
अख़बार और पत्रिकाएं बहुत जमा हो गई थीं। रखने की जगह न रह गई थी। छोटे से घर में क्या क्या जमा करें? अपने लिए ही जगह कम पड़ने लगी थी। कबाड़ी ने आवाज़ लगाई तो उसे बुला लिया। अख़बार तो उसने तोल लिए।
अब नंबर आया मैगज़ीन का। उसपर उसने नाक-भौं चढ़ानी शुरू की। उनमें वह छटनी करने लगा और उर्दू के मैगज़ीन्स निकाल कर अलग कर दिए।
मैंने पूछा, ‘इन्हें अलग क्यों कर रहे हो?’
वह बोला, ‘इन्हें नहीं ख़रीदेंगे।’
‘क्यों?’
‘ये उर्दू के हैं।’
‘तो!’
‘जहां हम जाकर बेचते हैं, वह नहीं लेता।’
‘क्यों नहीं लेता?’
‘पता नहीं साहब… अब हम क्या जानें? कहता है कि उर्दू के अख़बार और पत्रिकाएं न लाया करो।’
मैंने हैरत से उसकी बात सुनी और सोचने लगा कि आखिर यह सब हो क्या रहा है? तभी छत से सीढ़ियां उतरती पत्नी की आवाज सुनाई दी।
‘अरे…सुनते हो, छत की दरारें गहरी हो रही हैं। समय रहते उनका भरना बहुत ज़रूरी है!’
178/247 गोलागंज, लखनऊ-226018 मो.9889053590
