नंदेश्वर दैमारी
बोड़ो भाषा के प्रसिद्ध लेखक। बोड़ो भाषा में दर्जनों पुस्तकें प्रकाशित। इनकी रचनाएं नेपाली, हिंदी, असमिया, कन्नड़, अंग्रेजी आदि कई भाषाओं में अनूदित हैं। कई पुरस्कारों से सम्मानित विशिष्ट लेखक।

वैद्यनाथ उपाध्याय
हिंदी, असमिया एवं नेपाली भाषा में पुस्तकें प्रकाशित। ‘गगन के उस पार’ काव्य ग्रंथ के लिए केंद्रीय हिंदी निदेशालय से हिंदीतरभाषी हिंदी लेखक पुरस्कार से सम्मानित।

सिर थोड़ा उठाकर बूढ़ी को देखा मैंने। पीछे की तरफ हिलकर चेहरे को ढक कर सो रही है। जगी नहीं है।
घर में मेरे साथ नहीं सोती है। अलग कमरा, दूसरा बिछौना चाहिए उसे।
पहले सोती थी। लड़के-बच्चे बड़े हो जाने के बाद सोती नहीं है।
अब मैं बीमार हूँ। बीमार मतलब बीमार जैसा हूँ। क्या बीमारी है, वह मुझे नहीं मालूम।
तीन साल हुआ है, पेट में जलन होती है। पेट में कुछ मांस बढ़ आया है, पेट की नाड़ियों में।
मेडिकल साइंस में ‘पॉलिप’ ऐसा कुछ बोला जाता है। यह गुवाहाटी में ही पता लग गया था। गुवाहाटी के अस्पताल में ही दो साल पहले ऑपरेशन भी किया गया। अच्छा नहीं हुआ।
उपाय नहीं है। किसी के कहने पर मैं चेन्नई आया हूँ, एपल अस्पताल में। पत्नी भी साथ है। एरोप्लेन के टिकट खरीदने के लिए पत्नी ने बीस हजार रुपये भी मुझे दिए थे, मैंने नहीं लिए।
पहली बार मैं एरोप्लेन में उठा हूँ, इसी तरह पत्नी भी। पत्नी सोचती है कि एरोप्लेन में उठना कोई बड़ी बात नहीं है, सिर्फ पैसा चाहिए। पैसा होने से कभी भी उठा जा सकता है।
मैं डर गया था। हार्ट अटैक होने से क्या होगा, ऊपर एरोप्लेन में ही कुछ हो गया तो क्या होगा, इत्यादि-इत्यादि।
गुवाहाटी गोपीनाथ बरदलै एयरपोर्ट तक छोडने आए भाई से अंतिम विदाई लेने का मन कर रहा था, नहीं लिया। न जाने क्या सोचकर अटक गया। चुपचाप रोने को मन कर रहा था, फिर भी रोके रखा। आंख से आंसू बह निकले थे। चश्मा के नीचे छुपकर रह गया । फिर लौटकर आ पाऊंगा, इसकी कोई उम्मीद नहीं थी।
एरोप्लेन के उड़ने की तैयारी शुरू होते ही पत्नी की तरफ नजर दौड़ाई। पत्नी खिड़की के पास बैठकर बाहर नजर गड़ाए हुए थी। मेरी कोई थाह नहीं ली। सेवानिवृत्त बूढ़ा, मर जाने पर भी ऐसा कोई नुकसान नहीं है, ऐसा सोचा होगा।
कुछ भी हो जाए, ऐसा सोचकर मैंने दोनों आंखें पोंछ डालीं। ऊपर एरोप्लेन के पहुंच जाने पर भी पत्नी ने अपने बैग को पकड रखा था। पत्नी का कुछ भी हिलना-डुलना नहीं, केवल बाहर नजर गड़ाए बैठी थी। ऑपरेशन करना पड़ सकता है। वह किस तरह एरोप्लेन से पहाड़, मैदान, ऊबड़-खाबड़ जमीन को देखकर खुश हो रही है। खुश मात्र नहीं, न जाने क्या क्या सोच रही है। अपने भाग्य को सराह रही होगी। बूढ़े के बीमार होने के लिए ईश्वर को धन्यवाद देती होगी शायद। बूढ़ा अगर बीमार न हुआ होता तो इस तरह से एरोप्लेन पर चढ़ने का कोई मौका न मिला होता, ऐसा सोचकर अच्छा ही लग रहा होगा उसे मन ही मन!
