
वरिष्ठ कथाकार।कहानी संग्रहों के अलावा उपन्यास, जीवनी तथा साक्षात्कार भी प्रकाशित।संप्रति स्वतंत्र लेखन।अद्यतन पुस्तक ‘उर्मिला शिरीष की लोकप्रिय कहानियां’।

‘तुम दान-पुण्य करती हो या नहीं?’
‘करते हैं न।’
‘कहां? क्या?’
‘गरीबों और जरूरतमंदों को।’
‘वह तो दुनिया भर के लोग करते हैं।दिनभर टीवी पर विज्ञापन आते हैं।’
‘फिर…’
‘मंदिर में जाकर जो दान-पुण्य किया जाता है या मंदिर के बाहर जो गरीब महिलाएं, बूढ़े, बच्चे बैठे रहते हैं उनको।हमने तो पिछले महीने ही सोलह साड़ियां, आधा क्विंटल चने की दाल, आधा क्विंटल गेहूं दान किया था।बस मन में एक ही बात रह गई कि हम ये सब अपने हाथ से नहीं दे पाए।’
‘तो किसको दे दिया था?’
‘वहां एक आदमी बैठा था।उसने कहा आप सारा सामान यहीं छोड़ जाओ, कल हम बंटवा देंगे।पता नहीं, उसने बंटवाया भी होगा या नहीं।’
‘साड़ियां कितने की थीं?’
‘बीस हजार की।’
‘और अनाज!’
‘वो तो माधव लाए थे।बाकायदा तुलवाकर, पैक करवाकर।’
‘उसने सारा अनाज बाजार में बेच दिया होगा और साड़ियां घर में रख ली होंगी।’
उसकी बात सुनकर अम्मा का चेहरा उतर गया।अपने हाथ से दान न कर पाने का मलाल उनकी आंखों और चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था।वे चुपचाप कुछ सोच रही थीं।चिंता में डूबी अम्मा को इस तरह उदास देखकर उसका मन दुखी हो उठा।वह अम्मा को कड़वी बात नहीं सुनाना चाहती थी।
‘अम्मा, आप जितना पैसा दान–पुण्य में खर्च कर देती हो, उतना पैसा आप मीता को दे दिया करो…।किसी परेशान इंसान को कुछ देना भी तो दान है।वह अपने घर का सामान ले लेगी।आपको पता है न… वह कितना परेशान रहती है।एक–एक पैसे को लेकर उसको जूझना पड़ता है।’
‘देते तो हैं।किराना देते हैं।जब-तब सिलेंडर भरवा देते हैं।सबके लिए बहुत कर दिया हमने, अब अपने लिए करेंगे हम…।हमें भी तो मोक्ष प्राप्त करना है।बिना दान किए क्या मुंह लेकर जाएंगे।’
‘अम्मा, कैसी बातें करती हो… अभी आपको बीस साल तक कुछ नहीं हो रहा है।’
‘सुनो… हम तुम्हें पैसे देंगे, टीवी पर जो एकाउंट नंबर आ रहा है, उसमें पैसे जमा कर देना।वहां भंडारा हो रहा है।तुम तो भगवान को मानती नहीं हो…।’ अम्मा ने फिर उस पर कटाक्ष किया!
‘कितने पैसे?’
‘पांच हजार एक सौ एक रुपये।’
‘इतनी पढ़ी-लिखी होकर भी जानती नहीं कि कितने प्रकार के दान होते हैं?’
‘कितने प्रकार के?’ वह अम्मा के सामने अज्ञानी बन गई।निहायत ही अज्ञानी, मूर्ख, नास्तिक, अधर्मी!
‘…अभी तो हमने केवल चार दान ही किए हैं।’
टीवी चल रहा था और उस पर कथावाचक कथा सुना रहा था।हजारों की भीड़ आत्ममुग्ध होकर उनके प्रवचन सुन रही थी।सिर हिला रही थी।तालियां बजा रही थी।
‘तुम्हारी छुट्टी कब है?’
‘रविवार को।’
‘गुरुवार को छुट्टी ले सकती हो?’
