युवा कवयित्री। हिंदी और भोजपुरी की विभिन्न पत्रिकाओं और एक साझा संग्रह में कविताएं प्रकाशित। संप्रति अध्ययन।

वह

वह बहना चाहती है
जैसे खेतों में बहता है नदी का जल
लहलहाती फसलों की तरह
हर मुश्किल का वह सामना करना चाहती है

तुम हटा दो उसके मन के मुहानों पर
जम आई कुंठाओं की मिट्टी
उसके प्रवाह को धीमा करने वाले
हर कारक को हटा दो

फिर वह किसी मुश्किल यात्रा में नहीं ठहरेगी
फिर उसके सपनों में लहलहाएगी फसल
दानों में भरेगा दूध
झुक झुक जाएंगी बालियां
खुशबू से भर जाएंगे सिवान

वह बहना चाहती है
उसे रोको मत।

ये बारिश

लगी रही बूंदों की झड़ी
टूटी नही सारी रात लड़ी

भरी भरी धरती पर
चुनरी हरी हरी
राह पर
लगी रही टकटकी

तुम्हें पता है न
जाएगी तो
यह बारिश
अगले साल आएगी।

संपर्क :विद्यार्थी,  इंटरमीडिएट कॉलेज, जगदीशपुर, बरडीहा, जनपद– कुशीनगर (उ.प्र.)ईमेल :  drvinda@gmail.com