शाम के समय चेन्नई पहुंचे। होटल ठीक किया। होटल यानी कि लॉज। एक कमरा लेकर खुद बनाकर रात का खाना खा लिया। घर से लाया मुर्गी-मांस अच्छा नहीं लगा। काटकर टुकड़ा कर लाया था। खा लिया, सो गए दोनों। कितने सालों बाद दोनों एक साथ असुविधा के साथ सोए। रोग संक्रमण के डर से वह सुध-बुध खोकर सोई, थकी थी।
जब परिवेश शांत होता है, तब मुझे तकलीफ होने लगती है। कुछ खाने को छूट गया– जैसा लगा मुझे। दवा के छुटने जैसा। फिर से एक बार देखा पत्नी को। खर्राटे भरकर सो रही है वह। स्वर्ग है या पाताल, उसे कुछ भी पता नहीं है। अपना घर है या कहीं होटल के कमरे में सोए हुए हैं कोई अंदाज नहीं है उसे। ऑपरेशन मानो उसका हुआ है। एनेस्थेसिया का नशा मानो अभी छूटा नहीं है। केवल सो रही है।
कुछ देर पहले हिलकर सोई पत्नी प्रायः अचेत है।
सुबह जल्दी जग गया मैं। मुंह धोकर कमरे से बाहर निकल गया। हमारा कमरा दूसरे मंज़िल पर था। निचले मंजिल पर आकर गेटमेन से मिला। कुछ बाजार करने के लिए रास्ते तक निकल आया।
कुछ चलते ही बाजार मिल गया। बाजार मतलब साग-सब्जी, मांस-मछली और किराना। फिर भी मैं ढूंढ़ रहा था जो वह चीज कहीं भी नहीं है। कोई खरीदता नहीं है। उसके बिना न रह पाऊंगा जैसा लगा।
बहुत असुविधा हुई। किसी-किसी से पूछा। सबने कहा- नहीं है। इतना बड़ा शहर, क्यों नहीं है? नहीं जानते हैं क्या वे लोग, ग्राहक तो मिलते होंगे।
मैं वहां से निकल आया। शहर के राजमार्ग पर भी चला, गली-गली चला।
झट से चेन, लॉकेट आदि बेचनेवाली एक महिला को देखा। वह विभिन्न प्रकार के सागर के घोंघे का सामान बेच रही है। तरह-तरह के शंख। फूल की माला, मणि, मुक्ता-माला आदि। कुल मिलाकर उस महिला के टेबल पर विभिन्न प्रकार की चीजें खचाखच भरी हुई हैं।
मेरी नजर उन चीजों पर नहीं है, व्यवसायी महिला के ऊपर है।
इतना सुंदर भी कोई होता है इस संसार में। सुंदरी, अर्थात राजकुमारी से भी सुंदर।
राजकुमारी क्यों सुंदर होती है इस विषय पर वेद, भागवत, कुरान, बाइबल आदि में कुछ लिखा भी है क्या? मन ही मन सवाल किया मैंने। घोंघे की छाती में भी मुक्ता रहता है। औरत को ऐसा ही देखा मैंने।
वह प्रसिद्ध अभिनेत्री से भी सुंदर है, व्यवसायी महिला! किशोरी तो नहीं है, उम्र ढलती महिला भी नहीं है। वह साड़ी पहनी हुई है। साड़ी इन लोगों की जाति में जो पहनी जाती है वही पहन रखी है। सफेद रंग में हरी परत। नीले रंग का प्रिंट। देखने में मोहक। देह के साथ सजती पोशाक।
ब्लाउज कुछ नीली और हरी। नीली भी नहीं है, हरी भी नहीं है। साड़ी खरीदने की जो कला है, ब्लाउज पसंद करने में भी कला दिखती है। ब्लाउज के माप से बाहर सफेद हाथ मोहित करता है। साड़ी पहनने पर एक अलग किस्म का सौंदर्य बाहर झांकता है। उसका पुष्ट नितंब कसी हुई साड़ी के बाहर निकलने को मानो बेताब हो रहा है। घुटने से लेकर छाती तक महीन सूत से बनी लाल साड़ी का उसे ढक पाना संभव होता नहीं दिख रहा है।
नितंब निग्रो के जैसा भी नहीं है, बंगाली के जैसा भी नही है। भूटिया के जैसा भी नहीं है, बोडो के जैसा भी नहीं है। वे लोग किसी एक जाति की उपजाति के होंगे।
सभी आदमी होने पर भी सबका रहन-सहन अलग होता है। इस विषय में मेरा कोई ज्ञान नहीं है। फिर भी धर्म की किताबें, इतिहास की पुस्तकें इसी का वर्णन करती हैं। है या नहीं है, मुझे कुछ नहीं मालूम। जानना भी नहीं चाहता।
उसकी छाती का वर्णन नहीं किया जा सकता, पुष्ट छाती सूरजमुखी फूल के खिलने जैसा। उस महिला के यौवन को हरा भरा दिखाती है। यौवन की मादकता चेहरे पर है, उससे रौनक आती है। जैसे मैं किसी भरी पूरी प्रकृति को देख रहा हूँ। ओठ के लिपस्टिक से और भी मोहक दिखता है महिला का चेहरा। वर्णन करना संभव नहीं।
उम्र तीस या पैंतीस के बीच में होगी। ऊंची भी नहीं है, नाटी भी नही है। ठीक सुहावने कद की है।
काली भी नहीं है, गोरी भी नहीं है। कृष्ण वर्ण की। नीला, हरा!
