![]() |
![]() |
| विवेक कुमार शोधार्थी, मानवविज्ञान एवं जनजाति अध्ययन विभाग, झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय, राँची। |
महेंद्र कुमार जायसवाल शोधार्थी, मानवविज्ञान विभाग, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा (महाराष्ट्र) |

लोककथाएं किसी समाज के इतिहास का मौखिक वर्णन हैं। वे संस्कृति का दर्पण होती हैं। उनसे पता चलता है कि समाज की रूपरेखा कैसी होनी चाहिए और कोई लोक समुदाय अपने लिए कैसी संस्कृति चाहता है। व्यक्तिगत एवं सामाजिक व्यवहार कैसा होना चाहिए, इसका विवरण लोककथाओं में मिलता है। कुल मिलाकर कोरकू की लोककथाएं एक आदर्श जीवनशैली स्पष्ट करती हैं।
कोरकू जनजाति का विस्तार महाराष्ट्र से होते हुए मुख्यतः मध्यप्रदेश के खंडवा, बैतुल, हौशंगाबाद, निमाड़, छिंदवाड़ा आदि जिलों में है। कोरकू महाराष्ट्र के अमरावती जिले में धारणी तहसील एवं चिकलधरा तहसील में रहते हैं जो मेलघाट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आता है। यह वनाच्छादित क्षेत्र है। इन इलाकों में कई बार बाघों ने कोरकू समाज के लोगों पर हमला किया है। उनके घरों में बंधे बकरी, गाय-भैंस के बच्चे एवं कुत्ते आदि वे घात लगाकर उठा ले जाते हैं।
इन प्रकरणों को कोरकू अपने समाज के लोगों को बतलाते रहते थे। इसलिए उनकी कथाओं में उनकी शौर्यगाथा से लेकर जंगली जानवरों से जुड़े डर तथा आतंक भी विषय है। कोरकू में मौजूद लोककथाएं एक समान नहीं हैं। वे स्थान और समूह के साथ बदलती हैं। लोककथाएं सामान्यतः समाज का ऐसा ज्ञान स्तंभ हैं, जिसे लोग पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेज कर रखते हैं। सरल समाज में लिखित माध्यम की तुलना में मौखिक माध्यम ही सर्वप्रचलित हैं।
कोरकू जनजाति अपनी सामाजिक गतिविधियों का संचालन सदियों से प्रकृति से जुड़कर करती चली आ रही है। यह एक कृषक जनजाति है। उसकी लोककथाओं में बैल तथा अन्य घरेलू पशुओं का जिक्र जरूर होता है। प्रकृति के मिथक इनको सकारात्मक रूप से ऊर्जावान बनाते हैं। भगवान महादेव कोरकू के सबसे बड़े देवता हैं। इसके अतिरिक्त रावण को कोरकू अपना इष्ट देवता मानते हैं, हालांकि इस क्षेत्र में रावण का एक भी पूजा स्थल नहीं है। रावण से संबंधित धार्मिक भावना केवल आदर-सम्मान देने तक सीमित है। फिर भी मुठवा से जुड़े पत्थरों के समूह में रावण का भी एक पत्थर होने की बात कही जाती है। कोरकू की उत्पत्ति जिन-जिन गोत्रों से हुई है, वे उनका भी सम्मान करते हैं। महिलाएं प्रायः गोत्र संबंधी चिह्नों को ‘गोदना’ के माध्यम से अपने हाथों या शरीर के अन्य भागों पर रखती हैं।
बैल के दांत
इस कोरकू लोककथा में राजा को यह सुझाव दिया जाता है कि उन्हें अपने से छोटे अथवा गरीब के घर में भोजन करना चाहिए। ऐसा करने से उन्हें भगवान की कृपा होगी। उन्हें पुत्र प्राप्ति भी होगी। राजा इस सुझाव को मानते हुए अपने नौकर के घर में भोजन करते हैं। ऐसा मानना है कि भोजन कराने से देवी-देवताओं की कृपा होती है। राजा इसलिए भी भोजन करता है कि उसे पुत्र की चाहत है। कोरकू एक पितृसत्तात्मक समाज है। पिता की संपत्ति पर पुत्री का कोई अधिकार नहीं होता। इसलिए लोककथा में भगवान से पुत्र की कामना की गई है। लोककथा में राजा को भेंट स्वरूप ‘बैल’ दिया जाता है, जो कृषि-प्रधान कोरकू जनजाति का व्यवहार प्रदर्शित करता है। लोग बैलों को मारते नहीं हैं। लोककथा में है कि बैल को मारने पर उसका ऊपर का दांत टूट जाता है। आज तक बैल के ऊपर के दांत नहीं आए हैं।