‘क्यों! बताओ।’
‘एक जगह चलना है।’
‘कहां?’
‘गौशाला।’
‘क्यों… वहां भी…?’
‘वह तो हम भूसा, चुनी-सली भिजवाते ही रहते हैं… पर इस बार हमें गाय लेनी है।’
‘गाय! क्यों?’
‘दान करने के लिए।’
‘किसको?’
‘पंडित को।’
‘पंडित को ही क्यों? गौशाला में दे दो या मीता को दान कर दो।’
‘घर के घर में…’
‘क्यों, लड़कियां तो मानदान मानी जाती हैं न!’
‘तुम पूछकर तो देखो।’
उसने माथा पकड़ लिया।हे ईश्वर! क्या हो गया है अम्मा को।माना कि पिता की मृत्यु के बाद अम्मा एकदम अकेली हो गई थी, उनका समाज, रिश्तेदार और परिवार में सबके बीच उठना-बैठना, आना-जाना कम हो गया था… उन्होंने किसी भी बेटे के साथ रहने से इंकार कर दिया था… और पूरे समय… वे या तो घर की देखभाल करती या गमलों की या कोई न कोई कथा सुनती रहती।उस कथा के दौरान कोई उन्हें डिस्टर्ब नहीं कर सकता था।सारे कथावाचक अम्मा के हीरो बन गए थे।उनसे ज्यादा दयालु, करुणाशील, धार्मिक, मनुष्यभक्त उन्हें कोई नजर नहीं आता था।वे अपनी वक्तृत्व कला से, अपनी वेशभूषा से, अपने अभिनय से… अम्मा को सम्मोहित किए रहते…।सबको लगता… अम्मा का मन लगा रहता है, इससे अच्छी बात और क्या हो सकती थी।उनके प्रवचन में, कथाओं में, भगवान कम इहलोक की कहानियां अधिक होतीं…।वे बहुओं को सीख देते।वे दुराचारी, अनाचारी बेटों को कोसते थे, दान न देने वालों को सबसे बड़ा पापी बताते, जिन्हें स्वर्ग क्या नरक तक में जगह न मिलेगी।मंच से दान देने वालों की महिमा बखानी जाती।उनके नाम लिए जाते।टीवी के नीचे कई-कई बैंकों के नाम, खाते नंबर दिए रहते… जिनमें दान की राशि जमा करने की सूचनाएं प्रसारित होती रहतीं।
बूढ़ी, वृद्ध, उपेक्षित, घर से निष्कासित महिलाओं को इतना सुखी दिखाया जाता कि अम्मा की आंखों में पचीसों बार आंसू छलछला पड़ते।कई बार उनके उपदेश इतने कटु, इतने घृणित और इतने कठोर होते कि वह तिलमिला उठती, मगर अम्मा की भावनाओं की कद्र करते हुए उनको गालियां देते हुए भी जाहिर न होने देती!
अम्मा ने उसके हाथ में पांच हजार रुपये थमाते हुए कहा- ‘तुम बाजार जाओ तो पांच साड़ियां और ले आना।’
‘अब किसको देनी है?’
‘अपने हाथ से दान करनी है।’
उसे पता चला कि इससे पहले वह छोटी बहन से भी ग्यारह साड़ियां मंगवा चुकी थीं।
‘गाय के बारे में पता कर लेना।’
‘ठीक है।’ उसकी आंखों में गोदान का अंतिम द़ृश्य बार-बार तैर रहा था… होरी की इच्छा गोदान करने की…।
उसकी आंखों के सामने मीता की हालत आ खड़ी हुई।बरसों से हैरान-परेशान।कभी कपड़े खरीदकर वह देती तो कभी किराना खरीदकर रख आती तो कभी कोई भाई महीने के महीने पैसे दे देते।कितना सामान आ सकता है।काश अम्मा समझ पाती! पर इस उम्र में अम्मा को क्या और कैसे समझाया जाए!
घर पहुंची ही थी कि अम्मा का फोन आ गया- ‘पता किया?’
‘अभी पता करते हैं।’
उसने पंडित जी को फोन लगाया।
‘कितने की होगी?’
