कई किताबों मसलन ‘पौदे’, ‘रूदाद-ए-अंजुमन’, ‘यह किसका ख़ून है!’ के हिंदी अनुवाद में महत्वपूर्ण भूमिका। |
संपर्क :
जाहिद खान : महल कॉलोनी, शिवपुरी-473551 (मध्य प्रदेश) मो. 9425489944
इशरत ग्वालियरी, मो. 95844 30680