पैसों का झाड़
इस लोककथा में राजा अकेले पैसे की खेती करता है, ताकि उसका लाभ वह अकेले उठा सके। लालच का परिणाम हमेशा नुकसानदायक ही होता है, राजा का सारा पैसा खत्म हो जाता है। कोरकू ग्राम जीवन में सामूहिकता पर विशेष बल है। कोरकू एक ‘स्वप्नदर्शी’ जनजाति है। उनका ग्राम निर्माण भी स्वप्न के आधार पर है। आज भी कोरकू रोजाना सुबह उठकर रात में देखे हुए सपने के बारे में बातचीत करते हैं। अगर पूर्वज उनके सपनों में अच्छी बातों को बताते हैं तो वे उसे शुभ संकेत मानते हैं, अगर बुरी बातों को बताते हैं तो वे इस पर गहन विचार भी करते हैं एवं उसके समाधान के लिए जो बन पड़ता है वे करते हैं।
मेहनत की कमाई
इस लोककथा में राजा अपने पूर्वजों की दी हुई सोने-चांदी के जवाहरात व सिक्के दान में देते हैं। वर्तमान में कोरकू के पास पहले जैसे आभूषण नहीं हैं। उनके पूर्वजों के पास चांदी के आभूषण हुआ करते थे। इस लोककथा में भगवान महादेव का योगी के वेश में आना व उन्हें जीवन का अनमोल शिक्षा देना कोरकू समाज में ‘अतिथि देवो भवः’ वाक्य को चरितार्थ करता है। कोरकू लोककथाओं में अतिथि सत्कार का वर्णन किसी न किसी रूप में आ ही जाता है।
दान का महत्व
कोरकू का भील जनजाति को नापसंद करने के पीछे की वजह यह है कि काफी पहले भील जनजाति के लोगों ने कोरकू जनजाति की संपत्तियों की लूटपाट की थी और उनके चांदी के आभूषणों को उनसे छीन लिया था। इस लोककथा में भील भयंकर जंगली जानवरों के बीच में रहते हैं। लोककथा में बाघ के द्वारा भीलनी को खाया जाना इसका संकेत है कि कोरकू अपनी कथाओं में भील को सुखी नहीं देख सकते। यह लोककथा पुनर्जन्म पर भी प्रकाश डालती है। कोरकू पुनर्जन्म में विश्वास रखते हैं। उनका मानना है कि अगर किसी व्यक्ति के साथ उसके पूर्व जन्म में अन्याय होता है तो उसे इस जन्म में न्याय जरूर मिलेगा। इस जन्म में किए गए पाप की कीमत अगले जन्म में चुकाने होंगे।
जादू की कड़ी
लोककथा में महादेव एवं पार्वती के निष्ठावान प्रेम संबंध के बारे में बताया गया है। पार्वती भगवान महादेव को ढूंढ़ती है और अपना गृहस्थ जीवन बरबाद होने से बचा लेती हैं। इसी प्रकार कोरकू महिलाएं अपने परिवार को बचाती हैं। पहले कोरकू पुरुष बहुपत्नी वाले होते थे, लेकिन शिक्षा के कारण वे अब एक विवाह पद्धति का पालन करते हैं।
निष्कर्ष
कोरकू लोककथाओं में शिव, रावण, मेघनाथ आज भी सुनने को मिलते हैं। इसके अलावा इनके इष्ट देवता मुठवा से जुड़ी लोककथा है। इनकी हर लोककथा एक सामाजिक सीख है। कोरकू लोककथाओं में पुरुषों का वर्णन एक मेहनती और हिम्मत न हारने वाला व्यक्ति के रूप में है। वहीं महिलाएं परीक्षा से गुजरने वाली तथा अपने चरित्र को साबित करने वाली होती हैं। इससे इस जनजाति की पितृसत्तात्मकता स्पष्ट हो जाती है।
विवेक कुमार
पीएच.डी. अनुसंधान विद्वान, मानव विज्ञान और जनजातीय अध्ययन विभाग, झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय, रांची (झारखंड) मो.7992245259
महेंद्र कुमार जायसवाल
शोधार्थी, मानवविज्ञान विभाग, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, गांधी हिल्स-442001 वर्धा (महाराष्ट्र) रूम नंबर- 69, छत्रपति संभाजी महाराज छात्रावास मो.9554783277



अतिउत्तम
सराहनीय आलेख
Excellent Article