‘सत्ताईस-अट्ठाईस हजार की।’
‘और बाकी खर्चा?’
‘उसमें भी खर्चा हो जाएगा।पूरे विधि-विधान से दान करवानी पड़ेगी।उसका खर्चा अलग आएगा।’
‘तो दान किसे करना चाहिए?’
‘किसी पंडित को।’
‘आपकी नज़र में कोई जरूरतमंद पंडित है?’
‘एकाध दिन का समय दीजिए मैडम।मैं पता करके आपको बताता हूँ।’
चाहे-अनचाहे पूजा-पाठ तो घर में होता ही रहता है।सदियों की परंपराओं को वह भी नहीं नकार सकती है।हां… ये अलग बात है कि पूरा परिवार ही उसे नास्तिक समझता है।उसके विचारों से नाराज रहता है… सच है वह कभी किसी को अपने वश में नहीं कर पाई कि… वह मंदिर में जाकर मूर्ति पर या शिवलिंग पर दूध नहीं चढ़ा पाई है।घी नहीं चढ़ा पाई।उसे लगता उतना दूध-घी वह किसी बच्चे को दे दे तो उसका पेट भर जाएगा।
वह… ईश्वर की सत्ता में विश्वास करती है.. पर…. इस तरह की चीजों में नहीं… जिसे उसका मन पाखंड कहता है तो कभी ढकोसला तो कभी स्वयं से किया गया छल।वह तो बीस साल पुरानी घटना को आज भी विस्मृत नहीं कर पाई है, जब अपने ससुर का पिंडदान करने गई थी और गंगा नदी के बीच एक बड़ी दुर्घटना का शिकार होते–होते बची थी।
बीच नाव में पंडित ने कहा- कितना लड्डू चढ़ाएंगी… उसने कहा- सवा किलो।सवा किलो का मतलब जानती हैं! पंडित ने भी समझाया था तब सवा सौ ग्राम लड्डू चढ़ाने का तय हुआ।एक नाव से दूसरी नाव पर चढ़ते हुए पांव डगमगा गए थे…।पूजा के बाद वहीं एक और पंडित से पाला पड़ा था जिसने कहा कि यहां गुप्तदान किया जाता है।गुप्तदान क्या होता है? किसी को बताना नहीं होता।उससे क्या होगा? कोढ़ फूटेगा।फिर उसने सौ का नोट दिया।पंडित ने मुट्ठी में रखा और पानी में छोड़कर दूसरे हाथ से पकड़ लिया।हो गया दान।चारों तरफ से मांगने वालों ने घेर लिया था।दो छोटे बच्चे।बुजुर्ग सास।हाथ में पहना सोने का कंगन।सोने की चैन वाली घड़ी।दूर प्रवाहित होती गंगा और बीचोबीच वे सब।
पान चबाता पंडित… जब पान की पीक गंगा की पवित्र धारा में थूक रहा था तो उसके मन में उस पंडित के प्रति घिन पैदा हो गई थी… उफ! जब लौटी तो पंडितों की उन उद्दंड, डरा देने वाली क्रियाओं की शिकायत करने थाने जा पहुंची थी… तब उसके परिचित ने कहा था कि हमें तो बताती… एक सिपाही करवा देते और नाव भी।बेकार में आपके दस हजार रुपये खर्च हो गए… और बच्चों के मन में क्षोभ अलग… क्योंकि तब छोटे बेटे ने कह दिया था कि अगली बार आऊंगा तो बंदूक लेकर आऊंगा और पंडित को गोली मार दूंगा।उफ… अम्मा तो बेटे पर ही नाराज हुई थी… क्या होगा अम्मा की सोच का।
‘पंडित का पता किया?’
‘हां मैडम जी… एक हमारे पहचान के हैं।उनके पास बड़ी सुंदर गाय है बछिया सहित, पांच लीटर दूध दे रही है।’
‘तो… कितने में बात की आपने!’
‘बहुत महंगी है।’
‘दान… किसको करना है?’
