सीताराम जी सेकसरिया
जिनकी प्रेरणा सदा साथ है

कुसुम खेमानी
अध्यक्ष, भारतीय भाषा परिषद

 

सीताराम जी सेकसरिया में बचपन से ही शिक्षा के प्रति, विशेषकर स्त्री शिक्षा के प्रति गहरा रुझान था। इसलिए उन्होंने समाज सुधार के कार्यक्रम के साथ-साथ कलकत्ते में अनेक विद्यालयों, अस्पतालों और संस्थाओं का निर्माण किया। उन संस्थाओं में एक भारतीय भाषा परिषद है। उनकी खास बात यह थी कि वे समय की मांग के अनुरूप ढल जाते थे। एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में स्थापित हो जाने के बावजूद उन्होंने तय किया कि वे मध्यवर्ग की लड़कियों के लिए एक हिंदीभाषी स्कूल मध्य कलकत्ते में खोलेंगे। उस समय कलकत्ते के एक श्रेष्ठी ने उनसे कहा कि यदि वे इस स्थान पर स्कूल खोलेंगे, तो उनसे किसी चंदे की उम्मीद न रखी जाए। इसपर सीताराम जी ने विनम्रता से उत्तर दिया -‘जी, ठीक है।’ वह स्कूल केवल बना ही नहीं, बल्कि ऐसा बना कि आज उसमें लगभग सात हजार लड़कियां पढ़ रही हैं। सीताराम जी की दूरदर्शिता की इंतिहां देखिए कि उन्होंने आज से 56 वर्ष पहले उसमें महिलाओं के लिए एक ‘संतरण-ताल’ बनवाया, जहां आज तक कम से कम 30 हजार महिलाएं और लड़कियां संतरण में प्रशिक्षित हुईं। सोचने की बात है कि आखिर ‘सीताराम सेकसरिया’ नामक जीव में वह कौन-सा अनोखा तत्व था, जिससे वह बचपन से ही अपनी अलग पंक्ति रचता था और उसपर चलकर सफलता के शिखर छू लेता था। सीताराम जी न केवल मानसिक रूप से, बल्कि देखने-सुनने में भी संवेदना, करुणा आदि तरल तत्वों से रचे हुए लगते थे। उन्हें देखकर ऐसा लगता था जैसे वे मुनष्य नहीं, गंधर्व हैं। इस धरती के होते हुए भी उनके सारे अवयव किन्हीं अलौकिक तत्वों से बने हुए हैं।

आश्चर्यजनक है यह जानना कि वे विभिन्न धुरों के शिखर पुरुष, जैसे – गांधी जी, सुभाषचंद्र बोस, रवींद्रनाथ ठाकुर आदि सभी के अत्यंत करीब थे। सीताराम जी ने राष्ट्रीय स्वाधीनता संग्राम एवं सामाजिक जागरण में सक्रिय भाग लिया और जेल भी गए। उन्होंने नारी-उत्थान के लिए कई स्मरणीय कार्य किए। जमीन से जुड़कर खादी का प्रचार-प्रसार किया, साथ ही बंगालियों की कला और संस्कृति से प्रभावित होकर हिंदीभाषी लड़कियों के लिए ऐसे स्कूल खोले जिनमें गायन, नृत्य आदि की भी कक्षाएं होती थीं।

सीताराम सेकसरिया द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों की सूची इतनी बड़ी है कि यदि उन्हें एक के ऊपर एक रखी जाए तो उनकी ऊंचाई शायद सर्वाधिक ऊंचे स्तूप से भी ऊंची हो। उनकी करुणा के विस्तार का दायरा इतना बड़ा था कि हर कोई उन्हें अपना मानने लगता था। सुबह से शाम तक उनके यहाँ बेघर लोगों का तांता लगा रहता था, उनकी वे यथाशक्ति मदद करते थे।

‘कोहिनूर’ समान सीताराम सेकसरिया पर लिखना ‘महाकठिन’ है, क्योंकि जब मैं उनके एक कोण को पकड़ने का प्रयास करती हूँ, उसी क्षण दूसरा कोण उससे दुगनी चमक लिए दमकने लगता है, और जब उस दूसरे कोण को पकड़ने दौड़ती हूँ, तो ऐसा ही आभास अन्य कोणों को भी देखकर होता है।

दरअसल किस्सा उस ‘सीताराम’ का है जिसकी स्वयं की दौड़ का कोई अंत नहीं था। इसलिए मैं यह क्षमा याचना करने को बाध्य हो जाती हूँ कि सीताराम जी की कीर्तियां अनंत-असीम हैं और मेरी कलम एवं बुद्धि ससीम।

संस्थापकों की दूरदृष्टि के कारण
परिषद स्वावलंबी है

नंदलाल शाह
(पूर्व मंत्री, भारतीय भाषा परिषद)

 