वर्ण को जिस तरह बखाना नहीं जा सकता, चलने-फिरने का ढंग भी सच में मैं ठीक तरह से नहीं बता सकता। पैर से लेकर सिर तक, कमर से लेकर घुटने तक जितना बड़ा होने पर औरत सुंदर दिखती है, उसकी मांसल बांह और न जाने क्या क्या…? मंत्रमुग्ध होकर देखता रहा।
…
पीछे से फिर एकबार देखा मैंने। वह सचमुच सुंदर है। उसने मेरी ओर देखा। कुछ अन्यमनस्क होकर। मुझे ही देखा न किसी और को देखा, कहा नहीं जा सकता। औरत किसी कारणवश मुस्कराई।
उसकी देह को देखकर मैं मोहित हो गया। देह का गठन हर ओर से आकर्षक लगा। उसका हँसना सुख का था या दुख का पता नहीं चल सका।
महिला का हँसता चेहरा मूवी कैमरा से खींचने पर निश्चय ही पुरस्कार के लिए सब से अच्छा फोटो होता। उस चित्र को देखकर मन भरता ही नहीं। देखते रहने पर देखनेवाला सुध-बुध खो बैठता है। मैं यही सोच रहा था, पास में खड़ा होकर।
उसके होंठ से शृंखलित चमकीले दांतों का सौंदर्य झलकता है। सोचा मैंने- महिला किस जाति की होगी। चेन्नई में कौन-कौन सी जाति के लोग रहते हैं मुझे नहीं मालूम। हमारे राज्य में लेकिन अलग-अलग जाति के लोग हैं। बोडो, नेपाली, असमिया, आदिवासी इत्यादि। हमारे यहां भी कुछ तो है। असमिया और बोडो पुरुष-महिला अलग-अलग दिखते हैं। मुसलमानों जैसे लंबी दाढ़ीवाले लोग अब बोडो गांवों में भी दिखने लगे हैं। सीमा क्षेत्रों में ऐसे ही दिन-रात बच्चों का जन्म होता रहता है!
मुस्लिम के साथ सटे बोडो गांव में ऐसा क्यों होता है, कारण नहीं जाना जाता। परिवेश के कारण हो सकता है। भूटान के समीप की बोडो लड़कियां कहीं भूटानी जैसी, कहीं नेपाली जैसी दिखती हैं। फिर मैंने उस औरत जाति के बारे में सोचना छोड़ दिया।
औरत को देखते समय सामान खरीदने आए कुछ लोग मुझे बाहर से आया देखकर एकटक देखने लगे, जैसे किसी नए मंत्री से मिलने के लिए आतुर हों। कुछ बोला नहीं गया मुझसे। मुंह नहीं खोला मैंने। आपलोग … आपलोग जो देख रहे हो, उसे मैं नहीं देख रहा। आपलोग क्या देख रहे हैं। मैं क्या देख रहा हूँ?
चुपचाप कुछ दूर सरक गया।
कुछ दूर जाकर फोन पकड़ा मैंने। पत्नी का फोन था।
आ जाइए, कहकर पत्नी बार-बार बुला रही है।
मैंने भी सोचा- मैं टहलने नहीं आया हूँ। किसी को देखने भी नहीं आया हूँ। बहू पसंद करने भी तो नहीं। कल ही मेरा आपरेशन होगा, जल्दी अस्पताल पहुंचना होगा। आज हार्ट, पेशाब, खून आदि का टेस्ट कराना है।
पत्नी को ऑपरेशन के बाद मृत शरीर लेकर भी जाना पड़ सकता है। कुछ भी नहीं कहा जा सकता।
असल में बैग के भीतर विभिन्न चीजों के बीच छिपाकर लाए गए डिब्बे को गुवाहाटी एयरपोर्ट में पुलिस ने न रख दिया होता तो ठीक था। उस डिब्बे को डास्टबिन में फेंक दिया गया। घर से ही लाए गए लाल तंबाकू के डिब्बे को।
उस चीज को चेन्नई की गलियों में ढूंढ़ने निकला, पर तंबाकू बेचनेवाली दुकान एक भी नहीं मिली। तंबाकू खाना नहीं सीखा है क्या इन लोगों ने।
यह सब सोचकर लौटते वक्त एक बार फिर उस औरत को देखा। आंख से आंख मिलाकर देखा। उस पगली ने भी मुझे देखा।
संसार बहुत विचित्र है। ऑपरेशन ठीक-ठाक होने पर ही घर लौट सकेंगे। दो दिन और जी लें। संसार को देख लें।
संपर्क : नंदेश्वर दैमारी: मनिपुरी बस्ती, उदालगुड़ी-784509, बीटीआर, असम। मो.9101240467
संपर्क: वैद्यनाथ उपाध्याय: खांखलाबारी, उदालगुड़ी-784509, बीटीआर, असम, मो.7002580050