‘उन्हीं को कर दें।हमें तो दान करने से मतलब है।’
यह तो दान नहीं व्यापार हुआ पंडित जी।पता नहीं इस गाय और बछिया को कितने लोगों ने खरीदकर, कितनी बार दान कर दिया होगा।’
‘ये तो अपनी-अपनी सोच है मैडम जी।हमें दान करते वक्त सुपात्र देखना चाहिए।’
अम्मा को यह सौदा जमा नहीं।वे थोड़ी सस्ती गाय चाहती थी।
‘अम्मा, आप जितनी राशि की गाय खरीदना चाहती है उतना पैसा मीता को दे दो।या किसी जरूरतमंद बच्चे को जो पढ़ना चाहता है।आप अपने हाथ से दे देना।’
जाहिर है कि अम्मा उसकी बात से सौ प्रतिशत असहमत थीं और नाराज भी।फिर पता चला कि उसको बिना बताए छोटी बहन के साथ अम्मा ने तेरह हजार की गाय खरीदकर वहीं दान कर दी थी पूरे विधि-विधान के साथ और अब उन्हें पूरा विश्वास हो गया था कि उन्हें मोक्ष जरूर मिल जाएगा और उनके दानों में से एक दान की संख्या और माइनस हो गई थी।उसने इस बार सचमुच अपना माथा पकड़ लिया।उसका मन आहत था।हृदय फट गया था।अम्मा को कौन इन बातों के मायावी लोक से निकालेगा…।हर चीज की एक सीमा होती है।दुनिया करती है दान… आप भी करो… पर कब… जब आपके साथ वाले सब सुखी हों, खुश हों।
अगली बार अम्मा को समझाएगी- चाहे जो हो… पर कैसे… जब भी वह अम्मा को देखती जबान पर शब्द आते-आते ठहर जाते।सुबह पांच बजे उठकर नहा-धोकर तैयार होकर मंदिर में पूजा-आरती करके बाहर आ बैठती।दीवार की पट्टी पर चिड़ियों को दाना और गिलहरियों को रोटियां डालती।फिर गमलों में पानी देतीं।उनके घर में स्वच्छता का प्रकाश पसरा होता और अगरबत्ती की सुगंध बाहर तक हवा में उड़ रही होती।डाइनिंग टेबल पर खाने की चीज़ें रखी होतीं।कोई भी आता… खाकर ही जाता।
उनके चेहरे की चमक और आंखों की रोशनाई देखकर उनसे कुछ भी तर्क-वितर्क करने का मन न करता।
‘हम बहुत खुश हैं।’ अम्मा प्रफुल्लित होकर बोलीं।
‘क्यों! क्या बात है अम्मा।’
‘बस अब दो दान करने को और बचे हैं।और तुम्हें समय हो तो हम लोग मथुरा-वृंदावन होकर आ जाएं।’
‘आपको घूमना है तो चलिए हम घुमा लाते हैं।आपको घूमना ही चाहिए।’
उसे थोड़ा-सा संतोष हुआ कि दान की सीढ़ियों से उतरकर अम्मा भारत दर्शन के मूड में आ गई हैं।बाहर निकलेगी… मंदिर, नदियां, प्रकृति, पहाड़ देखेंगी तो उनका मन उस तरफ आकर्षित होगा।
वह… बाहर जाने का प्लान बना ही रही थी कि पता चला गांव के मंदिर में अम्मा ने पच्चीस हजार रुपये दान कर दिए हैं।
क्या… वह जहां खड़ी थी, वहीं धम्म से बैठ गई।मीता की बेटी की फीस भरनी थी जिसके लिए उसने बैंक से लोन उठाया था।उसे भी घर में काम करवाना था।एक-एक पैसा बचाने के लिए उसे रात-दिन संघर्ष करना पड़ता है और अम्मा… अम्मा गड्डी की गड्डी दे देती हैं।खैर…
