वरिष्ठ हिंदी कवि और गद्यकार। ‘नवभारत टाइम्स’ सहित कई प्रमुख पत्रिकाओं में संपादकीय दायित्व का निर्वाह। ‘रात–दिन’ और ‘ईश्वर की कहानियाँ’ विशेष रूप से चर्चित। अद्यतन पुस्तक ‘आदमी की पूंछ’ (व्यंग्य का एक चयन)।

यह उस समय की बात है, जब सारे विरोध और अंतर्विरोध गहरे दफ्न हो चुके थे। पूंजीपति, मजदूरों को कभी-कभी गले लगा लिया करते थे, कभी-कभी उनके साथ चाय पी लेते थे, बिस्किट खिला देते थे। कभी-कभी कृपापूर्वक उनका हालचाल पूछ लिया करते थे। कभी-कभी वे किसी-किसी की हजार-दो हजार की मदद कर दिया करते थे। किसी युग के किसी सन में किसी की पचास हजार तक की मदद करने की ऐतिहासिक घटना घटने की अफवाह-सी थी। इस सबसे मजदूर इतने प्रभावित थे कि सबकुछ भूल चुके थे। पूंजीपतियों के गीत गाने लगे थे, उनकी हर बात मानने लगे थे। वे जितनी भी मजदूरी देते थे, ले लेते थे। पहले से कम देते थे तो भी खुशी-खुशी मंजूर कर लेते थे और ऊपर से धन्यवाद देना नहीं भूलते थे।

उन्हें अच्छी तरह समझाया जा चुका था और उन्हें समझ में आ चुका था कि पैसों से कोई सुखी नहीं होता। मन की खुशी ही असली खुशी है। पूंजीपति स्वयं अपना उदाहरण देते हुए कहते कि आप लोग समझते हो कि हम सुखी हैं? आपको मालूम है कि मुझे और उसको और उसको कितने रोग हैं, लाखों रुपए हर महीने डॉक्टरों को देते हैं। आज इसी कारण से, आपके आशीर्वाद से, हम आप मजदूर भाइयों-बहनों के सामने उनके हित में यहां खड़े हैं। इस पर खूब तालियां बजतीं। उनकी जय बोली जाती। वे आगे कहते, आज हम मन से दो रोटियां तक नहीं खा पाते। शरीर धर्म की रक्षा के लिए खाना मजबूरी है तो बेमन से किसी तरह बिना घी की कभी एक, कभी दो रोटी खा लेते हैं। अब हम बदल नहीं सकते। हमारा शरीर सुविधाओं का इतना अभ्यस्त हो चुका है, इतनी बीमारियां पाल चुका है कि अब चाह कर भी कुछ हो नहीं सकता। अब समझ में आ रहा है कि मजदूरों-सा सुख हमारी किस्मत में नहीं था, न कभी होगा। इतना कहकर वे अकसर टसुए बहाने लगते। हथेलियों से अपना सिर फोड़ने लगते। ईश्वर को दोष देने लगते कि पूर्व जन्म में हमने क्या पाप किया था जो तूने हमें मजदूर न बनाकर पूंजीपति बना दिया?

पूंजीपतियों को इतना दुखी देखकर मजदूरों का दिल पिघलकर मोम हो जाता। वे अपने को पूंजीपतियों से अधिक सुखी समझने लगते। कहते कि यह हमारे पूर्व जन्मों का संचित फल है कि हम मजदूर के घर में पैदा होकर मजदूरी कर रहे हैं। जीवन का असली सुख, करोड़ों और अरबों के ये मालिक क्या जानें?

इस वातावरण में हड़ताल और तालाबंदी का युग जा चुका था। ट्रेड यूनियनों की जरूरत खत्म हो चुकी थी।

मर्द किसी भी बात पर औरत को रूई की तरह धुन डालते। थोड़ी देर बाद कुछ सोचकर उसकी मलहम पट्टी करते, उसके गाल चूमते, उसकी खूबसूरती और वफादारी की तारीफ करते। इसके बाद औरत और मर्द मिलकर मोहम्मद रफी और लता मंगेशकर की तर्ज पर तू मेरी ये और मैं तेरा वो गाते। आसपास के सभी मर्द और सभी औरतें भी इन्हीं उपायों से सुखी और संतुष्ट थे। नेता जोर का झटका धीरे से देते और जनता के साथ मटक-मटक कर नाचते।

पहले सत्य को असत्य से काफी जूझना पड़ता था, फिर भी सत्य पर अकसर ही असत्य की विजय हो जाती थी। किसी को इस पर आश्चर्य भी नहीं होता था बल्कि इसके विपरीत होने पर लोग चकित हो जाते थे। जरूर इसके पीछे कोई बड़ा षड़यंत्र है, ऐसा मानते थे। सरकार जासूसी शुरू कर देती थी कि असत्य पर सत्य की इस विजय का मास्टरमाइंड कौन है और कहां है? उसकी खोज होती। अगर वह जज भी होता तो उसे किसी न किसी बहाने, किचन किसी आरोप में पकड़ लिया जाता और मार दिया जाता या जेल में सड़ा दिया जाता। मार दिया जाना तब  हवा और पानी की तरह स्वाभाविक हो चुका था, जैसा कि आज है।