भारतीय भाषा परिषद साहित्य की समृद्धि के लिए कलकत्ता के सबसे प्रमुख इलाके में चार तल्ले की अपनी इमारत में स्थित है। इसकी परिकल्पना और स्थापना स्वर्गीय सीताराम जी सेकसरिया और भागीरथ जी कानोड़िया ने की थी। दोनों मित्रों ने कई संस्थाओं की स्थापना कोलकाता और राजस्थान में की। इन्होंने कई संस्थाओं के संचालन में भी मदद की। कोलकाता में लड़कियों की शिक्षा के लिए श्री शिक्षायतन स्कूल एवं कॉलेज की स्थापना की, जिसमें आज 5,000 लड़कियां प्राइमरी से ग्रेजुएशन तक शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।

उद्योगपति भागीरथ जी ने अपने मित्र सीताराम जी सेकसरिया के साथ अपने जीवन का अधिकांश भाग केवल सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में संमर्पित कर दिया था। इन मित्रों की जीवन शैली से प्रेरणा प्राप्त कर विश्वंभरदयाल जी सुरेका भी अपने जीवन के अंतिम 25 वर्षों में अपने लड़कों को व्यापार संभला कर पूरे तन-मन-धन से फकत सामाजिक कल्याण के लिए कार्य करते रहे।

कोलकाता जैसे विराट शहर में साहित्यिक विकास के लिए सबसे समृद्ध और कीमती इलाके में 30,000 वर्ग फीट की बुलंद इमारत बनवा कर उसे एकमात्र साहित्यिक कार्य हेतु समर्पित कर देना सीताराम जी सेकसरिया और भागीरथ जी कानोड़िया की सूझबूझ, भारतीय भाषा परिषद के प्रति उनके समर्पण और उनके व्यक्तित्व की सार्थकता का चिह्न है। फिलहाल निजी क्षेत्र में  साहित्यिक कार्यों के लिए ऐसी स्वावलंबी व्यवस्था भारत में अन्यत्र कहीं उपलब्ध नहीं है। इसके संस्थापकों की शुरू से दूरदृष्टि संस्था को स्वावलंबी बनाने की थी।

हिंदी के शीर्षस्थ साहित्यकार इस संस्था के निदेशक और इसकी मासिक पत्रिका ‘वागर्थ’ के संपादक रहे हैं। ‘वागर्थ’ का प्रकाशन परिषद के निदेशक एवं पत्रिका के प्रथम संपादक डा. प्रभाकर श्रोत्रिय ने 1995 में प्रारंभ किया था। उनके अलावा इसके संपादक श्री विनोद दास, श्री हिंमांशु जोशी, डॉ. कुसुम खेमानी, श्री रवींद्र कालिया, प्रो. इंद्रनाथ चौधरी, डा. विजय बहादुर सिंह, डा. एकांत श्रीवास्तव जैसी महान साहित्यिक हस्तियां रही हैं और अब डा. शंभुनाथ हैं।

संस्था के निदेशक भी महान साहित्यकार डा. प्रभाकर माचवे, डा.पांडुरंग राव, डा.बालशौरि रेड्डी, डा.प्रभाकर श्रोत्रिय, डा.ममता कालिया, प्रो.इंद्रनाथ चौधरी, डा.विजय बहादुर सिंह रहे हैं। संस्था इनकी ऋणी है। अब डा.शंभुनाथ इसके निदेशक हैं।

कलकत्ते में हिंदी की साहित्यिक पुस्तकों की दुकानें बंद-सी होती गईं। एक-आध बची हैं, परंतु साहित्यिक किताबों की एक मुकम्मल दुकान परिषद भवन में सड़क के किनारे अभी भी सक्रिय है।

भारतीय भाषा परिषद द्वारा प्रतिवर्ष सभी भारतीय भाषाओं में पुरस्कार दिए जाते हैं, जिनमें चार कृतित्व समग्र सम्मान और चार युवा पुरस्कार हैं। साहित्य की हर विधा में अनेक भाषण, सेमिनार, सम्मेलन परिषद की दिनचर्या हैं। 20 हजार पुस्तकों के पुस्तकालय में अनेक पत्र-पत्रिकाएं भी उपलब्ध हैं। परिषद का सभागार (200 सीटें) और सभाकक्ष (60 सीटें) शीतताप नियंत्रित हैं। भव्य मंच, सुसज्जित कुर्सियां, जलपान की व्यवस्था इसकी हर सांस्कृतिक गतिविधि के लिए उपलब्ध है। इसके संगीत आयोजन, कवि सम्मेलन जैसे विविध कार्यक्रम पूरे शहर में कला-साहित्य और संस्कृति के विकास में सहायक रहे हैं।

भारतीय भाषा परिषद ने विगत वर्षों में अनेक महत्वपूर्ण ग्रंथों का प्रकाशन किया है। शंभुनाथ जी के प्रधान संपादन में लगभग 5 हजार पृष्ठों के ग्रंथ ‘हिंदी साहित्य ज्ञानकोश’ की रचना की गई है। इसमें 2,660 प्रवृष्टियां लगभग 250 साहित्यकारों द्वारा रचित प्रवृष्टियां हैं। यह कार्य लगभग 50 लाख रुपए के बजट पर निर्धारित 3 वर्ष में पूरा हुआ है। वाणी प्रकाशन, नई दिल्ली इसका सज्जाकार और एकमात्र वितरक है।