उनका पैसा है वे चाहे दान करें या फेंकें… जिसमें उनका मन खुश हो…।फिर भी वह सोच–सोचकर रो रही थी…।रातभर वह छटपटाती रही, तनाव और चिंता के मारे उसको नींद नहीं आई थी।वह भी देना चाहती है… पर… दूसरी जगह।अम्मा को समझाया जा सकता है, रोका नहीं जा सकता है…
अम्मा अपने हिसाब से एकदम सही थी? वह गलत थी? उनके जीवन का उद्देश्य! जीवन! जीवन की आवश्यकताएं! जीवन-मरण! मोक्ष! स्वर्ग-नगर! धर्म-कर्म! आस्तिक-नास्तिक… यह क्या हो गया था उसके दिल-दिमाग को, वह अम्मा और अपने बीच तुलना कर रही थी, तराजू पर तौल रही थी…।
‘अम्मा!’ उसने फोन पर उन्हें पुकारा।पर उधर से टीवी की आवाज आ रही थी।उसने बैग उठाया और चल दी।
‘अम्मा, एक बार अपनी बेटियों के बारे में सोचो।वे परेशान हैं… बहुत ज्यादा।आप अंदाज नहीं लगा सकती।अब कोई भी आपसे मांगने या बताने की मन:स्थिति में नहीं है।आपको ही पूछना चाहिए।’
‘हम कर चुके…।सबको दे चुके।जितना करना चाहिए उससे चार गुना ज्यादा।’
‘दान भी तो आप आठ गुना ज्यादा कर चुकी है।’
वह जानती है उसने अपनी सीमारेखा लांघ दी है।
‘तो तुम हमें बताओगी।समझाओगी?’
‘नहीं अम्मा… बिलकुल नहीं।’
‘आपका लंबा जीवन है।ईश्वर ने आपको लंबी आयु दी है।अच्छा स्वास्थ्य दिया है।आप बाद में भी तो कर सकती हो।’
‘क्या दुनिया के बड़े-बड़े लोग मूर्ख हैं जो अपनी सारी संपत्ति दान कर देते हैं… अपने पास कुछ नहीं रखते हैं।हमने तो कुछ भी नहीं किया।हम सोच भी नहीं सकते थे कि तुम्हारा मन इतना छोटा है।’
‘अम्मा…!’
‘मरने के बाद कौन क्या करेगा, हमें पता है।’
‘अम्मा… इसका मरने-जीने से क्या संबंध है।’
‘वहां भी तो गरीब, अनाश्रितों को भोजन, कपड़े दिए जाते हैं।रहने की जगह दी जाती है।जानवरों तक को खाना दिया जाता है।उन सबका खर्चा कौन उठाएगा? सब मिलकर ही न।तुम एक के बारे में सोच रही हो, हम अनेक के बारे में सोचते हैं।हम उनके बारे में सोचते हैं जिनका दुनिया में कोई नहीं है।’
‘तो करो न ऐसे लोगों को।’
अम्मा चुप रही।
‘अम्मा आप तो नाराज हो गईं।हमारा ये आशय नहीं था…।हम आपको उनसे भी बदतर जीवन जीने वालों के बारे में बताना चाहते हैं।एक बार आप चलकर तो देखो।’
‘इस बारे में अब कोई बात नहीं होगी।’
अम्मा ने सारे दरवाजे बंद करते हुए कहा।बातचीत के दरवाजे बंद हो चुके थे।
वह हताश-सी चुप बैठ गई।
अम्मा के चेहरे पर क्रोध की लालिमा उतर आई थी।उनका गोरा दमकता हुआ चेहरा झल्लाहट से भर गया था।उसके पर्स में अम्मा के दिए पांच हजार रुपये रखे थे, जो उन्होंने पांच साड़ियां खरीदने के लिए दिए थे, ताकि इस बार वे अपने हाथों से उन साड़ियों को गरीबों में बांट सके, उन औरतों को जो सड़क के किनारे धूप में, बारिश में, ठंड में… इस आशा में बैठी रहती हैं कि कोई न कोई तो आएगा जो उनके तन ढंकने के लिए कपड़े और पेट भरने के लिए भोजन देकर जाएगा।
संपर्क :५०३, आर्चिड, रुचि लाइफस्केप, जाटखेड़ी, होशंगाबाद रोड, भोपाल–४६२०३८, मो.9303132118