वक्त बदला। रणनीति आगे बढ़ी। सत्य और असत्य में घनघोर मैत्री का अभूतपूर्व युग आरंभ हो गया। यह दोस्ती दुनिया के सामने अनोखा उदाहरण बन गई। इसे हमारी संस्कृति की विजय के रूप में निरूपित किया गया। अब जहां भी असत्य संकट में फंसता, सत्य उसकी मदद के लिए दौड़ पड़ता और इसके विपरीत भी होता। दोनों सगे भाई जैसे लगते। एक के बगैर दूसरे का गुजारा नहीं था। दोनों की शक्ल-सूरत तक एक सी हो गई थी। चाल-ढाल, कपड़े तक एक से हो गए थे।

असत्य को अकसर सत्य और सत्य को असत्य समझ लिया जाता। अगर एक के पास समय नहीं होता तो दूसरा उसकी ड्यूटी बजाने चला जाता। मामला जटिल होता तो दोनों जाते और जैसे भी संभव होता, मसला हल करके आते। चाहे इसके लिए जो भी करना पड़े।

जातिप्रथा और सांप्रदायिकता का विरोध बंद हो चुका था। व्यापक सहमति थी कि दोनों का होना देश के व्यापक और दीर्घगामी हितों के लिए आवश्यक है वरना यह देश कभी प्रगति नहीं कर पाएगा, विश्व की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत नहीं बन पाएगा। विश्व की तीसरी बड़ी ताकत बनना इतना आवश्यक हो चुका था कि जातिप्रथा और सांप्रदायिकता को सुजनों ने गले लगा लिया था।

मतलब विरोध और अंतर्विरोध सभी रूपों में समाप्त हो चुके थे। किसी विचारधारा का किसी विचारधारा से विरोध नहीं था। सर्वत्र सर्वसम्मति का सुखद वातावरण था। किसी पार्टी का किसी पार्टी से विरोध नहीं था। चोर का पुलिस से और पुलिस का चोर से तो पहले भी विरोध नहीं था। अब तो जिसके घर में सेंध लगाई जाती, उसका भी चोरों और पुलिस से विरोध समाप्त हो चुका था। ले जाओ, जो ले जाना हो मगर जान बख्श दो, इसपर सहमति थी। तब चोर, पुलिस के संरक्षण में मकान मालिक की सहमति से सब काम कर लेते, जिसे नैतिक रूप से चोरी कहना भी गलत है। फैशन मल्टीकलर राष्ट्रवाद का था। दुकानों में हरेक की पसंद का राष्ट्रवाद सुलभ था। गरीब भी अगर मल्टीकलर राष्ट्रवाद पसंद करते तो उन्हें सरकार इसके लिए सब्सिडी देती थी।

फिर एक दिन घोषणा हुई कि कलयुग जा चुका है, सतयुग आ चुका है। साधु-संतों ने भी यही कहा। मौलवियों से पूछा गया तो उन्होंने असहमति प्रकट नहीं की। फिर जो जहां भी था, सबने कहा कि कलयुग जा चुका है, सतयुग आ चुका है। टीवी ने, अखबार ने, फिल्मों ने, सोशल मीडिया ने कहा कि सतयुग आ चुका है। गली-गली, मोहल्ले- मोहल्ले पोस्टर चिपक गए, बैनर लग गए- सतयुग आ चुका है। सरकारी गजट में  छप चुका कि सतयुग आ चुका है। जगह-जगह सतयुग महोत्सव, सतयुग महामहोत्सव और सतयुग महामहामहोत्सव आयोजित होने लगे।

बस एक ही अविश्वसनीय घटना हुई कि एक बच्चे ने इस सबसे ऊब कर टीवी फोड़ दिया, मोबाइल तोड़ दिया, इंटरनेट का तार तोड़ दिया, पोस्टर फाड़ दिए।

उसके बाद उस घर से वह बच्चा गुम हो गया,  सतयुग भी गुम हो गया और एक दिन वह घर और उसके प्राणी भी गुम हो गए। इस मामूली घटना के अलावा कहीं एक पत्ता तक नहीं खड़का, कोई कुत्ता तक नहीं भौंका। किसी को कोई गम नहीं हुआ, क्योंकि सच तो यह था कि कलयुग जा चुका था, सतयुग आ चुका था।

संपर्क सूत्र : ए-34, नवभारत टाइम्स अपार्टमेंट, मयूर विहार, फेज-1, दिल्ली-110091  मो. 9810892198